NEW English Version

हिंदी बाल साहित्य की महान विभूतियाँ: बाल मन की दुनिया रचने वाले शिल्पियों का एक प्रामाणिक दस्तावेज

हम जब भी हिंदी साहित्य की बात करते हैं, तो हमारा सारा ध्यान अमूमन कविता, कहानी, नाटक या उपन्यासों पर ही अटक कर रह जाता है। बाल साहित्य को वह तवज्जो शायद ही कभी मिलती है, जिसका वह असल में हकदार है। सच्चाई तो यह है कि किसी भी भाषा की अमीरी इस बात से भी तय होती है कि उसने अपने बच्चों के लिए क्या और कैसा रचा है। बच्चों के लिए लिखना कोई बच्चों का खेल नहीं है कि बस आसान-से शब्दों में कुछ कह दिया। इसके लिए लेखक को खुद बच्चा बनना पड़ता है, उनकी मासूमियत, उनके सवालों और दुनिया को देखने के उनके नजरिए को भीतर उतारना पड़ता है। इसी गहरी बात को केंद्र में रखकर वरिष्ठ कथाकार प्रकाश मनु ने अपनी नई किताब ‘हिंदी बाल साहित्य की महान विभूतियाँ’ रची है। इसमें उन कलमकारों को पूरी शिद्दत से याद किया गया है, जिन्होंने बच्चों की दुनिया को अपने शब्दों से सजाया।

प्रकाश मनु
प्रकाश मनु

डायमंड पॉकेट बुक्स ने इसे छापा है। पूरे 614 पन्नों का यह भारी-भरकम ग्रंथ सिर्फ लेखकों के जीवन-परिचय का बहीखाता नहीं है। इसे पढ़ते हुए आप महसूस करेंगे कि हिंदी बाल साहित्य ने कैसे-कैसे सफर तय किए हैं। किताब में कुल 36 रचनाकारों पर अलग-अलग अध्याय हैं। इनमें मुंशी प्रेमचंद से लेकर श्रीधर पाठक, अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’, मैथिलीशरण गुप्त, दिनकर, सुभद्राकुमारी चौहान, महादेवी वर्मा, अमृतलाल नागर और विष्णु प्रभाकर जैसे दिग्गजों के साथ-साथ देवेंद्र सत्यार्थी, सर्वेश्वरदयाल सक्सेना, कमलेश्वर, शैलेश मटियानी, हरिकृष्ण देवसरे और जयप्रकाश भारती तक के नाम शामिल हैं। इतने सारे नामों की मौजूदगी ही बता देती है कि प्रकाश मनु ने पीढ़ियों और विधाओं को एक ही धागे में पिरोने की कैसी शानदार कोशिश की है।

नजरिया : बाल साहित्य को देखने का एक बड़ा कैनवास

किताब की शुरुआत में ही प्रकाश मनु एक बहुत पते की बात कहते हैं। उनके मुताबिक, अगर किसी भाषा का असल कद नापना हो, तो उसका बाल साहित्य देख लीजिए। बच्चों का साहित्य सिर्फ उनका दिल बहलाने का जरिया नहीं होता। यह उनके सोचने के दायरे को बड़ा करता है, उन्हें संवेदनशील इंसान बनाता है और आस-पड़ोस की दुनिया को एक नए चश्मे से देखने की तमीज देता है।

लेखक का यह भी मानना है कि बच्चों को सिर्फ रूखे यथार्थ की घुट्टी नहीं पिलानी चाहिए। यथार्थ के साथ-साथ परियों के देश, फंतासी और कल्पनाओं की उड़ान भी बहुत जरूरी है। यही कल्पनाएं तो बच्चे को सवाल पूछना सिखाती हैं। यही नजरिया किताब के पन्ने-पन्ने पर झलकता है। मनु जी जब किसी रचना को कसौटी पर कसते हैं, तो यही देखते हैं कि उसमें बच्चे का अल्हड़पन, उसकी खुशी और उसकी जिज्ञासा किस हद तक उतर पाई है।

सफर: प्रेमचंद से लेकर आज के रचनाकारों तक

किताब का श्रीगणेश मुंशी प्रेमचंद से होता है। दिलचस्प बात यह है कि मनु जी प्रेमचंद को सिर्फ ‘उपन्यास सम्राट’ के खांचे में बांधकर नहीं रखते। वे उन्हें हिंदी बाल साहित्य की मजबूत नींव रखने वाले रचनाकार के रूप में भी देखते हैं। वे ‘कुत्ते की कहानी’ को हिंदी का पहला बाल उपन्यास मानते हैं। कल्लू नाम के कुत्ते के बहाने आजादी, आत्मसम्मान और गुलामी की जो बहस इस कहानी में है, लेखक ने उसे बहुत बारीकी से उकेरा है।

आगे चलकर ‘ईदगाह’, ‘दो बैलों की कथा’ और ‘गुल्ली-डंडा’ जैसी कहानियों की भी बात हुई है। लेखक ने यहां एक बहुत बारीक फर्क समझाया है। प्रेमचंद की कई कहानियां सीधे तौर पर बच्चों के लिए नहीं रची गई थीं, लेकिन उनमें जिंदगी का इतना सहज ताना-बाना है कि बच्चे भी उनसे गहरा जुड़ाव महसूस करते हैं।

इसके अलावा श्रीधर पाठक, हरिऔध, मैथिलीशरण गुप्त और रामधारी सिंह दिनकर पर लिखे गए अध्याय हमें बताते हैं कि हिंदी बाल कविता की जड़ें कितनी गहरी हैं। प्रकाश मनु ने इन कवियों की भाषा की रवानी, लय और बच्चों वाली चंचलता को बहुत खूबसूरती से पकड़ा है। उनका मानना साफ है कि अच्छी बाल कविता वही है जो बिना कोई भारी-भरकम उपदेश दिए, चुपके से बच्चे के मन में उतर जाए।

