NEW English Version

स्वच्छता रेटिंग में बिलासपुर आया अव्वल 17 जुलाई को राष्ट्रपति करेंगी पुरस्कृत

बिलासपुर। अखिल भारतीय स्वच्छता रेटिंग में बिलासपुर ने पाया पहला स्थान। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देंगी आगामी 17 जुलाई को स्वच्छता रेटिंग में प्रथम पुरस्कार। स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर नगर निगम ने देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुरस्कार पाने में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा आगामी 17 जुलाई को नई दिल्ली में प्रदान किया जाएगा। बिलासपुर को यह सम्मान, तीन लाख से 10 लाख आबादी वाले बड़े शहरों की श्रेणी में दिया जा रहा है।राज्य से बिलासपुर के अलावा बिल्हा नगर पंचायत और भिलाई की कुम्हारी नगर पालिका को भी इसी श्रेणी में राष्ट्रपति पुरस्कार दिया जाएगा। इन सभी निकायों ने स्वच्छता के क्षेत्र में नवाचार, जनभागीदारी और तकनीकी व्यवस्था के माध्यम से निरंतर सुधार किए हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के तहत इस बार सुपर स्वच्छता लीग (एसएस, एल) नामक एक नई श्रेणी भी जोड़ी गई है। इसमें वे शहर शामिल हैं, जो पिछले तीन वर्षों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर नगर निगम, पाटन और बिश्रामपुर नगर पंचायत को इस लीग में स्थान मिला है। वहीं रायपुर नगर निगम को मिनिस्टेरियल अवार्ड के लिए चुना गया है।

न्यायधानी बिलासपुर की मेहनत रंग लाई

स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार प्रयास करते हुए बिलासपुर ने सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार किए। नगर निगम द्वारा घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे की वैज्ञानिक प्रोसेसिंग, सफाई मित्रों की तैनाती और वार्ड स्तर पर निगरानी समितियों की सक्रियता से शहर की तस्वीर बदली है। जनता की जागरूकता और स्मार्ट तकनीकों के मेल से यह सफाई अभियान लगातार सफल हो रहा है।

सुपर स्वच्छता लीग में छत्तीसगढ़ के तीन शहर

स्वच्छ सर्वेक्षण में एक नई श्रेणी सुपर स्वच्छता लीग शुरू की गई है, इसमें छत्तीसगढ़ के तीन शहर अंबिकापुर, पाटन और बिश्रामपुर शामिल हुए हैं। ये वे नगरीय निकाय हैं, जिन्होंने पिछले तीन वर्षों में एक बार शीर्ष तीन में स्थान पाया है और इस वर्ष भी टाप 200 की सूची में शामिल हैं।

विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राज्य के सातों चयनित निकायों को बचाई दी है। उन्होंने कहा कि नगरीय प्रशासन विभाग और स्थानीय निकायों की मेहनत से ही छत्तीसगढ़ लगातार स्वच्छता में अग्रणी बन रहा है। अब अन्य शहरों को भी इसी दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

सुरेश सिंह बैस "शाश्वत"
सुरेश सिंह बैस “शाश्वत”
Translate »