NEW English Version

लखनऊ में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 के लोगो, शुभंकर, मशाल, गान और जर्सी का शुभारंभ किया

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने लखनऊ में बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स उत्तर प्रदेश 2022 के आधिकारिक लोगो, शुभंकर, मशाल, गान और जर्सी को पूरे उत्साह के साथ लॉन्च किया।

इस अवसर पर अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, “आज मुझे बहुत संतुष्टि मिली है कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की परिकल्पना के अनुरूप खेलो इंडिया अभियान ने एक क्रांति का रूप ले लिया है और यह क्रांति आज भारत के सबसे बड़े राज्य, उत्तर प्रदेश में पहुंच गई है। इन खेलों में भाग लेने वाले विश्वविद्यालय के एथलीट अनुभव करेंगे कि जीवन के सबसे कठिन सबक सीखने के लिए खेल अपने आप में एक महत्वपूर्ण तरीका है। खेलो इंडिया प्लेटफार्म, खेल में उत्कृष्टता और राष्ट्र की सेवा में अनुशासित, समर्पित तथा कर्त्तव्य-केंद्रित युवाओं के निर्माण से संबंधित है। योगी जी के प्रभावी नेतृत्व में, मुझे विश्वास है कि उत्तर प्रदेश अब तक का सबसे अच्छा खेलो इंडिया गेम प्रस्तुत करने के लिए तैयार है। सभा को संबोधित करते हुए, श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “आज उत्तर प्रदेश के वातावरण और राज्य के प्रति धारणा में, शांति और कानून के शासन के साथ बड़े पैमाने पर परिवर्तन हुआ है, यही कारण है कि यहां खेल और खिलाड़ी फल-फूल रहे हैं। मैं तीसरे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स उत्तर प्रदेश 2022 में भाग लेने वाले सभी एथलीटों, कोचों, अधिकारियों और सहायक कर्मचारियों का स्वागत करता हूं और राज्य में उनके सुखद प्रवास की कामना करता हूँ। मुझे विश्वास है कि हमारी टीम इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए सर्वोत्तम परिस्थितियां, खेल सुविधायें और खेल अवसंरचना सुनिश्चित करेगी। खेलेगा इंडिया, बढ़ेगा इंडिया।”

“खेलो इंडिया पहल देश के खेल इकोसिस्टम के लिए भी महत्वपूर्ण बनी हुई है। अभी कुछ हफ्ते पहले, हमने खेलो इंडिया के 5 साल पूरे होने का उत्सव मनाया। पिछले 5 वर्षों में भारतीय खेलों के परिदृश्य में भारी बदलाव आया है। ऐसे कई खेलो इंडिया एथलीट हैं, जिन्हें पिछले कुछ वर्षों में उनके प्रदर्शन के आधार पर विशिष्ट लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना में शामिल किया गया है और आज वे विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में देश को गौरवान्वित कर रहे हैं। इन प्रतिस्पर्धाओं और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तैयार किये गए खेल इकोसिस्टम के बीच तालमेल ने वास्तव में हमारे एथलीटों को स्पर्धा के एक स्तर से दूसरे स्तर तक आसानी से आगे बढ़ने में मदद की है।” कौशल, नीति और धैर्य की विचारधारा से प्रेरित होकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में आधिकारिक तौर पर खेल 25 मई से शुरू होकर 3 जून 2023 तक चलेंगे। अभूतपूर्व भव्य लॉन्च और 3डी डिस्प्ले के साथ एनामॉर्फिक विज़ुअल देखने के आनंद से परिपूर्ण एक शानदार उद्घाटन समारोह; शानदार लॉन्च; तकनीकी चमत्कार, जिसने चकाचौंध और कुछ अद्भुत सांस्कृतिक प्रदर्शनों के जरिये प्रभावित किया। लॉन्च ने प्रौद्योगिकी की एक विशाल वर्चुअल दुनिया को प्रदर्शित किया, जो मनोरंजन से भरपूर था।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने चार मशाल रिले को भी झंडी दिखाई, जो अगले 20 दिनों के दौरान भारत के इस सबसे बड़े राज्य के पश्चिमी, पूर्वी, मध्य और बुंदेलखंड इलाके से होकर गुजरेगी। मुख्यमंत्री, केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के साथ दो घंटे तक चले इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भी थे।

इस अवसर पर उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों में उत्तर प्रदेश सरकार के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दया शंकर सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार के खेल और युवा कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री नवनीत सहगल, आईएएस, भारतीय खेल प्राधिकरण की उप-महानिदेशक श्रीमती एकता विश्नोई, एआईयू के महासचिव डॉ. पंकज मित्तल, भारतीय खेल प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक श्री संजय सारस्वत और कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल थीं।

गिरीश चंद्र यादव ने कहा: “उत्तर प्रदेश एक खेल प्रेमी राज्य के रूप में तेजी से उभर रहा है और जल्द ही यह देश के ‘खेलों के केन्द्र’ के रूप में जाना जाएगा। हम मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 की मेजबानी करने और राज्य की खेल संबंधी यात्रा में एक और उपलब्धि हासिल करने के लिए उत्सुक हैं। मैं सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को शुभकामनाएं देता हूं।”

शुभारंभ समारोह की शुरुआत सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री द्वारा यूनिवर्सिटी गेम्स के प्रतीक चिन्ह (लोगो) का शुभारंभ किए जाने से पहले उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री श्री गिरीश चंद्र यादव के  स्वागत भाषण के साथ हुई। इसके बाद श्री अनुराग ठाकुर ने प्रसिद्ध गायक पलाश सेन द्वारा रचित और गाए गए “खेलो इंडिया – हर दिल में देश” शीर्षक खेलों के गान का विमोचन किया।

इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी गेम्स की आधिकारिक जर्सी को लॉन्च किया, जिसे ललित उपाध्याय, सुधा सिंह और दिव्या काकरान जैसे उत्तर प्रदेश के प्रमुख खिलाड़ियों ने पहना और मंच पर आत्मविश्वास के साथ उसे प्रदर्शित किया।

इस अवसर पर यूनिवर्सिटी गेम्स के शुभंकर जीतू बारासिंघा, जो आकर्षक जीवंत राजकीय पशु  और “गर्व से गौरव” का प्रतीक है, का अनावरण किया गया।

अंतिम अनावरण यूनिवर्सिटी गेम्स के मशाल का किया गया, जिसे उत्तर प्रदेश के दिग्गज खिलाड़ियों- ललित उपाध्याय, वंदना कटारिया, सुधा सिंह, विजय यादव, दानिश मुज्तबा द्वारा एक-एक करके मंच पर लाया गया। खेल जगत के दिग्गजों द्वारा मशाल सौंपे जाने के बाद मुख्यमंत्री ने एनामॉर्फिक स्क्रीन पर इन्हें जलाया और कैंटर पर चार दिशाओं में जाने वाली चार मशाल रिले को झंडी दिखाने के लिए पार्किंग क्षेत्र में गए।

प्रतीक चिन्ह (लोगो)

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 उत्तर प्रदेश का आधिकारिक प्रतीक चिन्ह (लोगो ) भारत के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। यह प्रतीक चिन्ह राज्य की समृद्ध पारंपरिक और ऐतिहासिक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है, जो शिक्षा, बुनियादी ढांचा और खेल जैसे सभी पहलुओं में इसके विकास का आधार रहा है।

शुभंकर

शुभंकर जीतू, बारासिंघा का प्रतिनिधित्व करता है। यह एक अद्भुत स्तनधारी है, जो एक शक्तिशाली शारीरिक बनावट और उल्लेखनीय गति वाला होता है। यह अपने स्वभाव में कौशल, नीति और धैर्य को प्रदर्शित करता है और अनुग्रह एवं सूक्ष्मता की प्रतिमूर्ति होता है, जो वास्तव में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, उत्तर प्रदेश की भावना का प्रतिनिधित्व करता है। यह उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की शक्ति और प्रचुरता को प्रदर्शित करता है।

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के आधिकारिक शुभंकर के रूप में, जीतू उत्साह के स्रोत के रूप में काम करेगा, प्रशंसकों के जुड़ाव को बढ़ावा देगा और पूरे प्रतियोगिता के दौरान टीम भावना का निर्माण करेगा। उत्तर प्रदेश के प्रशंसक पूरे राज्य में जीतू को देखने के लिए उत्सुक हैं, क्योंकि उसका उपयोग नए प्रशंसकों को आकर्षित करने और अधिक से अधिक लोगों को खेलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु किया जाएगा। यह शुभंकर टीम के प्रायोजकों, सामानों और अन्य विपणन संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी मदद करेगा, जिससे वह इस आयोजन की सफलता का एक अनिवार्य हिस्सा बन जाएगा।

पिछले खेलो इंडिया खेलों के शुभंकर जया और विजय ने मंच पर जीतू का स्वागत किया।

मशाल

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक मशाल ‘शक्ति’ न केवल अपनी विरासत और भावना की प्रतीक है, बल्कि एक ऐसी जीवंत इकाई भी है जो ऊर्जा से भरी हुई है। प्रत्येक एथलीट को अपने अंतिम लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने हेतु गंगा नदी को ‘शक्ति’ पर उकेरा गया है और इस पर अंकित ऊपर की ओर इशारा करते हुए, भविष्य की ओर उन्मुख दिखने वाला तीर गौरवशाली अतीत और उत्तर प्रदेश के भविष्य का उत्सव मनाता है। शक्ति के प्रकाश प्रदान करने वाले मूल में मोर पंख और कमल की पंखुड़ियां भी अंकित हैं, जो पहाड़ों को भी हिला सकने वाली अपनी शांत ऊर्जा को इंगित करती हैं और प्रेरणा और इच्छाशक्ति का एक शक्तिशाली स्रोत है।

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स

इस 12-दिवसीय केआईयूजी यूपी 2022 का आयोजन वाराणसी, नोएडा और गोरखपुर के अलावा राज्य की राजधानी लखनऊ में किया जाएगा। दिल्ली के डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में निशानेबाजी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। कबड्डी प्रतियोगिता 23 मई, 2023 को नोएडा में शुरू होगी, जबकि कुछ अन्य स्पर्धाएं 24 मई, 2023 को विभिन्न स्थानों पर भी शुरू होंगी।

इस यूनिवर्सिटी गेम्स, जो आधिकारिक तौर पर 25 मई से 03 जून, 2023 तक होंगे, में 200 भारतीय विश्वविद्यालयों के 4000 से अधिक एथलीट 21 खेल स्पर्धाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे। उद्घाटन समारोह 25 मई, 2023 को लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। यूनिवर्सिटी गेम्स उत्कृष्टता के स्तर को ऊपर उठाते हुए और सच्ची खेल भावना, हिम्मत एवं गौरव के उच्चतम स्तर पर प्रतिस्पर्धा, खेल तथा जीत के सम्मान के लिए बेहतरीन खेल भावना का उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।

Book Showcase

Best Selling Books

Ikigai: The Japanese secret to a long and happy life

By Héctor García, Francesc Miralles

₹318

Book 2 Cover

Why I am an Atheist and Other Works

By Bhagat Singh

₹104

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

Until Love Sets Us Apart

By Aditya Nighhot

₹176

Translate »