स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में देश में 26वीं रैंक हासिल की

अलीगढ़ नगर निगम के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 के परिणामों में अलीगढ़ ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में 26वां स्थान प्राप्त किया है। यह पहला अवसर था जब नगर निगम ने इस नई श्रेणी में प्रतिभाग किया और पहले ही प्रयास में यह शानदार उपलब्धि हासिल की। 

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में अलीगढ़ का प्रदर्शन

अलीगढ़ ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट स्कोर करते हुए कुल 9378 अंक प्राप्त किए:

  • SS 2024 के 10,000 अंकों में से: 8,118 अंक
  • GFC के 1300 अंकों में से: 500 अंक
  • ODF (Open Defecation Free) के 1200 अंकों में से: 1,000 अंक

पिछली रैंक की तुलना में बड़ी छलांग

पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण (2023-24) में अलीगढ़ ने 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में 40वां राष्ट्रीय स्थान प्राप्त किया था। लेकिन इस वर्ष 10 लाख से ऊपर की श्रेणी में आते ही अलीगढ़ शहर ने सीधे देश में टॉप 30 में स्थान बनाकर अभूतपूर्व छलांग लगाई है।

महापौर प्रशांत सिंघल का बयान

यह केवल एक रैंक नहीं बल्कि अलीगढ़ की मेहनत, समर्पण और नागरिकों के सहयोग का प्रमाण है। पहली बार 10 लाख से अधिक आबादी वाली श्रेणी में भाग लेते हुए अलीगढ़ ने जो प्रदर्शन किया है, वह गर्व का विषय है। नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, सफाई मित्र, पार्षदगण और शहरवासी सभी बधाई के पात्र हैं। आने वाले सर्वेक्षणों में हमारा लक्ष्य देश के टॉप 10 में आना है।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा का बयान

यह सफलता सिर्फ एक रिपोर्ट कार्ड नहीं बल्कि अलीगढ़ की निरंतर प्रगति का संकेत है। विश्व के सबसे बड़े स्वच्छता सर्वेक्षण में शामिल होकर अलीगढ़ ने सिद्ध किया है कि हम स्वच्छता को केवल लक्ष्य नहीं, आदत बना रहे हैं। आने वाले समय में जनभागीदारी और तकनीक के सहारे हम और अधिक बेहतरी की दिशा में अग्रसर होंगे। अगले सर्वेक्षण में टॉप 10 में आने के लिए आज से ही तैयारी शुरू कर दी गई है।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 एक नज़र में

  • इस वर्ष का सर्वेक्षण “कम करें, पुन: उपयोग करें, पुनर्चक्रण करें” थीम पर आधारित था।
  • देशभर के 4,500 से अधिक शहरों ने भाग लिया।
  • 3,000 से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं ने 45 दिनों तक वार्ड स्तर पर जमीनी मूल्यांकन किया।
  • नागरिक फीडबैक, सेवा स्तर प्रगति, फील्ड वेरिफिकेशन और जन सहभागिता जैसे घटकों के आधार पर स्कोरिंग की गई।

कर्मचारी संघ ने जताई ख़ुशी

कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय सक्सेना व महामंत्री मानवेन्द्र सिंह ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में अलीगढ़ की सफलता पर सभी अधिकारी, कर्मचारियों, सफाई कर्मचारियों व पार्षदों का आभार व्यक्त करते हुए नगर आयुक्त व महापौर को कुशल नेतृत्व करने की बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »