NEW English Version

भलस्वा डेयरी–स्वामी श्रद्धानंद कॉलोनी में सड़कों, नालियों और यातायात व्यवस्था की बदहाल स्थिति पर मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग


स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को लेकर आधुनिक वैश्विक कल्याण संस्थान (ट्रस्ट) ने उठाई आवाज

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेयरी क्षेत्र तथा स्वामी श्रद्धानंद कॉलोनी और आसपास के इलाकों में सड़कों, नालियों, फुटपाथों और यातायात व्यवस्था की लगातार बिगड़ती स्थिति को लेकर स्थानीय नागरिकों में गहरी चिंता व्याप्त है। इन समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए आधुनिक वैश्विक कल्याण संस्थान (ट्रस्ट) के कार्यकारी अध्यक्ष उमेश कुमार सिंह ने दिल्ली के माननीय मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शीघ्र हस्तक्षेप की अपील की है।

पत्र में बताया गया है कि लंबे समय से क्षेत्र में बुनियादी नागरिक सुविधाओं की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है, जिसके कारण स्थानीय निवासियों का दैनिक जीवन गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं, छात्रों तथा नौकरीपेशा लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उमेश कुमार सिंह ने अपने पत्र में क्षेत्र के प्रमुख मार्गों की स्थिति पर विशेष चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि मंगल बाजार चौक, बजरंग चौक, शनि बाजार, शनि बाजार मोड़, मछली मार्केट, गुर्जर चौक तथा झंडा चौक से होकर गुजरने वाली सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। विशेष रूप से शनि बाजार से मछली मार्केट तक की सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के लिए आवागमन जोखिमपूर्ण हो गया है।

सड़क की जर्जर स्थिति के कारण ई-रिक्शा तथा अन्य छोटे वाहन मुख्य मार्ग से बचते हुए गलियों से होकर गुजरने को मजबूर हैं। इससे संकरी गलियों में भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और स्थानीय लोगों को रोजाना जाम में फंसना पड़ता है। इसके अलावा मंगल बाजार चौक की स्थिति भी सुरक्षा की दृष्टि से चिंताजनक बताई गई है, जहां अक्सर अव्यवस्था और भीड़भाड़ का माहौल बना रहता है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र में फुटपाथों पर अतिक्रमण और अव्यवस्था के कारण पैदल चलना लगभग असंभव हो गया है। शाम के समय जब भीड़ बढ़ जाती है तो राहगीरों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। खराब सड़क स्थिति के कारण 101 बस सेवा को भी अपने पुराने मार्ग से हटाना पड़ा है, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। पत्र के अनुसार स्वामी श्रद्धानंद कॉलोनी के भलस्वा डेयरी क्षेत्र में स्थित लंबे समय से मंगल बाजार की गलियो में नालियों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। लगभग एक माह पूर्व नालियों की सफाई के दौरान जो कचरा और गाद निकाला गया था, उसे गली में ही छोड़ दिया गया, जिसे अब तक उठाया नहीं गया है। इसके कारण गली में गंदगी फैल गई है और नालियों का पानी भी सही ढंग से बह नहीं पा रहा है।

कई स्थानों पर पानी जमा होने से दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों के पनपने का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर सफाई न होने के कारण यह समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।

पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि समस्या केवल एक गली तक सीमित नहीं है, बल्कि मुख्य मार्गों पर भी सफाई व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक नहीं है। यह वही मार्ग है जो गुर्जर चौक, दुर्गा चौक, गणेश चौक, शनि बाजार, बजरंग चौक और मंगल बाजार से होते हुए आगे रूपनगर मेन रोड तक जाता है। इस पूरे मार्ग पर नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठाया जाता और न ही नालियों की पर्याप्त सफाई की जाती है।

उमेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर मंगल बाजार  तथा आसपास के क्षेत्रों में नालियों की नियमित सफाई, कूड़ा उठाने की समुचित व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं।

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान किया जाता है तो इससे क्षेत्र के हजारों निवासियों को राहत मिलेगी और एक स्वच्छ, सुरक्षित तथा व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित हो सकेगा। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि सरकार इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता देते हुए जल्द ठोस कार्रवाई करेगी। एवीके न्यूज सर्विस 

उमेश कुमार सिंह
उमेश कुमार सिंह

कार्यकारी अध्यक्ष

आधुनिक वैश्विक कल्याण संस्थान (ट्रस्ट)

Book Showcase

Best Selling Books

Ikigai: The Japanese secret to a long and happy life

By Héctor García, Francesc Miralles

₹318

Book 2 Cover

Why I am an Atheist and Other Works

By Bhagat Singh

₹104

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

Until Love Sets Us Apart

By Aditya Nighhot

₹176

Translate »