संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल में गरिमापूर्ण ‘इन्वेस्टिचर सेरेमनी-2026’ का भव्य आयोजन
वाराणसी। संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोइराजपुर, वाराणसी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद (स्टूडेंट काउंसिल) के गठन एवं अलंकरण हेतु भव्य इन्वेस्टीचर सेरेमनी-2026 का आयोजन उत्साह एवं गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री राकेश कुमार सिंह (डीआईजी, सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर, चंदौली) ने नवनिर्वाचित छात्र परिषद को बैज पहनाकर उन्हें अलंकृत किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सफल नेतृत्व का आधार प्रभावी अभिव्यक्ति, शांत एवं सहज व्यक्तित्व, संस्कार, अनुशासन और सुदृढ़ नेतृत्व क्षमता है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्होंने नवगठित छात्र परिषद को शुभकामनाएँ दीं तथा विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उन्हें प्रेरित भी किया।

इस अवसर पर संस्था सचिव श्री राहुल सिंह, निदेशिका डॉ वंदना सिंह, उपनिदेशक श्री आयुष्मान सिंह एवं प्रधानाचार्या डॉ नीलम सिंह ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा और उत्तरदायित्वों का निर्वहन करने का अवसर है। विद्यार्थी शिक्षा, संस्कार, अनुशासन एवं नेतृत्व के समन्वय से अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करें। नवनिर्वाचित सदस्यों को प्रधानाचार्या डॉ नीलम सिंह ने पद और उत्तरदायित्व की शपथ दिलायी।
समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए सचिन यादव को हेड बॉय, सृष्टि यादव को हेड गर्ल, नितिन कुमार दुबे को वाइस हेड बॉय, राजलक्ष्मी सिंह को वाइस हेड गर्ल, समृद्धि सिंह को काउंसिल सेक्रेटरी, मेघा को कन्वीनर, शिवम श्रीवास्तव को क्लब सेक्रेटरी, उज्ज्वल सिंह तथा श्रीशा सम्राट को स्पोर्ट्स कैप्टन के रूप में अलंकृत किया गया। विद्यालय के छह सदनों के नवचयनित पदाधिकारियों ने भी अपने दायित्वों के प्रति निष्ठा एवं समर्पण की शपथ ग्रहण की।