NEW English Version

ईएसआईसी अस्पताल व्यापक स्वास्थ्य पहलों के साथ स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का आयोजन कर रहे हैं

केन्‍द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 8वें राष्ट्रीय पोषण माह के साथ संयुक्‍त रूप से 17 सितंबर से 2 अक्टूबर, 2025 तक संचालित होने वाले पखवाड़े के अंतर्गत एक राष्ट्रव्यापी स्वास्थ्य अभियान-“स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 17 सितंबर, 2025 को 8वें राष्ट्रीय पोषण माह के औपचारिक शुभारंभ के साथ किया था। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), देश भर के 160 ईएसआई अस्पतालों में व्यापक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करके स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान में भागीदारी कर रहा है।

ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदाबाद

अखिल भारतीय स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के पहले दिन, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदाबाद ने महिलाओं के स्वास्थ्य, निवारक देखभाल और सामुदायिक जागरूकता के उद्देश्य से कई गतिविधियों का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन सामुदायिक चिकित्सा विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा गोयल और सहायक प्रोफेसर एवं नोडल अधिकारी डॉ. रोहित ढाका ने संकाय सदस्यों, चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में किया। यह पहल निवारक स्वास्थ्य सेवा को सुदृढ़ बनाने और कामकाजी महिलाओं एवं उनके परिवारों के लिए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के प्रति ईएसआईसी की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

शाही एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड और ध्रुव ग्लोबल लिमिटेड में औद्योगिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, जहां महिलाओं ने गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) और तपेदिक के लिए प्रश्नावली-आधारित जांच करवाई। उच्च रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया और सामान्य कैंसर का पता लगाने के लिए हीमोग्लोबिन आकलन, यादृच्छिक रक्त शर्करा और रक्तचाप माप सहित नैदानिक ​​​​परीक्षण और जांच की गई। जीवनशैली संबंधी विकारों, मासिक धर्म स्वच्छता, टीकाकरण, पोषण और एनीमिया प्रबंधन पर जागरूकता और परामर्श सत्र आयोजित किए गए। शिविरों में निक्षय मित्र पहल के अंतर्गत लाभार्थियों का नामांकन और तपेदिक प्रतिज्ञा में सक्रिय भागीदारी भी देखी गई।

इसके अलावा, स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करने के लिए फरीदाबाद स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्त और एकल प्लेटलेट (एसडीपी) दाताओं को उनके महान योगदान के लिए सम्मानित किया गया। रक्‍त और प्‍लेटलेट दान करने वालों के हीमोग्लोबिन परीक्षण और रक्त समूह का आकलन किया गया, जबकि सुरक्षित रक्ताधान सुनिश्चित करने के लिए दान किए गए रक्त की इकाइयों की तय मानकों के अनुरूप जांच की गई। शिविर में समुदाय में स्वैच्छिक रक्तदान की परम्‍परा को और बढ़ाने के लिए जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए।

ईएसआईसी, फरीदाबाद में कैंसर जागरूकता और जांच पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए एक व्यापक महिला स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। महिला लाभार्थियों को प्रसवपूर्व जांच, पोषण संबंधी जांच और परामर्श के साथ-साथ तपेदिक, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और एनीमिया की भी लक्षित जांच की गई। मुख, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर की विशेष जांच की गईं, जिनमें गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर का शीघ्र पता लगाने के लिए पैप स्मीयर परीक्षण भी शामिल थे। इन पहलों के माध्यम से, ईएसआईसी ने महिलाओं को सशक्त बनाने और परिवारों का कल्‍याण सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र निदान, निवारक देखभाल और स्वास्थ्य शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।

ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, सनथनगर, हैदराबाद

ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सनथनगर, हैदराबाद ने 17 सितंबर 2025 को अपने नवनिर्मित 200 बिस्तरों वाले अस्पताल भवन में इन-हाउस कैंप सेवाओं का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक मनाए जा रहे राष्ट्रव्यापी स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के हिस्से के रूप में आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य निवारक और प्रोत्साहक स्वास्थ्य देखभाल पहलों के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य को बढ़ावा देना और परिवारों को सशक्त बनाना है।

इस उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता ईएसआईसी के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी डॉ. सौरव कुमार दत्ता ने की और ईएसआईसी क्षेत्रीय कार्यालय, हैदराबाद के निदेशक श्री राजीव लाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और संकाय सदस्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

यह कार्यक्रम ईएसआईसी सनतनगर में स्वास्थ्य सेवा वितरण को सुदृढ़ बनाने और बीमित लाभार्थियों तथा समग्र समुदाय के लिए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 200 बिस्तरों वाली इस नई सुविधा से, अपनी एकीकृत शिविर सेवाओं के साथ, व्यापक, किफायती और रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के ईएसआईसी के मिशन के और सुदृढ़ होने की आशा है।

अभियान के अनुरूप, परिसर में वार्षिक निवारक स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान शिविर एवं शपथ, स्वच्छता ही सेवा शपथ, योग सत्र और फार्मा-सह-सतर्कता सप्ताह समारोह सहित कई गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन पहलों ने स्वास्थ्य संवर्धन, रोग निवारण और सामुदायिक सहभागिता के प्रति ईएसआईसी के समग्र दृष्टिकोण को प्रस्‍तुत किया।

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत दिनभर की गतिविधियों ने न केवल महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं, बल्कि जीवनशैली में बदलाव, पोषण और महिला-केंद्रित स्वास्थ्य चुनौतियों के बारे में जागरूकता भी बढ़ाई। ईएसआईसी राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राथमिकताओं का समर्थन करने और एक स्वस्थ, सशक्त और सुदृढ़ समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »