मुख्यमंत्री-ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (अर्बन) (सी.एम. ग्रिड्स) योजनान्तर्गत अलीगढ़ नगर निगम द्वारा फेज-2 पैकेज 1 अंतर्गत लगभग 8702.89 लाख की लागत से वार्ड 5,9,12,17,22,36,57,58 व 62 मे जीटी रोड छर्रा अड्डा पुल से एटा चुंगी चौराहे होते हुए बोनेर कट तक 5.200 किलोमीटर लम्बी सड़क को शहर की वर्ल्ड क्लास सड़क के रूप में बनाये जाने के लिए सड़क निर्माण कार्य बीते 10 दिसंबर 2025 को महापौर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के शुभारंभ के साथ शुरू किया गया था।
महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट सीएम ग्रिड योजनांतर्गत लगभग 5 किलोमीटर वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस नौरंगाबाद पुल से बोनेर कट तक सड़क निर्माण जिसमे सड़क चौड़ीकरण, फुटपाथ निर्माण, नाला निर्माण के साथ साथ यूटिलिटी शिफ्टिंग (विद्युत आपूर्ति/केबिल अंडरग्राउंड) को कराये जाने में कई बाधक अस्थायी/स्थाई अतिक्रमणो के कारण प्रोजेक्ट पूर्ण होने में देरी हो रही थी।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार व नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा निर्देशों पर नगर निगम जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने दिल्ली-कानपुर मार्ग (पुराना राष्ट्रीय राजमार्ग-91) के चौड़ीकरण कार्य को गति प्रदान करने के उद्देश्य से बुधवार को एटा चुंगी चौराहे से जीटी रोड तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध निर्माण, अस्थायी अतिक्रमण, टीन शेड, खोखे, ठेले एवं अन्य अवरोधों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि दिल्ली-कानपुर मार्ग (पुराना एनएच-91) के किलोमीटर चेनज 136.845 से 140.200 (छर्रा अड्डा से बोनेर तिराहा होते हुए एटा चुंगी चौराहा) तक चार लेन सड़क का पेव्ड शोल्डर्स सहित चौड़ीकरण प्रस्तावित है। इस परियोजना के लिए 4.017 हेक्टेयर संरक्षित वन भूमि के गैर वानिकी उपयोग के सापेक्ष सममूल्य 4.017 हेक्टेयर गैर वन भूमि उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया भी शासन स्तर पर संचालित है। जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि परियोजना में किसी प्रकार की बाधा न आए।
नगर आयुक्त ने ये भी बताया कि कि ग्राम गोपी, परगना अकराबाद, तहसील कोल, जनपद अलीगढ़ स्थित गाटा संख्या-4 की कुल 9.000 हेक्टेयर भूमि में से 4.017 हेक्टेयर भूमि वन विभाग को प्रतिपूरक वनीकरण (Compensatory Afforestation) हेतु प्रस्तावित की गई है। जिलाधिकारी ने सामाजिक वानिकी विभाग से उक्त भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर विभागीय सहमति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है ताकि वन भूमि के गैर-वानिकी उपयोग की स्वीकृति की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूर्ण हो सके और परियोजना में किसी प्रकार का विलंब न हो।
उन्होंने बताया कि इसी क्रम में सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह के नेतृत्व में नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने पुलिस एवं संबंधित विभागों के सहयोग से सड़क चौड़ीकरण में बाधा बनने वाले अवैध निर्माण, टीन शेड, चबूतरे, खोखे, ठेले तथा अन्य अतिक्रमण हटाए व संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में पुनः अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी गई।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत विकसित की जा रही यह सड़क अलीगढ़ शहर की पहचान बनने वाली है। नगर निगम का प्रयास इसे एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर धूल रहित, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त सड़क के रूप में विकसित करना है। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, देरी या गुणवत्ता से समझौता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।