NEW English Version

आकाशवाणी बिलासपुर के ‘भूंईया के बोली’ कार्यक्रम में गौरा-गौरी परब पर होगी विशेष वार्ता

वरिष्ठ पत्रकार-साहित्यकार सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत साझा करेंगे लोकपरंपरा, आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और लोकआस्था को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आकाशवाणी बिलासपुर केंद्र के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘भूंईया के बोली’ में 17 नवंबर मंगलवार को शाम 5.10 बजे गौरा-गौरी परब पर विशेष वार्ता प्रसारित की जाएगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार, लेखक एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’ गौरा-गौरी परब की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और लोकआस्था से जुड़ी विशेषताओं पर सारगर्भित जानकारी साझा करेंगे। कार्यक्रम का प्रसारण मंगलवार को शाम लगभग 5.10 बजे होने की संभावना है। गौरा-गौरी परब छत्तीसगढ़ की उन जीवंत लोकपरंपराओं में शामिल है, जिनमें केवल पूजा-अर्चना ही नहीं, बल्कि लोकजीवन, पारिवारिक संबंध, कृषि संस्कृति, सामुदायिक सहभागिता और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक स्मृतियां भी समाहित हैं। दीपावली के पश्चात मनाया जाने वाला यह पर्व विशेष रूप से ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में लोकआस्था के अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व के रूप में प्रतिष्ठित है। इस अवसर पर गौरा-गौरी अर्थात ईसर राजा और गौरा माता के प्रतीकात्मक विवाह की परंपरा निभाई जाती है। गीत, नृत्य, पूजा-विधि, कलश, लोकाचार और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से पूरा वातावरण लोकमंगल की भावना से भर उठता है।

बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के अनेक क्षेत्रों में यह परंपरा आज भी अपनी मौलिकता के साथ जीवित है। सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’ स्वयं बचपन से बिलासपुर में गौरा-गौरी परब की इस परंपरा को देखते और अनुभव करते आए हैं। इसी आत्मीय लोकानुभव के कारण उनकी वार्ता में केवल पुस्तकीय जानकारी ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ी लोकजीवन की प्रत्यक्ष अनुभूति और सांस्कृतिक स्मृतियों का भी समावेश रहेगा। वे गौरा-गौरी परब की उन बारीक परंपराओं और लोकमान्यताओं पर भी प्रकाश डालेंगे, जिनसे नई पीढ़ी धीरे-धीरे अपरिचित होती जा रही है। सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’ वर्ष 1986 से पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने दैनिक बिलासपुर टाइम्स, दैनिक श्रमस्वर, दैनिक भास्कर, दैनिक स्वदेश, दैनिक हितवाद और दैनिक छत्तीसगढ़ वाच सहित विभिन्न समाचार संस्थानों में नगर संवाददाता, उप संपादक, वरिष्ठ उप संपादक और कार्यकारी संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ स्टेट ब्यूरो चीफ, एवीके न्यूज सर्विस, नई दिल्ली तथा विश्व केसरी, आज की जनधारा, हमर‌ संगवारी एवं मूकनायक राष्ट्रीय अखबार से जुड़े हैं। साहित्य के क्षेत्र में भी उनकी सक्रियता निरंतर बनी हुई है। उनकी चर्चित कृतियों में ‘बोलती परछाइयाँ’, ‘खामोश सरगोशियां’, छत्तीसगढ़ महतारी के गोठ ,‘अरपा तीर की बेटी’, ‘जब मैं बना मास्टर जी’, ‘पत्रकारिता तब और अब’ सहित अनेक साहित्यिक एवं लोक-संस्कृति आधारित रचनाएं शामिल हैं। छत्तीसगढ़ की लोकभाषा, लोककथा, लोकपरंपरा और सांस्कृतिक विरासत को लेखन के माध्यम से संरक्षित करने के लिए वे निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता और साहित्यिक-सामाजिक सेवाओं के लिए उन्हें विभिन्न सम्मानों से भी सम्मानित किया जा चुका है, जिनमें छत्तीसगढ़ साहित्यिक पत्रकारिता रत्न, छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान, उत्कल विलास साहित्य सम्मान सहित अन्य सम्मान उल्लेखनीय हैं।

सामाजिक क्षेत्र में भी वे ‘हितार्थ एक सेवा’ संस्था के माध्यम से विभिन्न जनोपयोगी कार्यों से जुड़े रहे हैं।आकाशवाणी जैसे प्रभावशाली जनमाध्यम से गौरा-गौरी परब पर उनकी यह वार्ता छत्तीसगढ़ की लोकपरंपरा को नई पीढ़ी से जोड़ने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विशेष रूप से उस समय, जब आधुनिकता और डिजिटल संस्कृति के प्रभाव से अनेक लोकपरंपराएं धीरे-धीरे सीमित होती जा रही हैं, ऐसी वार्ताएं लोकसंस्कृति की स्मृति और निरंतरता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ‘भूंईया के बोली’ के माध्यम से प्रसारित होने वाली यह विशेष वार्ता श्रोताओं को गौरा-गौरी परब की केवल धार्मिक महत्ता ही नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपे लोकजीवन, सामाजिक समरसता, पारिवारिक संस्कार, कृषि संस्कृति और छत्तीसगढ़ी अस्मिता के व्यापक आयामों से भी परिचित कराएगी। एवीके न्यूज सर्विस

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »