वाराणसी: ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के अवसर पर डॉ. घनश्याम सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सोपेपुर लालपुर, वाराणसी में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित थीम “प्लास्टिक प्रदूषण को मात दो” (Beat Plastic Pollution) को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण हेतु महत्वपूर्ण पहल की।



कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रबंधक नागेश्वर सिंह, प्रशासक संजीव सिंह, प्रबंध समिति के युवा सदस्य धीरज सिंह तथा वरिष्ठ आचार्य डॉ. आनन्द सिंह द्वारा महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण करके किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त आचार्यगण—डॉ. दिनेश विक्रम सिंह, डॉ. ज्योति सिंह, डॉ. अरविंद चौबे, डॉ. संदीप राय, डॉ. विनीत सिंह, डॉ. अनूप सिंह, डॉ. विवेकानंद चौबे, डॉ. देवेंद्र पाण्डेय, डॉ. अल्का वर्मा सहित अन्य शिक्षकगण तथा छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

महाविद्यालय के प्रबंधक नागेश्वर सिंह ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को महाविद्यालय परिसर को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त करने की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन की गतिविधि नहीं है, यह एक सतत जीवन शैली है। प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्ति तभी संभव है जब हम सभी अपने स्तर से जिम्मेदारी निभाएं। वृक्षारोपण और प्लास्टिक का बहिष्कार हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित भविष्य की नींव रखता है।”

