NEW English Version

शिवराज सिंह चौहान करेंगे 5 लाख पीएमएवाई-जी आवासों के गृह प्रवेश का शुभारंभ; महाराष्ट्र के लिए ₹8,368.50 करोड़ की केंद्रीय अंश सहायता जारी करेंगे

केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 15 मई 2026 को महाराष्ट्र के सतारा स्थित सैनिक स्कूल ग्राउंड में आयोजित “प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) लाभार्थी सम्मेलन एवं महा आवास अभियान राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह” में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री श्रीमती सुनेत्रा अजित पवार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के अंतर्गत पूर्ण हुए 5 लाख आवासों के गृह प्रवेश का शुभारंभ करेंगे। साथ ही, 6 पीएमएवाई-जी लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी सौंपेंगे, जिनमें योजना के अंतर्गत 3 करोड़वें आवास से जुड़े लाभार्थी भी शामिल होंगे।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री महाराष्ट्र को पीएमएवाई-जी के अंतर्गत वित्त वर्ष 2026-27 हेतु ₹8,368.50 करोड़ की केंद्रीय अंश की मातृ स्वीकृति जारी करेंगे। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY)-IV के अंतर्गत ₹122.98 करोड़ की लागत से 35 सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति भी जारी करेंगे, जिससे राज्य की 35 ग्रामीण बसावटें लाभान्वित होंगी।

कार्यक्रम के दौरान ‘महा आवास अभियान 2023-24’ के अंतर्गत राज्य स्तरीय पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में ‘महा आवास अभियान अवॉर्ड्स गौरवगाथा पुस्तिका’ एवं त्रैमासिक पत्रिका का प्रकाशन भी किया जाएगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण भारत सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य पात्र ग्रामीण परिवारों को मूलभूत सुविधाओं सहित पक्के आवास उपलब्ध कराना है। पीएमएवाई-जी के अंतर्गत अब तक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को 4.15 करोड़ आवासों का लक्ष्य आवंटित किया जा चुका है, जिनमें से 3.91 करोड़ आवास स्वीकृत किए गए हैं तथा 11 मई 2026 तक 3.03 करोड़ से अधिक आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।

महाराष्ट्र ने योजना के कार्यान्वयन में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। राज्य को आवंटित 43.80 लाख आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध 41.42 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा 17.92 लाख आवास पूर्ण हो चुके हैं। सतारा जिले में 55,052 आवासों के लक्ष्य के सापेक्ष 54,759 आवास स्वीकृत किए गए हैं तथा 24,848 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।

महाराष्ट्र के लिए पीएमजीएसवाई-IV के अंतर्गत बड़ी स्वीकृति

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY)-IV के अंतर्गत महाराष्ट्र के लिए बड़ी स्वीकृति की घोषणा भी की जाएगी, जिससे राज्य में ग्रामीण सड़क संपर्क एवं आधारभूत संरचना को और मजबूती मिलेगी।

पीएमजीएसवाई-IV (2026-27, बैच-I) के अंतर्गत 95.99 किलोमीटर लंबाई की 35 सड़क परियोजनाओं को लगभग ₹122.98 करोड़ की लागत से स्वीकृति का प्रस्ताव है। इन परियोजनाओं से राज्य की 35 ग्रामीण बसावटें लाभान्वित होंगी।

इन परियोजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में हर मौसम में सड़क संपर्क सुनिश्चित करना तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार एवं अन्य आवश्यक सार्वजनिक सेवाओं तक पहुंच को बेहतर बनाना है। यह पहल ग्रामीण महाराष्ट्र में सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देने एवं जीवन स्तर में सुधार लाने में सहायक होगी।

महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत अब तक 34 हजार किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों एवं 1000 से अधिक पुलों को स्वीकृति दी जा चुकी है, जिन पर ₹15 हजार करोड़ से अधिक की लागत स्वीकृत की गई है। इन परियोजनाओं के माध्यम से गांवों की सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत हुई है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है।

राज्य में पीएमजीएसवाई के अंतर्गत ‘न्यू एंड ग्रीन टेक्नोलॉजी’ आधारित सड़क निर्माण कार्यों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे आधुनिक, टिकाऊ एवं पर्यावरण-अनुकूल ग्रामीण आधारभूत संरचना विकसित हो रही है।

यह कार्यक्रम ग्रामीण आवास, सड़क संपर्क एवं आधारभूत संरचना विकास के माध्यम से ग्रामीण परिवर्तन को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Book Showcase

Best Selling Books

Ikigai: The Japanese secret to a long and happy life

By Héctor García, Francesc Miralles

₹318

Book 2 Cover

Why I am an Atheist and Other Works

By Bhagat Singh

₹104

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

Until Love Sets Us Apart

By Aditya Nighhot

₹176

Translate »