NEW English Version

केंद्रीय रेल मंत्री ने मानेसर स्थित मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड में देश के सबसे बड़े ऑटोमोबाइल गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल का उद्घाटन किया

केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने आज हरियाणा के मानेसर स्थित मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड में देश के सबसे बड़े ऑटोमोबाइल गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल का उद्घाटन किया।

मारुति सुज़ुकी के मानेसर संयंत्र में गति शक्ति कार्गो टर्मिनल एक प्रमुख अवसंरचना विकास है जो ऑटोमोबाइल परिवहन की रसद दक्षता को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाता है। मानेसर स्थित यह संयंत्र 10 किलोमीटर के समर्पित रेल लिंक के माध्यम से पटली रेलवे स्टेशन से जुड़ा हुआ है, जो हरियाणा रेल अवसंरचना विकास निगम (एचआरआईडीसी) द्वारा विकसित किए जा रहे 121.7 किलोमीटर लंबे हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर का हिस्सा है। इस 10 किलोमीटर के लिंक के निर्माण में 800 करोड़ रुपये का निवेश शामिल था, जिसमें एचआरआईडीसी ने 684 करोड़ रुपये का योगदान दिया और शेष राशि मारुति सुज़ुकी द्वारा वित्तपोषित की गई। इस गति शक्ति कार्गो टर्मिनल की लोडिंग क्षमता देश में सबसे अधिक है, यानी प्रति वर्ष 4.5 लाख ऑटोमोबाइल।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री महोदय ने पिछले एक दशक में भारतीय रेलवे में हुए महत्वपूर्ण बदलावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “2014 से पहले, रेलवे का वार्षिक बजट 24,000-25,000 करोड़ रुपये के आसपास रहता था, अब इसे बढ़ाकर 2.5 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है। कई स्टेशनों और डिब्बों में शौचालय जैसी बुनियादी यात्री सुविधाएं नदारद थीं। पिछले ढाई साल में सामान्य डिब्बों की संख्या बढ़ाने के लिए एक केंद्रित अभियान शुरू किया गया है। पिछले साल ही 1,200 से ज़्यादा सामान्य डिब्बे जोड़े गए हैं।”

श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि हाल ही में यात्री ट्रेन सेवाओं को उन्नत करने के लिए एक बड़ा निर्णय लिया गया है। अब 100 से अधिक मेमू ट्रेनों को बढ़ाया जाएगा – उनकी संरचना को 8 से 12 डिब्बों से बढ़ाकर 16 से 20 डिब्बे किया जाएगा – जिससे कम दूरी के यात्रियों को बहुत लाभ होगा। 100 से अधिक मेमू ट्रेनों के निर्माण के लिए आंध्र प्रदेश के काजीपेट में एक नया कारखाना स्थापित किया गया है।

नमो भारत ट्रेनों की सफल शुरुआत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “चल रही दो नमो भारत ट्रेनों के प्रति जनता की मजबूत प्रतिक्रिया से उत्साहित होकर, हमने बढ़ती यात्री मांग को पूरा करने के लिए 50 नई नमो भारत ट्रेनें बनाने का फैसला किया है।”

यात्री और माल ढुलाई के प्रदर्शन के मोर्चे पर श्री वैष्णव ने कहा, “वित्त वर्ष 2023-24 में भारतीय रेलवे ने लगभग 720 करोड़ यात्रियों और 1,617 मिलियन टन माल का परिवहन किया। इस प्रदर्शन ने भारतीय रेलवे को विश्व स्तर पर दूसरी सबसे अधिक माल ढुलाई मात्रा हासिल करने में मदद की, जिससे 2023-24 एक ऐतिहासिक वर्ष बन गया।”

श्री वैष्णव ने यात्री सुविधा के बारे में बात करते हुए तत्काल टिकट बुकिंग में एक महत्वपूर्ण सुधार की घोषणा की, जिसे 1 जुलाई 2025 से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा, “नए नियम के अनुसार, केवल आधार-प्रमाणित और केवाईसी-सत्यापित उपयोगकर्ताओं को बुकिंग विंडो के पहले 30 मिनट के दौरान तत्काल टिकट बुक करने की अनुमति होगी। इस उपाय से यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि टिकट वास्तविक यात्रियों को ही उपलब्ध हों।“

उन्होंने बीकानेर मंडल में चल रही एक पायलट परियोजना के बारे में भी बताया, जहां अब यात्री आरक्षण चार्ट 24 घंटे पहले तैयार किए जा रहे हैं, जबकि पहले यह ट्रेन के रवाना होने से 4 घंटे पहले तैयार किया जाता था। इस पहल को नागरिकों और जन प्रतिनिधियों से काफ़ी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और इससे यात्रा के अनुभव में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।

अमृत ​​भारत ट्रेनों की शुरुआत पर चर्चा करते हुए मंत्री महोदय ने कहा, “तीन अमृत भारत ट्रेनें वर्तमान में चालू हैं और उन्हें जनता से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। आने वाले दिनों में छह और अमृत भारत ट्रेनें शुरू की जाएंगी। इसके अलावा, 50 और ट्रेनों का उत्पादन चल रहा है तथा आगे और अधिक बैच आएंगे।”

हरियाणा में विकास की चर्चा करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि 2014 से पहले राज्य के लिए वार्षिक रेल बजट आवंटन मात्र 300 करोड़ रुपये था। उन्होंने कहा, “इस वर्ष, हरियाणा को 3,416 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड आवंटन प्राप्त हुआ है। पिछले 11 वर्षों में, राज्य में 823 किलोमीटर नई रेल लाइनें बिछाई गई हैं और हरियाणा का शत प्रतिशत रेलवे नेटवर्क अब विद्युतीकृत है।”

चल रहे बुनियादी ढांचे के निवेश पर प्रकाश डालते हुए, मंत्री महोदय ने कहा, “वर्तमान में, हरियाणा में 11,800 करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 34 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास प्रगति पर है। इसके अलावा, राज्य के रेलवे नेटवर्क में 540 रोड ओवरब्रिज और अंडरपास का निर्माण किया गया है।”

श्री वैष्णव ने यह भी उल्लेख किया कि सोनीपत स्थित रेलवे कोच फैक्ट्री का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “उन्नत की गई सुविधा जल्द ही उद्घाटन के लिए तैयार हो जाएगी और हमारी कोच उत्पादन क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”

इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, राज्य के उद्योग मंत्री श्री राव नरबीर सिंह, विधायक श्री मुकेश शर्मा और मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक श्री हिसाशी ताकेउची की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »