अलीगढ़ स्मार्ट सिटी को 10वें स्मार्ट सिटीज़ इंडिया एक्सपो 2025 में सर्वश्रेष्ठ सोशल-इकोनॉमिक इम्पैक्ट अवॉर्ड

नई दिल्ली में आयोजित 10वें स्मार्ट सिटीज़ इंडिया एक्सपो 2025 में अलीगढ़ स्मार्ट सिटी को सर्वश्रेष्ठ सामाजिक-आर्थिक प्रभाव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार भारत सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा प्रदान किया गया है।

यह सम्मान अलीगढ़ के कल्याण सिंह हबीटेट सेंटर की असाधारण उपलब्धि के लिए दिया गया है, जो शहर में राजस्व सृजन और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने का प्रमुख केंद्र बन चुका है। इस परियोजना ने अलीगढ़ में एक नए कॉर्पोरेट संस्कृति की नींव रखी है, जिससे व्यापार, स्टार्टअप्स और उद्यमिता को बढ़ावा मिला है। एक समय पर कॉर्पोरेट माहौल से दूर माने जाने वाले अलीगढ़ में, यह केंद्र स्मार्ट और सतत विकास का प्रतीक बन चुका है।

इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ एवं नगर आयुक्त श्री विनोद कुमार (आईएएस) और उनकी टीम ने प्राप्त किया। इस अवसर पर ओमैयर इफ्तिखार (पीआरओ), रामबाबू (डीजीएम फाइनेंस), मोनिषा गुप्ता (सीएस), शिव कुमार (आईटी मैनेजर) और भारत गुप्ता (सहायक प्रबंधक) उपस्थित रहे।

इस उपलब्धि पर अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ श्री विनोद कुमार ने कहा, “यह पुरस्कार हमारे शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। कल्याण सिंह हबीटेट सेंटर न केवल अलीगढ़ के आर्थिक विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है, बल्कि शहर में एक आधुनिक और आत्मनिर्भर कारोबारी वातावरण भी तैयार कर रहा है।”

इस सम्मान के साथ अलीगढ़ स्मार्ट सिटी ने स्मार्ट शहरी विकास के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई है। यह पुरस्कार इस बात का प्रमाण है कि स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, नवाचार और सतत विकास के सही समावेश से शहरों में समृद्धि लाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »