NEW English Version

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज जम्मू में CFSL,साम्बा का शिलान्यास और विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज जम्मू में केंद्रीय फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी(CFSL), साम्बा का शिलान्यास और विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इससे पहले श्री अमित शाह ने त्रिकुट नगर में आज 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के बलिदान दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

CFSL, साम्बा का शिलान्यास और विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास के अवसर पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा, केंद्रीय मंत्री श्री डॉ. जितेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अपने सम्बोधन में श्री अमित शाह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान, हौसले और संकल्प के कारण ही जम्मू-कश्मीर भारत के साथ जुड़ा हुआ है और धारा 370 निरस्त हुई है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने धारा 370 को शामिल करने के प्रस्ताव के विरोध में 1953 में देश के उद्योग मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि इस देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेंगे।

श्री शाह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को पूरा करते हुए 5 अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने धारा 370 को निरस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और डॉ पंडित प्रेम नाथ डोगरा दोनों ने जम्मू-कश्मीर को भारत माता का मुकुट मणि बनाने के लिए जो योगदान दिया है इसके लिए न केवल जम्मू-कश्मीर बल्कि पूरा देश इन दोनों का ऋणी रहेगा।

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री ने कहा कि आज जम्मू में लगभग 309 करोड़ रुपये की लागत से कई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इसके तहत 100 करोड़ रुपये की लागत से CFSL, 157.47 करोड़ रुपये की लागत से रामबन और किश्तवाड़ में जल जीवन मिशन के तहत 41 जलापूर्ति योजनाओं , 32.46 करोड़ रुपये की लागत से डोडा में बस स्टैंड में बनाए जाने वाले बहुमंजिला पार्किंग का शिलान्यास शामिल है। इसके साथ-साथ 40.86 करोड़ रुपये की लागत से बक्शी नगर में बोन एंड जॉइंट हॉस्पिटल, 17.77 करोड़ रुपये की लागत से ग्रिड स्टेशन और 25 करोड़ रुपये की लागत से डोगरा चौक से के. सी. चौक तक अपग्रेडेड सड़क का उद्घाटन भी किया गया है।

श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर विकास के रास्ते पर चल पड़ा है। उन्होंने कहा कि आज यहां पर गोल्डन हेल्थ कार्ड वितरण का कार्यक्रम भी संपन्न हुआ है।

लगभग 97 लाख लोगों को इस गोल्डन हेल्थ कार्ड का फायदा मिल रहा है। श्री शाह ने कहा कि पूरे देश भर में जहां प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना सिर्फ गरीबों को मिलती है वहीं जम्मू-कश्मीर में सभी नागरिकों को  इसके तहत 5 लाख तक की सारी स्वास्थ्य सुविधाएं मुफ्त में देने का निर्णय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया है। आज जम्मू-कश्मीर सरकार हर रोज 2 करोड़ रुपये का भुगतान इस योजना के अंतर्गत कर रही है।

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री ने कहा कि हाल ही में श्रीनगर में जी-20 सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन के दौरान कई देशों के नेता कश्मीर के अच्छे टूरिज्म का संदेश लेकर गए और समग्र विश्व में कश्मीर में सुधरे हुए हालात का संदेश पहुंचा। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की सरकार ने जम्मू-कश्मीर में पंचायती राज व्यवस्था फिर से लागू की। वर्तमान में यहां 32000 नवनिर्वाचित पंच, सरपंच, तहसील पंचायत व जिला पंचायत के सदस्य हैं जो जम्मू कश्मीर को विकास के रास्ते पर आगे ले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जहां पिछले 70 साल में केवल 4 मेडिकल कॉलेज बनाए गये वहीं पिछले 9 साल में 9 नए मेडिकल कॉलेज और 15 नर्सिंग कॉलेज बनाए गये। जहां पहले मेडिकल सीटों की संख्या 500 थी अब इसमें 600 एमबीबीएस की सीटें और जोड़ दी गई हैं। डिग्री कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या भी 96 से बढ़ाकर 147 कर जम्मू को आईआईटी(IIT) और आईआईएम(IIM) देने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर में तिरुमला तिरुपती देवस्थानम मंदिर का भी शुभारंभ हुआ है।

