NEW English Version

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के लाल किले से 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे


एक भव्य आयोजन समृद्ध, सुरक्षित और सशक्त नए भारत की झलक पेश करेगा

राष्ट्र 15 अगस्त 2025 को अपना 79वाँ स्वतंत्रता दिवस मनाएगा, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के प्रतिष्ठित लाल किले से करेंगे। प्रधानमंत्री इस प्रतिष्ठित स्मारक की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएँगे और संपूर्ण राष्ट्र को संबोधित करेंगे। ऐसे में जब देश 2047 तक विकसित भारत के सरकार के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह का विषय “नया भारत” रखा गया है। यह समारोह एक समृद्ध, सुरक्षित और सशक्त नए भारत के लगातार विकास और तरक्की की राह पर आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा प्रदान करने के एक मंच के तौर पर काम करेगा।

समारोह

लाल किले पर आगमन के साथ, प्रधानमंत्री का स्वागत रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ और रक्षा सचिव श्री राजेश कुमार सिंह करेंगे। रक्षा सचिव, दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार का प्रधानमंत्री से परिचय कराएँगे। इसके बाद, दिल्ली क्षेत्र के जीओसी, श्री नरेंद्र मोदी को सलामी मंच तक ले जाएँगे, जहाँ अंतर-सेवा और दिल्ली पुलिस गार्ड की संयुक्त टुकड़ी, प्रधानमंत्री को सलामी देगी। इसके बाद, प्रधानमंत्री सलामी गारद का निरीक्षण करेंगे।

प्रधानमंत्री के लिए गार्ड ऑफ ऑनर दस्ते में 96 जवान शामिल होंगे (एक अधिकारी और सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस, प्रत्येक से 24 जवान। भारतीय वायु सेना इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह का समन्वय कर रही है। गार्ड ऑफ ऑनर की कमान विंग कमांडर ए एस सेखों संभालेंगे। प्रधानमंत्री के गार्ड में सेना दस्ते की कमान मेजर अर्जुन सिंह, नौसेना दस्ते की कमान लेफ्टिनेंट कमांडर कोमलदीप सिंह और वायु सेना दस्ते की कमान स्क्वाड्रन लीडर राजन अरोड़ा संभालेंगे। दिल्ली पुलिस दस्ते की कमान अतिरिक्त डीसीपी श्री रोहित राजबीर सिंह के हाथ में होगी।

सलामी गारद का निरीक्षण करने के बाद, प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर की ओर बढ़ेंगे, जहाँ रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेनाध्यक्ष एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी और वायु सेनाध्यक्ष एयर चीफ मार्शल एपी सिंह उनका स्वागत करेंगे। दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्राचीर पर स्थित मंच तक ले जाएँगे।

फ्लाइंग ऑफिसर रशिका शर्मा, राष्ट्रीय ध्वज फहराने में प्रधानमंत्री की सहायता करेंगी। इस सलामी का आयोजन 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) के वीर तोपचियों द्वारा 21 तोपों की सलामी के साथ किया जाएगा। स्वदेशी 105 मिमी लाइट फील्ड गन का उपयोग करने वाली इस औपचारिक बैटरी की कमान, मेजर पवन सिंह शेखावत के हाथों में होगी और गन पोजिशन ऑफिसर नायब सूबेदार (गनरी में सहायक प्रशिक्षक) अनुतोष सरकार होंगे।

राष्ट्रीय ध्वज रक्षक दल, जिसमें थलसेना, नौसेना, वायुसेना और दिल्ली पुलिस के एक-एक अधिकारी और 32 अन्य रैंक के कर्मी शामिल होंगे, कुल 128 कर्मी, प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के समय राष्ट्रीय सलामी देंगे। विंग कमांडर तरुण डागर इस अंतर-सेवा रक्षक और पुलिस रक्षक दल की कमान संभालेंगे।

राष्ट्रीय ध्वज रक्षक दल में थलसेना की टुकड़ी की कमान मेजर प्रकाश सिंह, नौसेना की टुकड़ी की कमान लेफ्टिनेंट कमांडर मोहम्मद परवेज और वायुसेना की टुकड़ी की कमान स्क्वाड्रन लीडर वी.वी. शरवन संभालेंगे। इसके अलावा दिल्ली पुलिस की टुकड़ी की कमान अतिरिक्त डीसीपी श्री अभिमन्यु पोसवाल के हाथ में होगी।

ध्वजारोहण के बाद, तिरंगे को ‘राष्ट्रीय सलामी’ दी जाएगी। एक जेसीओ और 25 अन्य रैंकों वाला वायु सेना बैंड, राष्ट्रीय ध्वज फहराने और ‘राष्ट्रीय सलामी’ देने के दौरान राष्ट्रगान बजाएगा। बैंड का संचालन जूनियर वारंट ऑफिसर एम डेका करेंगे। ऐसा पहली बार होगा, जब 11 अग्निवीर वायु संगीतकार भी राष्ट्रगान बजाने वाले बैंड का हिस्सा होंगे।

प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय ध्वज फहराते ही, भारतीय वायु सेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर, एक राष्ट्रीय ध्वज लिए और दूसरा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को दर्शाने वाला ध्वज लिए, आयोजन स्थल पर फूलों की वर्षा करेंगे। इन हेलीकॉप्टरों के कप्तान विंग कमांडर विनय पूनिया और विंग कमांडर आदित्य जायसवाल होंगे।

ऑपरेशन सिंदूर

इस साल स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का भी खास जश्न मनाया जाएगा। ज्ञानपथ पर व्यू कटर पर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो मौजूद होगा। फूलों की सजावट भी इसी ऑपरेशन पर आधारित होगी।

आमंत्रण पत्रों पर भी ऑपरेशन सिंदूर का लोगो अंकित होगा। साथ ही आमंत्रण पत्रों पर चिनाब पुल का वाटरमार्क भी बना होगा, जो ‘नए भारत’ के उदय को दर्शाता है।

ज्ञानपथ पर ‘नए भारत‘ का निर्माण

पुष्पवर्षा के बाद, प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के भाषण के समापन के बाद, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट और ‘माई भारत’ स्वयंसेवक, राष्ट्रगान गाएँगे। इस समारोह में कुल 2,500 छात्र और छात्रा कैडेट (थल सेना, नौसेना और वायु सेना) और ‘माई भारत’ स्वयंसेवक भाग लेंगे। ये कैडेट और ‘माई भारत’ के स्वयंसेवक, प्राचीर के सामने ज्ञानपथ पर मौजूद होंगे। ये सभी ‘नए भारत’ का लोगो के आकार में बैठेंगे।

विशेष अतिथि

इस साल लाल किले पर आयोजित होने वाले समारोह में शामिल होने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से करीब 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें शामिल हैं:

  • स्पेशल ओलंपिक 2025 का भारतीय दल
  • अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों के विजेता
  • खेलो इंडिया पैरा गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता
  • राष्ट्रीय मधुमक्खी पालन और शहद मिशन के तहत प्रशिक्षित और वित्तीय सहायता प्राप्त, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले किसान
  • औषधीय पौधों के संरक्षण, विकास और सतत् प्रबंधन योजना के तहत, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले किसान
  • ई-नेगोशिएबल वेयरहाउस रसीदों के लिए क्रेडिट गारंटी योजना के तहत ऋण प्राप्त करने वाले, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले किसान, व्यापारी/सहकारी समितियाँ
  • खुले में शौच मुक्त प्लस गाँवों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सरपंच
  • कैच द रेन अभियान के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सरपंच
  • पीएम युवा (युवा लेखक मेंटरशिप योजना) के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले युवा लेखक
  • पीएम-विकास योजना के तहत कुशल और प्रशिक्षित सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले युवा
  • ट्राइफेड द्वारा पीएम वन धन योजना के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले उद्यमी
  • राष्ट्रीय एससी/एसटी हब योजना के तहत एससी/एसटी समुदाय के, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले उद्यमी
  • पीएम-दक्ष, श्रेयस और श्रेष्ठ योजना के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र
  • विश्वास योजना के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले स्वयं सहायता समूह
  • एनएसटीएफडीसी द्वारा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले उद्यमी
  • सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पैक्स
  • प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले इंटर्न
  • सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले माई भारत स्वयंसेवक
  • प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थी
  • दिल्ली के स्कूली बच्चे, जो ऑनलाइन/ऑफलाइन क्विज़/प्रतियोगिताओं के विजेता हैं
  • स्वच्छता अभियान के 50 बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्वच्छता कार्यकर्ता
  • लखपति दीदी के लाभार्थी
  • आंगनवाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका, पर्यवेक्षक, बाल विकास परियोजना अधिकारी, बाल देखभाल संस्थान, मिशन शक्ति
  • पुनर्वासित बंधुआ मजदूर, बचाई गई और पुनर्वासित महिलाएं और बच्चे
  • अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से जुड़े स्वयंसेवक/प्रशिक्षक
  • सरपंच/ग्राम प्रधान, जिन्होंने केंद्र/राज्य क्षेत्र की किसी भी सामाजिक कल्याण योजना को सर्वश्रेष्ठ स्तर तक पहुँचाया है
  • वाइब्रेंट गांवों से अतिथि
  • पिछले एक साल के दौरान, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह
  • रक्षा उत्कृष्टता के लिए नवाचारों के नवप्रवर्तक/उद्यमी
  • अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के मूल समुदायों के जनजातीय बच्चे

विभिन्न राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से पारंपरिक वेशभूषा में सजे धजे 1,500 से अधिक लोगों को भी इस भव्य समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

जन सुविधा

  • क्लॉक रूम की व्यवस्था: गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान, आगंतुकों ने क्लॉक रूम की उपलब्धता की सराहना की थी। लिहाज़ा उपयोगकर्ताओं की सुविधा के लिए, स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भी पहली बार 12 स्थानों पर 25 क्लॉक रूम स्थापित किए गए हैं।
  • हेल्पडेस्क पर स्वयंसेवक: 190 स्वयंसेवक (‘माई भारत’ से 120 और एनसीसी से 70) पुलिस कर्मियों के साथ आगंतुकों को स्थल तक पहुँचने में मदद करेंगे। लाल किले के रास्ते में आगंतुक स्वयंसेवकों को पहचान सकते हैं।
  • व्हीलचेयर की व्यवस्था: व्हीलचेयर की ज़रुरत वाले सभी आगंतुकों के लिए, एनसीसी कैडेट मेट्रो स्टेशनों और पार्किंग क्षेत्रों में मौजूद रहेंगे।
  • अतिरिक्त कार पार्किंग सुविधाएँ: पार्किंग संख्या 4A में 250 अतिरिक्त कारों के लिए कार पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
  • मेट्रो सेवाएँ: लोगों को कार्यक्रम स्थल तक आसानी से पहुँचने में मदद करने के लिए, 15 अगस्त को मेट्रो सेवा सुबह 4 बजे से ही शुरू हो जाएगी।

प्रतियोगिताएँ

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में, रक्षा मंत्रालय ने माय गॉव के साथ मिलकर क्विज़ और प्रतियोगिताएँ आयोजित कीं। प्रतियोगिताओं का विवरण इस प्रकार है:

  • ज्ञानपथ पर संरचना डिज़ाइन प्रतियोगिता
  • ‘ऑपरेशन सिंदूर- आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति को पुनर्परिभाषित करना’, विषय पर निबंध प्रतियोगिता
  • रील प्रतियोगिता: भारत की स्वतंत्रता से जुड़े स्मारकों/स्थलों की सैर
  • ‘नया भारत सशक्त भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता
  • ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिताओं की श्रृंखला:
  1. नए भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका
  2. भारत रणभूमि: भारत की सीमा
  3. राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर नवाचार का उदय

इन प्रतियोगिताओं के करीब 1,000 विजेता भी इस समारोह का हिस्सा होंगे।

सैन्य बैंड प्रदर्शन

देश के नागरिकों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने और ऑपरेशन सिंदूर की जीत का जश्न मनाने के लिए, स्वतंत्रता दिवस समारोह की शाम को, पहली बार पूरे भारत में कई जगहों पर बैंड प्रदर्शन आयोजित किए जाएँगे। ये प्रदर्शन सेना, नौसेना, वायु सेना, भारतीय तटरक्षक बल, एनसीसी, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी, बीएसएफ, आईडीएस, आरपीएफ और असम राइफल्स के बैंड द्वारा देश भर के 140 से अधिक प्रमुख स्थानों पर प्रस्तुत किए जाएँगे।

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »