सिंगल यूज़ प्लास्टिक उत्पादों को नगर निगम ने किया निस्तारित

उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप नगर निगम अलीगढ़ द्वारा शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहे है नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा की मौजूदगी में बुधवार को नगर निगम टीम ने ए टू ज़ेड प्लांट पर लगभग 30 ट्रक प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक उत्पादों का निस्तारण कराया। यह सभी उत्पाद बीते 19 सितंबर को रघुवीरपुरी क्षेत्र निवासी वैभव गुप्ता के स्वामित्व वाले तीन मंजिला गोदाम से सीज़ किए गए थे प्रतिबंधित प्लास्टिक का बाजार मूल्य लगभग 90 लाख रुपये आंका गया है।

सिंगल यूज़ प्लास्टिक उत्पादों को नगर निगम ने किया निस्तारित

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा की निगरानी में नगर निगम की टीम ने 4 कैटल क्रेचर, 10 टिप्पर व 10 ट्रैक्टरों की मदद से जब्त प्लास्टिक उत्पादों की तौल कराते हुए ए टू ज़ेड प्लांट में नियमानुसार निस्तारण की कार्रवाई शुरू कराई। नगर आयुक्त ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर यह सुनिश्चित कराया कि कोई भी प्रतिबंधित उत्पाद पुनः उपयोग में न लाया जा सके। इस कार्रवाई को नगर निगम अलीगढ़ की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

 नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक से न केवल पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि यह नालों के अवरुद्ध होने, जलभराव और जनस्वास्थ्य पर भी गंभीर असर डालता है। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम-2016 के तहत गोदाम स्वामी वैभव गुप्ता पर ₹1,00,000 का अर्थदंड लगाया गया है, साथ ही गोदाम की वीडियोग्राफी कराते हुए उसमें रखे समस्त प्रतिबंधित उत्पादों को नष्ट किया जा रहा है। निस्तारण की प्रक्रिया की निगरानी सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता अजय कुमार सक्सेना, पशु कल्याण अधिकारी डॉ राजेश कुमार वर्मा,  स्वच्छता निरीक्षक प्रकाश सिंह, रामजीलाल, खचेन्द्र सिंह, योगेंद्र यादव और विशन सिंह द्वारा की जा रही है।

नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम की यह कार्रवाई आने वाले समय में नज़ीर बनेगी। अब जो भी व्यक्ति सिंगल यूज़ प्लास्टिक का निर्माण, बिक्री या उपयोग करेगा, उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अलीगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए तीसरी नज़र से निगरानी की जा रही है।

ख़बर लिखे जाने तक बाजार मूल्य के अनुसार लगभग अनुमानित 90-95 लाख की लागत के प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पादों को नष्ट करने की कार्रवाई प्रगति पर है। उन्होंने कहा नगर निगम अलीगढ़ का यह कदम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सशक्त उदाहरण है अब अलीगढ़ शहर सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »