मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (अर्बन) सी.एम. ग्रिड्स के अंतर्गत अलीगढ़ में विकसित की गई सात प्रमुख सड़कों को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त रखने तथा शहर में अस्थायी धकेल, ठेले एवं अव्यवस्थित पार्किंग के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात समस्या के समाधान के लिए नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बड़ा निर्णय लेते हुए फेज-1 की सभी सात सड़कों को “नो वेंडिंग ज़ोन” घोषित करने व जीआईएस से लैस करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को नगर आयुक्त ने नगर निगम प्रवर्तन दल, सहायक नगर आयुक्त एवं तकनीकी टीम के साथ नगर निगम सेवा भवन सभागार में समीक्षा बैठक कर शहर की प्रमुख सड़कों पुलों के नीचे रिक्त स्थलों तथा सीएम ग्रिड परियोजना के अंतर्गत निर्मित मार्गों को स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के संबंध में विस्तृत कार्ययोजना को लेकर समीक्षा की।

बैठक में नगर आयुक्त ने प्रवर्तन दल को निर्देशित किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी सावधानी और विधिक प्रक्रिया के अंतर्गत की जाए अभियान प्रारंभ करने से पूर्व पुलिस प्रशासन का सहयोग सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। बैठक में नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने स्पष्ट कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजना सीएम ग्रिड की नव विकसित सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि पथ विक्रेताओं की आजीविका को ध्यान में रखते हुए नगर निगम के सभी जोनों में उनके लिए समुचित एवं व्यवस्थित वैकल्पिक वेंडिंग स्थल चिह्नित किए जाएं ताकि यातायात भी सुचारु रहे और पथ विक्रेताओं को भी सुविधा मिल सके।
समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने रामघाट रोड, आईटीआई रोड, जीटी रोड, मसूदाबाद, रेलवे रोड, दोदपुर, मेडिकल रोड, जमालपुर तथा शमशाद मार्केट रोड सहित कई क्षेत्रों में गंभीर अतिक्रमण की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि अगले तीन दिनों में इन मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।
नगर आयुक्त के अहम निर्देश
समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि ड्रोन सर्वे के माध्यम से अतिक्रमण के ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जाएं तथा फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराकर स्थायी रिकॉर्ड तैयार किया जाए। प्रवर्तन दल के साथ शिफ्टवार सचल दल गठित किए जाएं, जो प्रतिदिन तीन पालियों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेंगे।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि अगले एक सप्ताह के अंदर सभी चिन्हित अतिक्रमणकर्ताओं को नोटिस जारी किए जाएं। वेंडिंग ज़ोन के बाहर फुटपाथ या सड़कों पर अवैध रूप से सामान रखकर अतिक्रमण करने वालों का सामान जब्त किया जाएगा। नगर निगम के सभी 28 वेंडिंग ज़ोन को आगामी सात दिनों में हाई-रेजोल्यूशन कैमरों से लैस किया जाएगा और कमांड सेंटर से इंट्रीग्रेटे किया जाए ताकि प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह एवं तकनीकी टीम को सीएम ग्रिड की सातों सड़कों का विस्तृत सर्वे कर इन्हें औपचारिक रूप से “नो वेंडिंग ज़ोन” घोषित करने तथा उनकी 24 घंटे निगरानी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने बताया कि सीएम ग्रिड फेज-1 के अंतर्गत स्वर्ण जयंती नगर से रमेश विहार रोड बेगपुर मैरिस रोड से केला नगर रामघाट रोड मीनाक्षी पुल से क्वार्सी थाना खैर रोड हीरालाल पुलिया से नादा पुल चौराहा, गूलर रोड से देहलीगेट चौराहा आईटीआई रोड से बरौला पुल तथा रेलवे रोड महाराजा पैलेस से खटीकान चौराहे तक विकसित प्रमुख मार्गों को इस योजना में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि इन सभी सड़कों को कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ा जा रहा है जिससे रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव होगी। स्मार्ट तकनीक की मदद से शहर के प्रमुख बाजारों एवं मार्गों को अतिक्रमण एवं जाम मुक्त बनाने में बड़ी सहायता मिलेगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। मुख्य बाजारों में अतिक्रमण नियंत्रण हेतु पीली पट्टी बनाई जाएगी, जिसके अंदर ही दुकान, धकेल, पार्किंग एवं सामान रखने की अनुमति होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।