वाराणसी। उच्च शिक्षा एवं शोध को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डॉ. घनश्याम सिंह महाविद्यालय, वाराणसी तथा भारतीय लेखा परिषद (आई.ए.ए.), मिर्जापुर शाखा के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एम.ओ.यू.) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक श्री नागेश्वर सिंह ने कहा कि यह समझौता विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को लेखांकन, वित्त, वाणिज्य तथा अनुसंधान के क्षेत्रों में उन्नत शिक्षण, नवाचार, कौशल संवर्धन एवं व्यावसायिक अवसरों तक पहुँच प्रदान करते हुए शैक्षणिक उत्कृष्टता को सुदृढ़ करेगा। एम.ओ.यू. के अंतर्गत दोनों संस्थाएं संयुक्त रूप से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों, कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, शोध परियोजनाओं, व्याख्यानमालाओं तथा अकादमिक गतिविधियों का आयोजन करेंगी।

भारतीय लेखा परिषद, मिर्जापुर शाखा के सचिव डॉ० विकास कुमार ने कहा कि इस सहयोग से विद्यार्थियों को लेखांकन एवं वित्तीय प्रबंधन के व्यावहारिक पक्षों की बेहतर समझ विकसित करने में सहायता मिलेगी तथा उन्हें शोध एवं नवाचार के लिए प्रेरणा मिलेगी।
समझौता ज्ञापन पर डॉ. घनश्याम सिंह महाविद्यालय की ओर से प्राचार्य डॉ० आनंद सिंह तथा भारतीय लेखा परिषद, मिर्जापुर शाखा की ओर से शाखा सचिव द्वारा हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रबंध समिति के सदस्य धीरज सिंह, वाणिज्य विभाग के अध्यक्ष डॉ० संदीप कुमार राय, डॉ० ज्योति सिंह, डॉ० विपुल कुमार शुक्ला, शिक्षकगण, एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
यह एम.ओ.यू. दोनों संस्थाओं के मध्य शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान सहयोग तथा ज्ञान के आदान-प्रदान को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एवीके न्यूज सर्विस