कहानियों, कविताओं और नाटकों का सतरंगी संसार

इस किताब की एक और अच्छी बात यह है कि यह सिर्फ कविता-कहानी तक सिमट कर नहीं रह गई है। इसमें बाल उपन्यास, बच्चों के नाटक और संपादन से जुड़े दिग्गजों को भी पूरी जगह दी गई है। अमृतलाल नागर, विष्णु प्रभाकर और शैलेश मटियानी जैसे कथाकारों की किस्सागोई का जिक्र करते हुए लेखक ने उनके बाल मनोविज्ञान की गहरी समझ को रेखांकित किया है।

कमलेश्वर और रेखा जैन पर जो अध्याय हैं, वे बाल नाटकों की दुनिया खोलते हैं। रेखा जैन के काम को देखकर समझ आता है कि बच्चों के नाटक का मतलब सिर्फ उन्हें कोई रटा-रटाया ज्ञान देना नहीं है, बल्कि उन्हें खेल-खेल में शामिल करना है। सर्वेश्वरदयाल सक्सेना और बालस्वरूप राही जैसे कवियों की चर्चा से पता चलता है कि हमारी बाल कविताएं कितनी लयबद्ध और रंग-बिरंगी रही हैं।

साहित्यकारों की भीतरी दुनिया और उनके संघर्ष

प्रकाश मनु की शैली की सबसे बड़ी खूबी उनका अपनापन है। वे किसी लेखक का सिर्फ बायोडाटा पेश नहीं करते कि कब जन्म हुआ या कौन सा इनाम मिला। वे उस इंसान के स्वभाव, काम करने की धुन और बच्चों के प्रति उसके असल लगाव को सामने लाते हैं। मसलन, जयप्रकाश भारती पर लिखा गया हिस्सा देखिए। प्रकाश मनु ने उनके साथ काफी लंबा वक्त गुजारा है। वे बताते हैं कि भारती जी किस तरह ‘नंदन’ के संपादन को लेकर जुनूनी थे। यह हिस्सा पढ़ते हुए आप सिर्फ जानकारी नहीं बटोरते, बल्कि उस दौर को जीने लगते हैं। लेखक का अपना तजुर्बा इन पन्नों को जिंदा कर देता है।

भाषा, शिल्प और इस किताब की अहमियत

अगर भाषा की बात करें, तो किताब पाठक से सीधे संवाद करती मालूम पड़ती है। इसमें आलोचना के नाम पर कोई बोझिल और डरावनी शब्दावली नहीं ठूंसी गई है। अपनी बात पुख्ता करने के लिए लेखक ने ढेरों उदाहरण दिए हैं। यही वजह है कि यह किताब सिर्फ बड़े-बड़े शोधार्थियों के लिए नहीं, बल्कि आम पाठकों और युवाओं के लिए भी बहुत काम की है।

हालांकि, एक छोटी-सी सीमा भी है। एक ही किताब में 36 महान रचनाकारों के महासागर को पूरी तरह समेट लेना कोई हंसी-खेल नहीं है। इनमें से कई तो ऐसे हैं जिन पर अलग से पूरी किताब लिखी जा सकती है, और खुद लेखक ने भूमिका में यह बात बेझिझक मानी भी है। इसलिए इसे बाल साहित्य का कोई मुकम्मल इतिहास मानने के बजाय, उसके सबसे अहम पड़ावों और शख्सियतों का एक बेहतरीन दस्तावेज मानना ज्यादा सही रहेगा।

प्रकाश मनु का तजुर्बा और उनकी लगन

प्रकाश मनु हिंदी के जाने-माने हस्ताक्षर हैं। कविता, कहानी से लेकर आलोचना तक हर मैदान में उनका दखल है। करीब पच्चीस साल तक ‘नंदन’ पत्रिका का संपादन करने का उनका जमीनी तजुर्बा इस किताब को बेहद प्रामाणिक बनाता है। बाल साहित्य पर उनका जो समर्पण है, वह इस पूरी किताब की बुनावट में महसूस किया जा सकता है।

कुल मिलाकर कहें तो…

‘हिंदी बाल साहित्य की महान विभूतियाँ’ एक ऐसा आईना है, जिसमें हम उन लोगों का अक्स देख पाते हैं जिन्होंने हमारे बचपन को कहानियों-कविताओं से सींचा। यह किताब चीख-चीखकर कहती है कि बच्चों का साहित्य कोई दोयम दर्जे की चीज नहीं है, बल्कि इसी पर तो समाज के भविष्य की नींव टिकी होती है।

आज जब मोबाइल और स्क्रीन ने बच्चों का बचपन लगभग हथिया लिया है, ऐसे वक्त में अपनी इस साहित्यिक विरासत को सहेजना और भी जरूरी हो जाता है। प्रकाश मनु की यह पहल इसी दिशा में एक बहुत बड़ा और सार्थक कदम है। साहित्य के छात्रों, शिक्षकों, लाइब्रेरी और बाल साहित्य से इश्क करने वाले हर इंसान के लिए यह एक लाजवाब रेफरेंस बुक है।

पुस्तक: हिंदी बाल साहित्य की महान विभूतियाँ

लेखक: प्रकाश मनु

प्रकाशक: डायमंड पॉकेट बुक्स (प्रा.) लि., नई दिल्ली

उमेश कुमार सिंह
समीक्षक : उमेश कुमार सिंह

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »