NEW English Version

उद्योग निकाय वैश्विक मेगा वस्त्र कार्यक्रम “भारत टेक्स 2024 – भारत में वस्त्र के भविष्य पर फोकस” की मेजबानी करेंगे

केंद्रीय वस्त्र, वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता मामले और खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री श्री पीयूष गोयल ने दुनिया के अब तक के सबसे बड़े वस्त्र कार्यक्रम ‘भारत टेक्स 2024’ के आयोजन में पहल के लिए वस्त्र क्षेत्र के उद्योग निकायों की सराहना की। वह आज वाणिज्य भवन, नई दिल्ली में इस आयोजन के पूर्वावलोकन कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।

श्री गोयल ने कार्यक्रम में अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि भारत टेक्स 2024 एक्सपो सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है बल्कि वैश्विक वस्त्र महाशक्ति बनने के लिए भारत की प्रतिबद्धता का एक प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह एक्सपो नवाचार, सहयोग और मेक इन इंडिया की मूल भावना के साथ भारत के 5एफ विजन – फार्म टू फाइबर टू फैक्ट्री टू फैशन टू फॉरेन तक का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत न केवल अपने के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए उत्पाद बनाता है, ऐसे में भारत अब वैश्विक प्रतिस्पर्धा से नहीं डरता। उन्होंने उद्योग जगत से अपने ऐसे ब्रांड बनाने का आह्वान किया जिनकी विश्व स्तर पर मान्यता हों और साथ ही भारत को एक ब्रांड बनाएं।

श्री गोयल ने आशा व्यक्त की कि वृहद कार्यक्रम भारत टेक्स 2024 एक्सपो वस्त्र उद्योग के विकास को बढ़ावा देगा और वैश्विक वस्त्र उद्योग में एक परिपक्व, प्रतिस्पर्धी वैश्विक सोर्सिंग गंतव्य के रूप में भारत की क्षमता को प्रदर्शित करेगा। उन्होंने आयोजकों से मेले को आगंतुकों के लिए दिलचस्प और आकर्षक बनाने को कहा है।

वस्त्र मंत्री श्री गोयल ने आज के कार्यक्रम में मेले का लोगो, वेबसाइट और वीडियो भी लॉन्च किया। उन्होंने उद्योग जगत से इस आयोजन का उपयोग भारत की वैश्विक शक्ति, इसकी स्थिरता पहलों के साथ-साथ मूल्य श्रृंखला में इसकी ताकत को उजागर करने का आग्रह किया।

“भारत टेक्स 2024” कार्यक्रम 26 से 29 फरवरी 2024 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाला है। यह वैश्विक स्तर पर सबसे बड़ा वस्त्र आयोजन होगा, जिसमें 40 से अधिक देशों के प्रदर्शक और खरीदार शामिल होंगे। भारत टेक्स 2024 भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और वस्त्र परंपराओं से लेकर नवीनतम तकनीकी नवाचारों तक संपूर्ण वस्त्र उद्योग मूल्य श्रृंखला का एक व्यापक प्रदर्शन होगा। इस मेगा आयोजन में 40 देशों के 1,000 से अधिक प्रदर्शकों और 30,000 से अधिक आगंतुकों के साथ ज्ञान सत्र, सेमिनार और सम्मेलन, सीईओ गोलमेज सम्मेलन, बी2बी और जी2जी बैठकें होंगी। इसके अलावा, इस आयोजन में रणनीतिक निवेश घोषणाएं, उत्पाद लॉन्च और सहयोग शामिल होंगे जो वैश्विक स्तर पर वस्त्र उद्योग को फिर से परिभाषित करेंगे।

आयोजन के दौरान लाइव प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और फैशन प्रस्तुतियां एक असाधारण रचनात्मक और आकर्षक वातावरण प्रदान करेंगी, जो वस्त्र, फैशन, स्थिरता और भारत के दिल से उत्पन्न होने वाले शैली के क्षेत्रों में अंतर्दृष्टि प्रदान करेंगी। डिजाइनर के साथ-साथ ब्रांड प्रदर्शनियां, फैशन शो, टिकाऊ कार्यशालाएं और विशेषज्ञ वार्ता इस आयोजन के अन्य मुख्य आकर्षण होंगे। भारत टेक्स 2024 को भारत की संपूर्ण वस्त्र मूल्य श्रृंखला को स्थापित करने और उसे प्रदर्शित करने के साथ-साथ फैशन, पारंपरिक शिल्प और स्थिरता पहल की ताकत को उजागर करने के लिए एक समेकित और अद्वितीय मंच के रूप में योजनाबद्ध किया जा रहा है।

इस अवसर पर वस्त्र मंत्रालय की सचिव श्रीमती रचना शाह ने कहा कि वस्त्र उद्योग में अपना निर्यात बढ़ाने की बड़ी संभावना है, इसलिए भारत टेक्स 2024 का आयोजन सही समय पर होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं होगी, बल्कि एक गहन अनुभव होगा। श्रीमती शाह ने कहा कि यह प्रदर्शनी भारतीय और वैश्विक वस्त्र क्षेत्र के अग्रणी खिलाड़ियों को एक साथ लाने के अलावा वैश्विक निवेशकों और खरीदारों के लिए भारत में उपलब्ध कई मौजूदा और उभरते अवसरों, मजबूत बुनियादी ढांचे, आकर्षक प्रोत्साहन और अन्य लाभों को उजागर करने का एक अनूठा मंच होगा। उन्होंने कहा कि यह वैश्विक निवेशकों और खरीदारों के लिए एक वैश्विक निर्माता और उपभोक्ता बाजार के रूप में भारत की क्षमता का पता लगाने के लिए एक अद्वितीय मंच का भी प्रतिनिधित्व करेगा।

यह कार्यक्रम वस्त्र उद्योग की पहल है जिसे 11 वस्त्र संबंधित निर्यात संवर्धन परिषदों (ईपीसी) और अन्य उद्योग निकायों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा। परिधान निर्यात संवर्धन परिषद (एईपीसी) के अध्यक्ष श्री नरेन गोयनका और मानव निर्मित एवं तकनीकी वस्त्र निर्यात संवर्धन परिषद (एमएटीएक्सआईएल) के अध्यक्ष श्री भद्रेश डोडिया ने वस्त्र मेले में प्रस्तावित गतिविधियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी।

भारत टेक्स 2024 आयोजन के पूर्वावलोकन कार्यक्रम में उद्योग संघों, वस्त्र क्षेत्र के उद्योग जगत की हस्तियों के अलावा मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। भारत टेक्स 2024 एक्सपो के बारे में अधिक जानकारी www.bhart-tex.com पर उपलब्ध है।

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »