NEW English Version

महाकुंभ 2025 : आकाशवाणी के कुंभवाणी समाचार बुलेटिन अब प्रयागराज के महाकुंभ नगर में सार्वजनिक संबोधन प्रणाली पर लाइव


मेला परिसर में 10-10 मिनट के कुंभवाणी समाचार बुलेटिन दिन में तीन बार सुबह 8.30 बजे, दोपहर 2.30 बजे और शाम 8.30 बजे प्रसारित किए जा रहे हैं
श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों को मेले से संबंधित जानकारी देने की एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत आकाशवाणी के कुंभवाणी समाचार बुलेटिन अब उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के महाकुंभ नगर में सार्वजनिक संबोधन प्रणाली के माध्यम से लाइव प्रसारित किए जा रहे हैं। पहला कुंभवाणी समाचार बुलेटिन आज यानी 18.01.2025 को सुबह साढे आठ बजे सार्वजनिक संबोधन प्रणाली पर प्रसारित किया गया।

कुंभवाणी समाचार बुलेटिन दिन में तीन बार, सुबह 8.30 बजे, दोपहर 2.30 बजे और शाम 8.30 बजे प्रसारित किए जाएंगे, जो महाकुंभ मेले से संबंधित विभिन्न गतिविधियों पर अपडेट प्रदान करेंगे। इसके अतिरिक्त, श्रद्धालु प्रयागराज में 103.5 मेगाहर्ट्ज फ्रीक्‍वेंसी पर कुंभवाणी समाचार बुलेटिन भी सुन सकते हैं। विशेष कुंभ समाचार बुलेटिन न्यूज़ऑनएआईआर ऐप, वेव्स ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म पर भी प्रसारित किए जाते हैं और ये आकाशवाणी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल न्यूज़ ऑन एआईआर ऑफिशियल पर भी उपलब्ध हैं।

श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों ने इस पहल की सराहना की है और कई लोगों ने इसे “महाकुंभ के बारे में जानकारी प्राप्त करने की महत्‍वपूर्ण पहल” बताया है। प्रयागराज की निवासी तनु शर्मा ने कहा, “आकाशवाणी के कुंभ बुलेटिन विश्वसनीय, सटीक और जानकारी से परिपूर्ण हैं।” महाकुंभ में आए मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी योगराज सिंह झाला ने कहा, “मेला परिसर में आकाशवाणी के कुंभ बुलेटिन सुनना एक सुखद अनुभव है। इससे महाकुंभ में श्रद्धालुओं को जानकारी का एक प्रामाणिक स्रोत मिला है।” 

प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत कुमार सहगल ने कहा, “महाकुंभ एक विशाल आध्यात्मिक सामाजिक समागम है और प्रसार भारती पूरी प्रामाणिकता के साथ समाचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आकाशवाणी और दूरदर्शन के पूरे नेटवर्क पर महाकुंभ की निरंतर कवरेज के लिए प्रयागराज में संवाददाताओं, संपादकों और समाचार वाचकों की एक समर्पित टीम तैनात की गई है।” 

महाकुंभ 2025 को समर्पित आकाशवाणी के कुंभवाणी चैनल का शुभारंभ 10 जनवरी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन की वर्चुअल मौजूदगी में किया था। यह चैनल 26 फरवरी तक समाचार और अन्य कार्यक्रम प्रसारित करता रहेगा।

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »