NEW English Version

डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व में ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ बना जन-आंदोलन

विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर राजधानी दिल्ली के प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व में आयोजित ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के विशेष संस्करण में अभिनेता विक्रांत मैसी, विश्व चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता मुक्केबाज नुपुर श्योराण, प्रसिद्ध कन्नड़ अभिनेत्री रागिनी द्विवेदी सहित हजारों लोगों ने भाग लिया। नई दिल्ली में 15 हजार से अधिक लोगों ने साइकिल चलाकर फिटनेस का संदेश दिया, जबकि देशभर में कश्मीर के कारगिल और लेह से लेकर कन्याकुमारी और अल्लेप्पी तक तथा त्रिपुरा से लेकर वडोदरा तक हजारों स्थानों पर आयोजित साइकिलिंग अभियानों में चार लाख से अधिक लोगों की भागीदारी दर्ज की गई।

दिसंबर 2024 में डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा शुरू की गई इस पहल ने अब तक देशभर में 30 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रूप से जोड़ा है। यह अभियान केवल फिटनेस कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरणीय चेतना का एक व्यापक सामाजिक आंदोलन बनता दिखाई दे रहा है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. मांडविया ने अभिनेता विक्रांत मैसी के साथ मैत्रीपूर्ण रस्साकशी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने हजारों प्रतिभागियों के साथ साइकिल रैली में भाग लिया, जहां “भारत माता की जय” और “फिट इंडिया, हिट इंडिया” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

इस राष्ट्रीय अभियान में विभिन्न राज्य सरकारों के खेल विभागों के अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना, भारतीय तटरक्षक बल, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने भी बड़े स्तर पर भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ का यह 77वां संस्करण है और साइकिलिंग केवल स्वास्थ्य सुधार का माध्यम नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक संतुलन का भी प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, मानसिक संतुलन बना रहता है, ईंधन की बचत होती है और प्रदूषण कम करने में सहायता मिलती है। उन्होंने बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के रूप में भी साइकिलिंग को प्रभावी बताया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संदेश का उल्लेख किया जिसमें प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट फिटनेस गतिविधियों के लिए समर्पित करने की बात कही गई है। डॉ. मांडविया ने लोगों से आह्वान किया कि वे साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और फिट इंडिया आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाएं।

इस अवसर पर राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), कृषक संगठनों, माई भारत वालंटियर्स, फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (पीईएफआई), क्रीड़ा भारती, विभिन्न फिट इंडिया साइकिलिंग क्लबों तथा अनेक सामाजिक संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। हेका, फिटस्पायर, देसी फार्म्स, एवॉन साइकिल्स और साइक्लोफिट जैसी संस्थाओं ने भी इस आयोजन को सहयोग प्रदान किया।

देशभर के अनेक नगर निगमों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में साइकिल रैलियां और फिटनेस गतिविधियां आयोजित कीं। वहीं साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने महिलाओं के लिए विशेष ‘अस्मिता साइकिलिंग टूर्नामेंट’ आयोजित किए। अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग संस्था यूसीआई ने भी इस अभियान में सहयोग किया।

अभिनेता विक्रांत मैसी ने कार्यक्रम के दौरान अपने बचपन की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि वर्षों बाद साइकिल चलाकर उन्हें अपने पुराने दिनों की याद ताजा हो गई। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में बच्चों और युवाओं का स्क्रीन टाइम तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में मैदानों और खेल गतिविधियों से जुड़ना बेहद आवश्यक हो गया है।

विक्रांत मैसी ने कहा कि डॉ. मनसुख मांडविया पिछले डेढ़-दो वर्षों से इस अभियान के प्रति अत्यंत समर्पित हैं और हर रविवार साइकिलिंग में भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि आज यहां मौजूद हजारों लोगों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि यह अभियान अब एक राष्ट्रीय जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति चाहे कितनी भी आर्थिक सफलता हासिल कर ले, यदि स्वास्थ्य अच्छा नहीं है तो बाकी उपलब्धियां महत्वहीन हो जाती हैं।

विश्व कप में दो स्वर्ण पदक जीत चुकीं मुक्केबाज नुपुर श्योराण ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि फिट इंडिया जैसे अभियानों के कारण आज देश के लोग स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर पहले की तुलना में कहीं अधिक जागरूक हुए हैं। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग एक अत्यंत आनंददायक और प्रभावी शारीरिक गतिविधि है तथा प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम 15 से 30 मिनट किसी न किसी शारीरिक गतिविधि के लिए अवश्य निकालने चाहिए।

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रिपल जंप खिलाड़ी प्राची तोमर और राष्ट्रीय स्तर की 3000 मीटर स्टीपलचेज धाविका शिवानी प्रधानिया ने भी भाग लिया।

जनसामान्य को आकर्षित करने के लिए आयोजन स्थल पर एक विशेष फन जोन भी बनाया गया था, जहां बैडमिंटन, शतरंज, कैरम और लूडो जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके अलावा लेमन रेस, बॉल गेम, रस्साकशी, स्क्वाट चैलेंज और पुश-अप चैलेंज जैसी प्रतियोगिताओं ने प्रतिभागियों में उत्साह भर दिया।

‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, योगासन भारत, राहगीरी फाउंडेशन और माई भारत के सहयोग से किया जाता है। यह अभियान देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों, खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्रों और खेलो इंडिया केंद्रों के माध्यम से एक साथ संचालित किया जा रहा है।

Book Showcase

Best Selling Books

Ikigai: The Japanese secret to a long and happy life

By Héctor García, Francesc Miralles

₹318

Book 2 Cover

Why I am an Atheist and Other Works

By Bhagat Singh

₹104

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

Until Love Sets Us Apart

By Aditya Nighhot

₹176

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »