16 नवंबर राष्ट्रीय प्रेस दिवस
लोकतंत्र की मजबूती केवल चुनावों, संसद और संवैधानिक संस्थाओं से सुनिश्चित नहीं होती, बल्कि इसके लिए जागरूक नागरिकों और स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा जिम्मेदार पत्रकारिता की भी आवश्यकता होती है। इसी महत्त्व को रेखांकित करने के लिए भारत में प्रत्येक वर्ष “16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस” मनाया जाता है। यह दिन पत्रकारिता की स्वतंत्रता, उसके नैतिक दायित्वों और समाज के प्रति उसकी जवाबदेही पर आत्ममंथन का अवसर है।
प्रेस को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है। विधायिका कानून बनाती है, कार्यपालिका उन्हें लागू करती है और न्यायपालिका न्याय सुनिश्चित करती है, वहीं पत्रकारिता सत्ता, व्यवस्था और समाज की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए जनहित के प्रश्नों को सामने लाती है।
भारत में प्रेस परिषद की स्थापना के संदर्भ में 16 नवंबर का विशेष महत्त्व है। भारतीय प्रेस परिषद ने इसी दिन 1966 में कार्य करना आरंभ किया था। इसका उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा करना और पत्रकारिता के मानकों को बनाए रखने में सहायता करना है। स्वतंत्र पत्रकारिता का अर्थ केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि तथ्यों की पड़ताल करना, जनसमस्याओं को आवाज देना और सत्ता से जवाबदेही सुनिश्चित करना भी है। जब पत्रकार निर्भीक होकर सच सामने लाता है, तब वह केवल किसी घटना की सूचना नहीं देता, बल्कि लोकतांत्रिक चेतना को भी मजबूत करता है।
भारतीय पत्रकारिता का इतिहास संघर्ष, त्याग और जनजागरण की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा रहा है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अनेक समाचार-पत्रों ने जनमत तैयार करने, औपनिवेशिक शासन की नीतियों का विरोध करने और राष्ट्रीय चेतना जगाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समय के साथ पत्रकारिता का स्वरूप बदला। तकनीक, पूँजी, विज्ञापन और प्रतिस्पर्धा ने समाचार माध्यमों का विस्तार किया। आज डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के कारण सूचना कुछ ही क्षणों में दुनिया भर में पहुँच जाती है। यह प्रगति अवसरों के साथ नई चुनौतियाँ भी लेकर आई है।जब समाचारों पर व्यावसायिक हित हावी होने लगते हैं, विज्ञापन और संपादकीय सामग्री के बीच की सीमा धुंधली पड़ती है अथवा सनसनी को सत्य से अधिक महत्त्व दिया जाता है, तब पत्रकारिता की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। पत्रकारिता का आर्थिक रूप से सक्षम होना आवश्यक है, लेकिन उसकी आत्मा जनहित, सत्यनिष्ठा और नैतिकता में ही बसती है।
आज सूचना की अधिकता के बीच सही और गलत का अंतर पहचानना कठिन होता जा रहा है। बिना पुष्टि के प्रसारित संदेश, भ्रामक शीर्षक, आधे-अधूरे तथ्य और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से तैयार की गई भ्रामक सामग्री जनमत को प्रभावित कर सकती है। ऐसे समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि, संबंधित पक्षों का दृष्टिकोण, स्रोतों की विश्वसनीयता और भाषा की मर्यादा पर ध्यान देना अनिवार्य है। गलती होने पर उसका सुधार करना भी पत्रकारिता की ईमानदारी का हिस्सा है। पाठकों और दर्शकों की भी जिम्मेदारी है कि वे किसी सनसनीखेज खबर को बिना सत्यापन के साझा न करें। जागरूक नागरिक और जिम्मेदार पत्रकारिता मिलकर ही सूचना के स्वस्थ वातावरण का निर्माण कर सकते हैं।
पत्रकारिता से अपेक्षा की जाती है कि वह समाज के कमजोर वर्गों, वंचितों और पीड़ितों की आवाज बने। लेकिन इसके लिए पत्रकारों को निष्पक्ष काम करने का वातावरण, पेशेवर स्वतंत्रता और आवश्यक सुरक्षा मिलना भी जरूरी है।
पत्रकार पर दबाव, धमकी या अनुचित हस्तक्षेप न केवल व्यक्ति की स्वतंत्रता को प्रभावित करता है, बल्कि जनता के सूचना पाने के अधिकार को भी कमजोर करता है। साथ ही, पत्रकारिता की स्वतंत्रता का अर्थ गैर-जिम्मेदारी नहीं है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ तथ्यपरकता, कानून का सम्मान और सामाजिक संवेदनशीलता भी आवश्यक हैं। राष्ट्रीय प्रेस दिवस केवल पत्रकारों के सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए यह विचार करने का दिन है कि हम कैसी पत्रकारिता चाहते हैं। ऐसी पत्रकारिता, जो सत्ता से प्रश्न पूछ सके, समाज की पीड़ा समझ सके, गलतियों को स्वीकार कर सके और किसी भी दबाव से ऊपर उठकर जनहित को प्राथमिकता दे। पत्रकारिता की वास्तविक प्रतिष्ठा उसके संस्थान, प्रसार या तकनीकी साधनों से नहीं, बल्कि जनता के उस विश्वास से बनती है, जिसे अर्जित करने में वर्षों लगते हैं और खोने में कुछ क्षण।
कलम बिके तो सत्य का उजियारा खो जाता है,
झूठ सजे तो जनविश्वास बेचारा हो जाता है।
निर्भीक कलम ही लोकतंत्र की शान बने,
जनहित जिसका धर्म, वही पत्रकार महान बने।।

वरिष्ठ पत्रकार / साहित्यकार / अधिवक्ता, एवीके न्यूज सर्विस