श्री अमित शाह ने कहा कि सालों तक जम्मू-कश्मीर में तीन परिवारों का राज रहा। यहाँ धारा 370 के कारण विकास नहीं हो पाया, 42 हजार लोग आतंकवाद की भेंट चढ़ गए। लेकिन फिर भी ये लोग कहते हैं कि हमें धारा 370 को संभाल कर रखना चाहिए। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद पर संपूर्ण नकेल कसने का काम भारत सरकार ने किया है।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय 10 साल में 7327 आतंकी घटनाएं हुई और 2056 नागरिक मारे गये वहीं पिछले 9 साल में करीब 70% की कमी के साथ 2350 आतंकी घटनाएं हुई और 377 नागरिक मारे गये। श्री शाह ने कहा कि धारा 370 हटा कर मोदी जी ने पहाड़ी समुदाय, अनुसूचित जातियों, जनजातियों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को उनके आरक्षण का अधिकार दिलाया है, ये न्याय मोदी जी ही कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटने के बाद पिछले 47 महीनों में हड़ताल और बंद के सिर्फ 32 कॉल आए तो वहीं पत्थरबाजी की घटनाओं में भी 90% की कमी आई है।

श्री अमित शाह

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पिछले 9 साल में भारत को दुनिया की 11वीं अर्थव्यवस्था से 5वीं अर्थव्यवस्था बनाने का काम किया है। भारत सरकार ने आर्थिक विकास के लिये इंडस्ट्रियल पॉलिसी, इंडस्ट्रियल लैंड एलॉटमेंट पॉलिसी, प्राइवेट इंडस्ट्रियल एस्टेट डेवलपमेंट पॉलिसी, वूल प्रोसेसिंग, हैंडीक्राफ्ट और हैंडलूम पॉलिसी, 2021 में फिल्म के लिए नई पॉलिसी, टूरिज्म के लिए होम स्टे और हाउस बोट की पॉलिसी आदि बनाई जिसके परिणामस्वरुप जम्मू-कश्मीर में निवेश बढ़ रहा है और पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

साल 2022 में रिकॉर्ड 1 करोड़ 88 लाख पर्यटक जम्मू और कश्मीर आए। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 से 2014 तक यहां नौकरियों में भारी कमी थी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने पारदर्शिता के साथ युवाओं को 28000 सरकारी नौकरियां दीं, 51000 सेल्फ एंप्लॉयमेंट के यूनिट स्थापित किए, मिशन यूथ के तहत 70000 युवाओं को आजीविका देने और 28400 करोड़ का इंडस्ट्रियल पैकेज देने का काम किया।

श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आज एक नया जम्मू-कश्मीर बन रहा है। एक जमाने में घाटी के जिन युवाओं के हाथ में पत्थर होते थे आज उन्हीं युवाओं के हाथों में लैपटॉप देखकर बहुत सुकून मिलता है।

कंकड़ की जगह किताब लेकर पढ़े-लिखे युवा न केवल जम्मू-कश्मीर बल्कि देश के भविष्य को संवार रहे हैं। पहले इनके भविष्य पर ब्‍लेकटॉप लिखा हुआ था अब ब्लैक बोर्ड पर वह अपना खुद का भविष्य लिख रहे हैं। यह परिवर्तन पिछले 9 सालों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रयासों के कारण आया है।

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी अमेरिका की तीन दिन की यात्रा पर हैं। आज अमेरिका ने भारत के प्रधानमंत्री को स्टेट गेस्ट का ऑनर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी जी को दिया गया यह सम्मान न आज तक किसी को मिला था और न ही आगे किसी को मिलने की सम्भावना है। भारत और अमेरिका के बीच अंतरिक्ष, डिफेंस, सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में एग्रीमेंट हो रहे हैं, ढ़ेर सारी बड़ी कंपनियां भारत में इन्वेस्टमेंट करने के लिए लालायित हैं।  

श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार ने पिछले नौ साल में देश से भ्रष्टाचार को हमेशा के लिए तिलांजलि देने की शुरुआत कर देश का गौरव बढ़ाया है । प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने विरोध के बावजूद धारा 370 हटाने,राम मंदिर बनाने, ट्रिपल तलाक हटाने जैसे प्रगतिशील कार्यों को अंजाम दिया। प्रधानमंत्री जी ने देश के 60 करोड़ गरीबों के जीवन में ढेर सारी सुविधाएं पहुंचाने का काम किया है जिसकी गरीब आदमी पिछले 70 साल से राह देख रहा था।

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »