वाराणसी : डॉ. घनश्याम सिंह महाविद्यालय, सोयपुर में वरिष्ठ छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन बी.एस.सी. चतुर्थ सेमेस्टर की छात्राओं द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ विद्यार्थियों के तिलक के साथ हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्रशासक संजीव सिंह एवं वरिष्ठ प्राध्यापकों द्वारा दीप प्रज्वलन कर समारोह का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रशासक संजीव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विदाई एक नई शुरुआत का प्रतीक है और शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्माण भी है। डॉ. आनंद सिंह ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विज्ञान के सकारात्मक उपयोग पर बल दिया। मनोविज्ञान विभाग के डॉ. डी.वी. सिंह ने भी विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संदेश दिया।

समारोह के दौरान आशुतोष, शशांक एवं शेखर द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने सभी का मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त नृत्य, गीत, मिमिक्री एवं म्यूजिकल चेयर जैसे कार्यक्रमों ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।

