NEW English Version

पुडुचेरी में ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ की पहली वर्षगांठ, जन आंदोलन के रूप में उभरा अभियान

केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व में पुडुचेरी के रमणीय रॉक बीच पर ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ अभियान की पहली वर्षगांठ उत्साह और ऊर्जा के साथ मनाई गई। यह आयोजन अब केवल एक साप्ताहिक गतिविधि नहीं, बल्कि फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता का राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है।

पुडुचेरी में ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ की पहली वर्षगांठ, जन आंदोलन के रूप में उभरा अभियान

डॉ. मांडविया ने इस अवसर पर अभियान की एक वर्ष की यात्रा को संक्षेप में साझा करते हुए कहा कि यह पहल आज देशभर में फिट इंडिया के संकल्प का प्रतीक बन गई है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि देश में दो लाख से अधिक स्थानों पर और बीस लाख से अधिक लोगों की भागीदारी के साथ यह मिशन निरंतर आगे बढ़ रहा है।

पुडुचेरी में आयोजित इस विशेष संस्करण में स्कूल विद्यार्थियों, नमो साइकिलिंग क्लब, पुडुचेरी विश्वविद्यालय के छात्रों सहित जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 1500 से अधिक साइकिल चालकों ने भाग लिया। रॉक बीच पूरे उत्सव के दौरान एक जीवंत फिटनेस कार्निवल में तब्दील हो गया। जुम्बा, योग, मल्लखंब, सिलांबम, कैरम, शतरंज और रस्सी कूद जैसी गतिविधियों ने कार्यक्रम को बहुआयामी स्वरूप प्रदान किया। 21 दिसंबर को विश्व ध्यान दिवस होने के कारण यह संदेश भी दिया गया कि फिटनेस वास्तव में “गति में ध्यान” है।

कार्यक्रम में पद्म भूषण से सम्मानित और खेल रत्न पुरस्कार विजेता पी. आर. श्रीजेश तथा प्रख्यात टेबल टेनिस खिलाड़ी शरथ कमल ने युवाओं के साथ साइकिल चलाकर उन्हें खेल और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सभा में पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन, मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, विधानसभा अध्यक्ष आर. सेल्वम, गृह मंत्री ए. नमस्सिवयम सहित कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. मांडविया ने बताया कि एक वर्ष पहले यह पहल केवल पांच स्थानों पर 500 लोगों के साथ शुरू हुई थी, जबकि आज यह हर रविवार देश के 10,000 से अधिक स्थानों पर आयोजित की जा रही है और दस लाख से अधिक नागरिक इसमें नियमित रूप से भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान फिटनेस को संस्कृति बनाने के साथ-साथ प्रदूषण से निपटने का सशक्त समाधान भी बन रहा है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समर्थन से देशव्यापी गति मिली है।

उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने इसे समाज के लिए समयानुकूल संदेश बताया और कहा कि जीवनशैली में छोटे बदलाव, जैसे साइकिल का उपयोग, पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी के लिए बड़ा योगदान दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने फिट इंडिया आंदोलन की सराहना करते हुए कहा कि साइकिल चलाना स्वस्थ रहने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है, जो लोगों को अपने जीवन लक्ष्य हासिल करने में मदद करता है।

इस अवसर पर फिट इंडिया मोबाइल ऐप के कार्बन क्रेडिट प्रोत्साहन फीचर का शुभारंभ भी किया गया। इसके तहत साइकिल चलाकर नागरिक कार्बन क्रेडिट कमा सकेंगे, जिन्हें बाद में भुनाया जा सकेगा। सर्वाधिक कार्बन क्रेडिट अर्जित करने वाले तीन साइकिल चालकों—भरतभाई परमार, शशिकांत वीरकर और गोविंद सिंह—को सम्मानित किया गया। डॉ. मांडविया ने बताया कि अब हर माह प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से सर्वश्रेष्ठ साइकिल चालकों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

फिट इंडिया एंबेसडरों और इन्फ्लुएंसर्स को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने इस अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारतीय हॉकी टीम के अनुभवी खिलाड़ी पी. आर. श्रीजेश ने कहा कि फिटनेस केवल खेल उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रोजमर्रा के जीवन में अनुशासन और संतुलन का आधार है। साइकिल चलाना एक सरल आदत है, जो सामूहिक रूप से अपनाने पर स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव रखती है।

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »