NEW English Version

जंगल के बीच गूंजी किलकारी: मूसलाधार बारिश और अंधेरी रात में बस बनी प्रसूति कक्ष, यात्रियों ने रची इंसानियत की अनुपम मिसाल

बिलासपुर/अंबिकापुर। आज के समय में जब आए दिन संवेदनहीनता, स्वार्थ और सामाजिक विघटन की खबरें सुर्खियां बनती हैं, ऐसे दौर में छत्तीसगढ़ की धरती से आई एक घटना ने मानवता के प्रति विश्वास को फिर से जीवंत कर दिया है। यह केवल एक नवजात के जन्म की कहानी नहीं है, बल्कि यह उस मानवीय संवेदना, सहयोग और सामाजिक एकता का जीवंत दस्तावेज है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी इंसान को इंसान से जोड़ती है।

घने जंगलों से घिरे सुनसान मार्ग, बाहर मूसलाधार बारिश, रात का गहरा अंधकार और चारों ओर पसरा सन्नाटा – ऐसे कठिन समय में जब कोरबा से पटना जा रही एक यात्री बस बलरामपुर मार्ग पर आगे बढ़ रही थी, तभी बस में सवार एक गर्भवती नवविवाहिता को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। कुछ ही क्षणों में पूरी बस का माहौल बदल गया। यात्रियों के चेहरों पर चिंता की लकीरें थीं, लेकिन घबराहट के स्थान पर सभी ने अद्भुत धैर्य और संयम का परिचय दिया।

सोमवार देर रात लगभग 11:30 बजे करीब 35 यात्रियों को लेकर चल रही बस जैसे ही जंगल के बीच पहुंची, महिला की पीड़ा असहनीय होने लगी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तत्काल बस को सुरक्षित स्थान पर रोक दिया। दूर-दूर तक न अस्पताल था, न चिकित्सक और न ही कोई अन्य सहायता उपलब्ध थी। ऐसे में यात्रियों के सामने केवल एक ही विकल्प था – मानवता और साहस के बल पर स्थिति का सामना करना।

बस में सवार सहयात्री नवजात के साथ सुमंती देवी जिसने सुरक्षित प्रसव कराया

बस में मौजूद महिला यात्री सुमती देवी सहित अन्य महिलाओं ने बिना समय गंवाए प्रसूता की सहायता का दायित्व अपने हाथों में ले लिया। बस स्टाफ ने भी पूरा सहयोग दिया। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद महिलाओं ने अद्भुत सूझबूझ, धैर्य और मातृत्व की संवेदनाओं का परिचय देते हुए बस को ही अस्थायी प्रसूति कक्ष में बदल दिया। यात्रियों ने चादरों और कपड़ों की आड़ बनाकर गोपनीयता और गरिमा का पूरा ध्यान रखा।

करीब आधे घंटे तक चले संघर्ष के बाद आखिर वह क्षण आया, जिसका सभी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। जैसे ही नवजात शिशु की पहली किलकारी बस में गूंजी, पूरे वातावरण में खुशी, राहत और भावुकता की लहर दौड़ गई। कुछ देर पहले तक चिंता में डूबे यात्रियों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। बस तालियों की गूंज, बधाइयों और ईश्वर के प्रति कृतज्ञता के भाव से भर उठी। उस पल बस में मौजूद हर व्यक्ति मानो उस नवजात का अपना बन गया था।

मानवीय संवेदनाओं का यह सिलसिला यहीं समाप्त नहीं हुआ। जब यात्रियों को यह जानकारी मिली कि दंपती आर्थिक रूप से कमजोर है और उनके पास उपचार तथा आवश्यक खर्चों के लिए पर्याप्त धन नहीं है, तब किसी ने कोई अपील नहीं की, फिर भी सहायता का सिलसिला स्वयं शुरू हो गया। किसी ने सौ रुपये दिए, किसी ने दो सौ, किसी ने पांच सौ और कुछ यात्रियों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार अधिक राशि भी दी। देखते ही देखते हजारों रुपये एकत्र हो गए। यह केवल आर्थिक सहयोग नहीं था, बल्कि संकट में एक अनजान परिवार के साथ खड़े होने की मानवीय प्रतिबद्धता का अनुपम उदाहरण था।

इसके बाद बस बलरामपुर पहुंची, जहां प्रसूता और नवजात को तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने दोनों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों ने बताया कि माँ और शिशु दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं तथा चिकित्सकीय निगरानी में हैं। इस सुखद समाचार ने सभी यात्रियों के चेहरों पर फिर से संतोष की मुस्कान बिखेर दी।

यह घटना केवल एक समाचार नहीं, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणा है। यह बताती है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी यदि लोग एक-दूसरे का हाथ थाम लें तो बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है। जंगल के बीच चलती एक साधारण बस उस रात केवल यात्रा का साधन नहीं रही, बल्कि वह करुणा, सहयोग, साहस और मानवता का चलता-फिरता मंदिर बन गई।

आज जब सामाजिक संबंधों में बढ़ती दूरी, स्वार्थ और संवेदनहीनता को लेकर निराशा व्यक्त की जाती है, तब छत्तीसगढ़ के जंगलों में जन्मी यह किलकारी पूरे समाज को नया संदेश देती है। यह घटना याद दिलाती है कि इंसानियत अभी भी जीवित है, बस उसे जगाने के लिए एक संवेदनशील हृदय और आगे बढ़ने वाले हाथों की आवश्यकता होती है।

वास्तव में, उस अंधेरी रात में केवल एक बच्चे का जन्म नहीं हुआ, बल्कि मानवता ने भी एक बार फिर नया जन्म लिया। यह घटना आने वाले समय तक इस बात की प्रेरणा देती रहेगी कि संकट की घड़ी में धर्म, जाति, भाषा और पहचान से ऊपर उठकर यदि कोई सबसे बड़ा धर्म है, तो वह मानवता है।

सुरेश सिंह बैस "शाश्वत"
सुरेश सिंह बैस “शाश्वत”
Book Showcase

Best Selling Books

Ikigai: The Japanese secret to a long and happy life

By Héctor García, Francesc Miralles

₹318

Book 2 Cover

Why I am an Atheist and Other Works

By Bhagat Singh

₹104

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

Until Love Sets Us Apart

By Aditya Nighhot

₹176

Translate »