16 नवंबर — अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस
मनुष्य की पहचान केवल उसकी भाषा, वेशभूषा, विचारधारा या सामाजिक पृष्ठभूमि से नहीं होती, बल्कि इस बात से भी होती है कि वह अपने से भिन्न विचार रखने वाले व्यक्ति के साथ कैसा व्यवहार करता है। दूसरों की बात सुनना, मतभेदों को समझना और असहमति के बावजूद सम्मान बनाए रखना ही सहिष्णुता का वास्तविक स्वरूप है। आज जब छोटी-छोटी बातों पर विवाद, कटुता और सामाजिक तनाव बढ़ते दिखाई देते हैं, तब सहिष्णुता का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ जाता है।
संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रत्येक वर्ष “16 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस” मनाया जाता है। वर्ष 1995 में यूनेस्को ने सहिष्णुता के सिद्धांतों पर घोषणा स्वीकार की थी। इसके एक वर्ष बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा ने इस दिवस को मनाने का आह्वान किया। इसका मूल उद्देश्य समाज में विविधता के प्रति सम्मान, मानवाधिकारों की रक्षा, भेदभाव के विरोध और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की भावना को मजबूत करना है।
सहिष्णुता को कई बार गलत अर्थों में समझ लिया जाता है। इसका अर्थ अन्याय को स्वीकार करना, गलत बात पर मौन रहना या अपने अधिकारों का त्याग करना नहीं है। इसका वास्तविक अर्थ है – असहमति को हिंसा, अपमान, घृणा और भेदभाव का कारण न बनने देना।लोकतंत्र में विचारों की विविधता उसकी शक्ति होती है। किसी निर्णय, नीति या सामाजिक परंपरा से असहमत होना नागरिक का अधिकार है। लेकिन अपनी बात रखते समय दूसरे की गरिमा का सम्मान करना भी उतना ही आवश्यक है। स्वस्थ समाज वह नहीं, जहां सभी लोग एक जैसा सोचते हों; स्वस्थ समाज वह है, जहाँ अलग-अलग विचार रखने वाले लोग भी संवाद के माध्यम से साथ रह सकें।
डिजिटल युग ने विचारों के आदान-प्रदान को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ भ्रामक सूचनाओं, अपमानजनक टिप्पणियों और बिना तथ्य जांचे संदेश साझा करने की प्रवृत्ति ने नई चुनौतियां भी पैदा की हैं। सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति की राय से असहमत होते ही उसे अपमानित करना, उसके चरित्र पर टिप्पणी करना या उसे किसी समूह के विरुद्ध खड़ा कर देना संवाद की संस्कृति को कमजोर करता है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता महत्वपूर्ण है, किंतु उसके साथ तथ्यपरकता और सामाजिक उत्तरदायित्व भी जुड़ा है। किसी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जाँचना, उत्तेजक भाषा से बचना और विरोधी विचार को समझने का प्रयास करना डिजिटल सहिष्णुता के आवश्यक आधार हैं।पत्रकारिता, साहित्य और सार्वजनिक विमर्श की भूमिका भी यहां महत्वपूर्ण हो जाती है। पत्रकारिता का दायित्व केवल घटनाओं की सूचना देना नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर जनमत को जागरूक करना और समाज में स्वस्थ बहस के लिए स्थान उपलब्ध कराना भी है। साहित्य मनुष्य को दूसरे के दुख, संघर्ष और संवेदनाओं को समझने की दृष्टि देता है। इसीलिए संवाद और संवेदना, सहिष्णु समाज की बुनियाद हैं।

भारत विविध भाषाओं, परंपराओं, जीवन-पद्धतियों और विचारों वाला देश है। यहां अनेक समुदायों ने अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान के साथ देश की सामूहिक विरासत को समृद्ध किया है। संविधान सभी नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और गरिमा का आधार प्रदान करता है। इन संवैधानिक मूल्यों की सार्थकता तभी है, जब वे हमारे व्यवहार में भी दिखाई दें। परिवार में बच्चों को दूसरों की बात सुनना सिखाना, विद्यालयों में भिन्न मतों का सम्मान करना, सार्वजनिक जीवन में अपमानजनक भाषा से बचना और समाज में कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील रहना—ये छोटे कदम बड़े सामाजिक परिवर्तन का आधार बन सकते हैं। सहिष्णुता का अर्थ केवल दूसरे को सह लेना नहीं, बल्कि उसकी मानवीय गरिमा को स्वीकार करना है। किसी व्यक्ति की भाषा, जाति, धर्म, क्षेत्र, लिंग या विचारों के कारण उसके साथ भेदभाव करना सामाजिक एकता को चोट पहुंचाता है। न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए कानून के पालन के साथ-साथ मानवीय दृष्टिकोण भी आवश्यक है।
अब आवश्यकता इस बात की है कि हम प्रतिक्रिया देने से पहले विचार करें, निर्णय सुनाने से पहले तथ्यों को समझें और विरोध करने से पहले संवाद का अवसर दें। असहमति लोकतंत्र को जीवंत बनाती है, लेकिन घृणा उसे कमजोर करती है। मतभेदों का समाधान संवाद, संवैधानिक मर्यादा और पारस्परिक सम्मान से ही संभव है। अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस हमें याद दिलाता है कि शांति केवल युद्ध का अभाव नहीं, बल्कि ऐसा सामाजिक वातावरण भी है जिसमें प्रत्येक व्यक्ति भय और भेदभाव से मुक्त होकर सम्मानपूर्वक जीवन जी सके।
हम संकल्प लें कि विचार अलग होने पर भी संबंधों में कटुता नहीं आने देंगे, किसी के सम्मान को ठेस पहुँचाकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध नहीं करेंगे और समाज में सद्भाव, न्याय तथा संवेदना को बढ़ावा देंगे। क्योंकि *सच्ची सहिष्णुता वहीं है, जहाँ असहमति के बीच भी मानवता जीवित रहती है।*
विचार भिन्न हों, फिर भी संवाद बना रहने दो,
मन में प्रेम जगे, सद्भाव
का दीप जलने दो।
सम्मान मिले सबको,
यही सभ्यता की पहचान,
सहिष्णुता से ही बनेगा
सुंदर हमारा हिंदुस्तान।।

वरिष्ठ पत्रकार / साहित्यकार / अधिवक्ता, एवीके न्यूज सर्विस