माननीय मुख्यमंत्री जी उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप नगरीय जनसुविधाओं को प्रभावी बनाने तथा स्थानीय नागरिकों एवं पार्षदों द्वारा प्राप्त जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा द्वारा प्रतिदिन जनसुनवाई की जा रही है। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का स्वयं मौके पर जाकर सत्यापन करने की कार्यप्रणाली के क्रम में गुरुवार को नगर आयुक्त ने वार्ड-32 स्थित बापूधाम काशीराम आवास कॉलोनी का औचक निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि बीते दिनों स्थानीय नागरिकों द्वारा नगर आयुक्त को काशीराम आवास कॉलोनी में गंदगी, जलभराव, स्ट्रीट लाइटों के बंद रहने, सीवर ओवरफ्लो तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं के अभाव की शिकायतें दी गई थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त गुरुवार की तपती दोपहर स्वयं मौके पर पहुंचे और सफाई व्यवस्था, नालियों की स्थिति, स्ट्रीट लाइट, सीवर व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं का भौतिक सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पाया कि कॉलोनी में सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब थी अनेक स्थानों पर नालियां ओवरफ्लो हो रही थीं कई दिनों से झाड़ू नहीं लगाई गई थी तथा गंदगी के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस स्थिति पर नगर आयुक्त ने मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया।स्वच्छता एवं खाद्य निरीक्षक डॉ. रामजीलाल द्वारा संतोषजनक उत्तर न दिए जाने तथा सफाई व्यवस्था में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर नगर आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से उनका वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए।

वहीं नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था के लिए जिम्मेदार सुखमा कंपनी के सुपरवाइजर अनुज की प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए उसकी सेवाएं तत्काल समाप्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सफाई कार्य में गंभीर अनियमितताओं के चलते सुखमा कंपनी पर ₹5 लाख का आर्थिक दंड तत्काल प्रभाव से लगाने के आदेश जारी किए।
नगर आयुक्त ने बताया कि कांशीराम आवास कालोनी में बच्चों के लिए पार्क बनेगा, -जलनिकासी के लिए जल्द नाली का निर्माण व निकटतम नवनिर्मित पम्पिंग स्टेशन से इस नाली को जोड़ा जाएगा ताकि आस पास जलनिकासी प्रभावी बन सके। आज शाम तक कालोनी में लगेंगी 50 स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी साथ ही साथ इस कालोनी में प्रभावी होगा डोर टू डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था को लागू किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अवर अभियंता (लाइट) रोहित पांडे को निर्देशित किया कि कॉलोनी का सघन निरीक्षण कर आगामी तीन दिनों के अंदर सभी बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराया जाए जिससे नागरिकों को रात्रि में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सीवर की जटिल समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर आयुक्त ने अवर अभियंता नरेंद्र सिंह को निर्देश दिए कि कॉलोनी का तत्काल सर्वेक्षण कर सभी खुले मैनहोल को सुरक्षित रूप से ढका जाए तथा सीवर लाइन की सफाई कर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त कॉलोनी में आवश्यक नाली, सड़क, खरंजा एवं पुलिया निर्माण सहित अन्य आधारभूत विकास कार्यों के लिए अवर अभियंता (निर्माण) गिरीश कुमार को तत्काल विस्तृत व्यय प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए ताकि आवश्यक कार्य शीघ्र स्वीकृत कराकर प्रारंभ कराए जा सकें।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वार्ड 32 में निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर सफाई एजेंसी पर 5 लाख का जुर्माना लगाने के साथ-साथ स्वच्छता एवं खाद्य निरीक्षक का वेतन अग्रिम आदेशो तक रोका गया है साथ ही साथ कंपनी के सुपरवाइजर की तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्त की गई है।
उन्होंने कहा सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सीवर अथवा अन्य जनसुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी जो अधिकारी, कर्मचारी अथवा एजेंसी अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी से नहीं करेगी उसके विरुद्ध कठोर एवं दंडात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अलीगढ़ नगर निगम