NEW English Version

प्रधानमंत्री ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन 2023 का उद्घाटन किया

ग्लोबल ट्रेड शो का उद्घाटन किया और इन्वेस्ट यूपी 2.0 लॉन्च किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन 2023 का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान, उन्होंने ग्लोबल ट्रेड शो का भी उद्घाटन किया और इन्वेस्ट यूपी 2.0 लॉन्च किया। उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन 2023, उत्तर प्रदेश सरकार का प्रमुख निवेश शिखर सम्मेलन है, जो व्यापार के अवसरों का सामूहिक रूप से पता लगाने और साझेदारी बनाने के लिए दुनिया भर के नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, थिंक टैंक और राजनेताओं को एक मंच पर लाएगा। प्रधानमंत्री ने प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने इस अवसर पर अपने विचार प्रस्तुत किये। कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि भारत उल्लेखनीय उद्यमशीलता और नवाचार दिखा रहा है। उन्होंने देश के आर्थिक परिदृश्य में नई ऊर्जा का संचार करने का श्रेय प्रधानमंत्री को दिया। मुकेश अंबानी ने कहा कि इस वर्ष के बजट ने भारत के एक विकसित राष्ट्र के रूप में उभरने की आधारशिला रखी है। उन्होंने कहा कि पूंजीगत व्यय के लिए अधिक आवंटन से आर्थिक विकास तथा सामाजिक कल्याण और अधिक होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में काफी बदलाव आया है और प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता एवं क्रियान्वयन पर ध्यान केन्द्रित करने से एक साहसिक नया भारत आकार ले रहा है। टाटा संस के अध्यक्ष नटराजन चंद्रशेखरन ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व ने ऐसी स्थिति पैदा कर दी है, जहां भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। “यह केवल आर्थिक विकास नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री ने 360-डिग्री विकास को सक्षम किया है।” उन्होंने कहा कि अवसंरचना और खपत के जरिये बजट का आवंटन विकास सुनिश्चित करेगा और हम ग्रामीण विकास भी देखेंगे। ज्यूरिख एयरपोर्ट एशिया के सीईओ श्री डेनियल बिर्चर ने कहा कि जिस तरह भारत आजादी के 75 साल मना रहा है, उसी तरह ज्यूरिख एयरपोर्ट भी अपनी 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। उन्होंने भारत के साथ लंबे समय से चली आ रही साझेदारी का उल्लेख किया, जब ज्यूरिख हवाई अड्डे ने दो दशक पहले बेंगलुरु हवाई अड्डे के विकास में सहयोग किया था और वर्तमान में नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का विकास कर रहा है। उन्होंने यमुना एक्सप्रेसवे के साथ नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सीधे सड़क-संपर्क को रेखांकित किया। डिक्सन टेक्नोलॉजीज के अध्यक्ष श्री सुनील वचानी ने कहा कि भारत में बेचे जाने वाले लगभग 65 प्रतिशत मोबाइल फोन, उत्तर प्रदेश में निर्मित हो रहे हैं। उन्होंने राज्य को विनिर्माण केंद्र बनाने का श्रेय उत्तर प्रदेश सरकार की गतिशील नीतियों को दिया। उन्होंने यह भी कहा कि आज डिक्सन टेक्नोलॉजीज लगभग 100 अरब डॉलर मूल्य के मोबाइल फोन का निर्यात करने पर विचार कर रही है। सभी उद्योगपतियों ने उत्तर प्रदेश में उभर रहे अवसरों के प्रति आशावाद की भावना व्यक्त की।

सभा को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने निवेशक समुदाय, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं का प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश से संसद सदस्य, दोनों रूपों में स्वागत किया।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि उत्तर प्रदेश की धरती अपने सांस्कृतिक वैभव, गौरवशाली इतिहास और समृद्ध विरासत के लिए जानी जाती है। राज्य की क्षमताओं का उल्‍लेख करते हुए, प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश से जुड़ी अविकसित, बीमारू और खराब कानून व्यवस्था जैसे अवांछित टैग पर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने उन हजारों करोड़ रुपये के घोटालों का भी जिक्र किया, जो पहले के समय में दैनिक आधार पर उजागर होते थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि 5-6 साल में उत्तर प्रदेश ने एक नई पहचान बनाई है। अब उत्तर प्रदेश सुशासन, बेहतर कानून व्यवस्था, शांति और स्थिरता के लिए जाना जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा, “धन सृजित करने वालों के लिए, यहाँ नए अवसर बनाए जा रहे हैं”। प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि उत्तर प्रदेश में बेहतर अवसंरचना के बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द यूपी 5 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाले एकमात्र राज्य के रूप में जाना जाएगा। फ्रेट कॉरिडोर राज्य को सीधे महाराष्ट्र के समुद्री तट से जोड़ेगा। प्रधानमंत्री ने ‘कारोबार में आसानी’ सुनिश्चित करने के लिए यूपी में सरकार की सोच में सार्थक बदलाव आने का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा, “आज उत्तर प्रदेश आशा और प्रेरणा का स्रोत बन गया है।” उन्होंने रेखांकित किया कि जैसे भारत वैश्विक मंच पर एक उज्ज्वल देश के रूप में उभरा है, वैसे ही यूपी भी देश के लिए एक उज्ज्वल राज्य बन गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि यूपी सरकार ने पीजीआई लखनऊ और आईआईटी कानपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संबंधित पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। उन्होंने देश की स्टार्ट-अप क्रांति में राज्य की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यूपी सरकार ने आने वाले वर्षों में 100 इनक्यूबेटर और तीन अत्याधुनिक केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य रखा है, जो प्रतिभाशाली और कुशल युवाओं का एक बड़ा वर्ग तैयार करेंगे। प्रधानमंत्री ने अंत में कहा, “भारत की समृद्धि में विश्व की समृद्धि निहित है और समृद्धि की इस यात्रा में आपकी भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है।”

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री, विदेशी गणमान्य व्यक्ति और उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »