NEW English Version

फायर सेफ्टी में बड़ी लापरवाही उजागर, 2 कोचिंग संस्थान और 2 होटल सील

निरीक्षण में कई लाइब्रेरी में भी मिलीं गंभीर खामियां, नोटिस जारी कर संचालन बंद करने के निर्देश

बिलासपुर। शहर में कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और आवासीय लॉज में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी अब भारी पड़ने लगी है। जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को मंगला चौक से उसलापुर तक संचालित कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और लॉज का सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई जगह गंभीर सुरक्षा खामियां सामने आने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो कोचिंग संस्थानों और दो होटलों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया, जबकि दो लाइब्रेरी को नोटिस जारी कर कमियां दूर होने तक संचालन बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान दिल्ली आईएएस कोचिंग, उड़ान आईएएस, भारतीय कृषि कोचिंग इंस्टीट्यूट, शारदा लाइब्रेरी, ऑफिसर्स लाइब्रेरी, बिलासा लाइब्रेरी, शिवाय लाइब्रेरी और 24×7 लाइब्रेरी सहित कई संस्थानों की जांच की गई। टीम ने पाया कि अनेक संस्थानों में अग्निशमन उपकरण उपलब्ध नहीं थे, अध्ययन कक्षों में निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को बैठाया जा रहा था तथा आपातकालीन निकासी की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं थी।

इन संस्थानों पर हुई सख्त कार्रवाई

निरीक्षण में शिवाय लाइब्रेरी और भारतीय कृषि कोचिंग इंस्टीट्यूट में सबसे गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। यहां फायर सेफ्टी उपकरणों का अभाव, अध्ययन कक्षों में अत्यधिक भीड़, संकरे प्रवेश एवं निकासी मार्ग तथा इमरजेंसी एग्जिट नहीं पाए गए। संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए दोनों संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। वहीं बिलासा लाइब्रेरी और शारदा लाइब्रेरी में भी सुरक्षा संबंधी कमियां मिलने पर नोटिस जारी करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने तक संचालन बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

दो होटल भी प्रशासन की कार्रवाई की जद में

कार्रवाई केवल कोचिंग संस्थानों तक सीमित नहीं रही। निरीक्षण दल पुराना बस स्टैंड क्षेत्र स्थित होटल रायल रामा और होटल अशोका इन भी पहुंचा। जांच में दोनों होटल पर्याप्त अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के बिना संचालित पाए गए। फायर सेफ्टी मानकों का उल्लंघन मिलने पर दोनों होटलों को भी तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

अन्य संस्थानों को भी दी गई चेतावनी

प्रशासन ने अन्य कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भवनों में अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं, प्रवेश एवं निकासी मार्गों पर स्पष्ट संकेतक लगाएं, अलग इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था करें तथा भवन एवं संचालन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज नगर निगम में जमा करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शहरभर में चलेगा अभियान

संयुक्त निरीक्षण दल में एसडीएम मनीष साहू, फायर सेफ्टी विभाग की अपराजिता खजांची कुम्हार, वेद नारायण सेन, सब इंस्पेक्टर रवि शर्मा, अतिक्रमण शाखा प्रभारी संतोष वर्मा, शिव बहादुर जायसवाल, भवन शाखा के अभिषेक मिश्रा सहित नगर निगम, पुलिस और नगर सेना के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी इसी प्रकार का सघन निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।

किस संस्थान पर क्यों हुई कार्रवाई

* शिवाय लाइब्रेरी – फायर सेफ्टी उपकरणों का अभाव, क्षमता से अधिक विद्यार्थी, संकरे मार्ग और इमरजेंसी एग्जिट नहीं होने पर सील।

* भारतीय कृषि कोचिंग इंस्टीट्यूट – अग्निशमन व्यवस्था नहीं, प्रवेश-निकासी मार्ग संकरे तथा अलग आपातकालीन निकासी द्वार नहीं होने पर सील।

* होटल रायल रामा – पर्याप्त फायर सेफ्टी व्यवस्था के बिना संचालन करने पर सील।

*  होटल अशोका इन – अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं मिलने पर प्रशासन ने किया सील।

प्रमुख बिंदु

मंगला चौक से उसलापुर तक चला संयुक्त निरीक्षण अभियान।

* 2 कोचिंग संस्थान और 2 होटल तत्काल सील।

* 2 लाइब्रेरी को नोटिस, संचालन बंद रखने के निर्देश।

* फायर सेफ्टी, इमरजेंसी एग्जिट और भवन सुरक्षा में मिलीं गंभीर खामियां।

* अन्य संस्थानों को भी सुरक्षा मानकों का पालन करने की चेतावनी।

सुरेश सिंह बैस "शाश्वत"
सुरेश सिंह बैस “शाश्वत”
Book Showcase

Best Selling Books

Ikigai: The Japanese secret to a long and happy life

By Héctor García, Francesc Miralles

₹318

Book 2 Cover

Why I am an Atheist and Other Works

By Bhagat Singh

₹104

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

Until Love Sets Us Apart

By Aditya Nighhot

₹176

Translate »