अलीगढ़ में मानसून की लगातार हो रही भारी वर्षा के बावजूद इस बार शहरवासियों को जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिली है। बुधवार सुबह से शुरू होकर लगभग 20 घंटे तक रुक-रुककर हुई तेज बारिश के दौरान नगर आयुक्त की मुस्तैदी, नगर निगम की पूर्व तैयारियों, सीएम ग्रिड सड़कों के निर्माण, नालों के सफाई तथा पंपिंग स्टेशनों के निरन्तर संचालन के चलते अधिकांश जलभराव वाले क्षेत्रों से मात्र 2 से 3 घंटे के अंदर पानी की निकासी सुनिश्चित की गई।
भारी वर्षा के दौरान नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा स्वयं सुबह से देर रात्रि तक लगातार फील्ड में सक्रिय रहे उन्होंने खैर रोड, रामघाट रोड, मैरिस रोड, गूलर रोड, किशनपुर, सुदामापुरी, छर्रा अड्डा, मैरिस रोड, सेंटर प्वाइंट, जमालपुर, केला नगर, शाह जमाल तथा अन्य जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न पंपिंग स्टेशनों का औचक निरीक्षण भी किया गया, जहां सभी पंप अपनी पूर्ण क्षमता के साथ संचालित होते पाए गए।

नगर आयुक्त की निगरानी, त्वरित पंपिंग व्यवस्था तथा जल निकासी के प्रभावी संचालन के परिणामस्वरूप वे जलभराव वाले क्षेत्र जहां पूर्व वर्षों में 8 से 10 घंटे तक जलभराव बना रहता था इस बार रिकॉर्ड समय में जलमुक्त हो गए। इससे आमजन को आवागमन में काफी सुविधा मिली
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा भारी वर्षा के दौरान जलभराव एक प्राकृतिक चुनौती है लेकिन नगर निगम ने इस बार पूर्व तैयारी के तहत नालों की व्यापक सफाई, पंपिंग स्टेशनों की क्षमता में वृद्धि तथा सीएम ग्रिड परियोजना के अंतर्गत वैज्ञानिक ढंग से निर्मित सड़कों एवं जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया है यही कारण है कि अधिकांश क्षेत्रों में रिकॉर्ड समय में जल निकासी संभव हो सकी।
उन्होंने कहा मौसम विभाग द्वारा जारी वर्षा पूर्वानुमान को देखते हुए नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सभी अधिकारी, कर्मचारी, पंपिंग स्टेशन तथा आवश्यक संसाधनों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है ताकि शहरवासियों को अधिक राहत प्रदान की जा सके।