NEW English Version

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज गुजरात के अहमदाबाद में अमीन पी.जे.के.पी. विद्यार्थी भवन का उद्घाटन किया, गृह मंत्री ने आधुनिक मल्टीस्पेशलिटी SLiMS हॉस्पिटल का उद्घाटन भी किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज गुजरात के अहमदाबाद में अमीन पी.जे.के.पी. विद्यार्थी भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। श्री अमित शाह ने अहमदाबाद में आधुनिक मल्टीस्पेशलिटी SLiMS हॉस्पिटल का उद्घाटन भी किया।

इससे पहले श्री अमित शाह ने अहमदाबाद स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में मंगला आरती की।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने X प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में देशवासियों को महाप्रभु जगन्नाथ जी की रथयात्रा की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि “महाप्रभु जगन्नाथ जी की रथ यात्रा भारतीय सांस्कृतिक विरासत व समृद्धि को सहेजने और नया उत्कर्ष प्रदान करने का पुण्य अवसर है, जिसे देश के करोड़ों श्रद्धालु अत्यंत भक्तिभाव से मनाते हैं। यह यात्रा प्रतीक है कि भारतीय संस्कृति प्रवृत्ति से ही चलायमान है और उत्सव व अध्यात्म इसके धुरी हैं। मैं सभी देशवासियों को महाप्रभु की रथयात्रा की हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ और महाप्रभु जगन्नाथ, वीर बलभद्र व माता सुभद्रा से सभी के कल्याण व उन्नति की कामना करता हूँ।”

अमीन पी.जे.के.पी. विद्यार्थी भवन के उद्घाटन के अवसर पर अपने संबोधन में श्री अमित शाह ने कहा कि कोई भी संस्था अगर अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे करती है तो ये कह सकते हैं कि उस संस्था को पूरे समाज का साथ मिला है तभी वह 100 वर्ष पूर्ण कर पाई है। उन्होंने कहा कि इस संस्था ने 92 वर्षों तक निरंतर हजारों  बालकों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाया है और इस हॉस्टल नें गुजरात एवं देश की सेवा के लिए कई विद्यार्थी दिए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में कितनी भी कठिनाइयाँ आये, मगर आप कठिनाइयों का सामना मुस्कुराकर और दृढ़ संकल्प के साथ करोगे तो सभी कठिनाइयाँ अपने आप दूर हो जाएँगी।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि इस संस्था ने गुजरात के विकास में योगदान देने वाले कई अच्छे नागरिक दिए हैं। उन्होंने कहा कि आज हम सब जहां बैठे हैं वहां कभी सरदार पटेल ने दिन गुज़ारे हैं और आजादी के आंदोलन की कई बैठकें की हैं। उन्होंने कहा कि हर स्थान की धरती के अपने संस्कार होते हैं और धरती का संपर्क उन संस्कारों को हमारे अंदर प्रतिष्ठित करता है। श्री शाह ने कहा कि यहां आने वाले विद्यार्थियों को ये बात हमेशा याद रखनी चाहिए कि सरदार पटेल जैसे महापुरुष ने आजादी के आंदोलन के लिए यहां से बहुत बड़ा योगदान दिया था। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को देश के लिए अपना बलिदान देने की नहीं देश के लिए जीने की जरुरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपने जीवन में वे जो भी करें, देश के लिए करें। उन्होंने कहा कि देश के लिए काम करने का भाव हमें आजीवन रखना चाहिए।

श्री अमित शाह ने कहा कि लगभग 1000 विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए इस विद्यार्थी भवन में रहकर शिक्षा प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि जहां उच्च शिक्षा की सुविधा नहीं है, उन क्षेत्रों के विद्यार्थी भी यहां आकर पढ़ाई कर सकेंगे जिससे उनके जीवन में प्रकाश फैलेगा। उन्होंने कहा कि कड़वा पटेल समाज ने गुजरात के विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया है। श्री शाह ने कहा कि अगर हम गुजरात और पटेल समाज के विकास का ग्राफ देखें तो दोनों समानांतर रूप से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पटेल समाज के विकास के साथ-साथ गुजरात का भी विकास होता गया। उन्होंने कहा कि पटेल समाज एक कठोर परिश्रम करने वाला समाज है जिसमें विद्याभ्यास, व्यापारिक सोच, हिम्मत और समाज को एकजुट करके आगे बढ़ने जैसे गुण हैं जिन्होंने पूरे पटेल समाज, विशेषतौर पर कड़वा पाटीदार समाज को बहुत आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पटेल समाज ने अपने साथ-साथ पूरे समाज का विकास करते हुए गुजरात और देश के विकास में भी बहुत बड़ा योगदान दिया है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि यहां आने वाले सभी विद्यार्थी बहुत भाग्यशाली हैं कि उन्हें एक ऐतिहासिक स्थान पर आकर पढ़ने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि अपने जीवन को स्व से लेकर पर तक ले जाना और स्वयं का कल्याण करना हर व्यक्ति का अधिकार है, लेकिन स्वयं के कल्याण का ऐसा मार्ग चुनना चाहिए जिससे अन्य लोगों का भी कल्याण हो। श्री शाह ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन में एक लक्ष्य जरूर तय करना चाहिए और उसे प्राप्त करने के लिए पुरुषार्थ करना भी बेहद ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए जीवन में परिश्रम करना जरूरी है लेकिन कभी भी शॉर्टकट नहीं अपनाना चाहिए।

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »