NEW English Version

5 घंटे बारिश में भीगकर नगर आयुक्त ने परखी जलनिकासी व्यवस्था-अवरोध बनने वाले अवैध स्लैब हटाने के निर्देश

लगातार 24 घंटे से अधिक समय तक हुई मूसलाधार मानसून की वर्षा के बीच नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने गुरुवार को लगभग पाँच घंटे तक स्वयं बारिश में रहकर शहर की जलनिकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने जलकल, निर्माण एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ जलभराव संभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया तथा नालों पर अवैध रूप से स्लैब, धकेल, सामान, दुकान आदि लगाकर जल प्रवाह बाधित करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने सराय रहमान, जीटी रोड स्थित टाइगर लॉज के सामने, शहंशाह होटल, गूलर रोड, मेलरोज होटल, मेलरोज बाईपास मोड़, इनग्राम इंस्टीट्यूट, सूतमिल नाला, खैर बाईपास, देहलीगेट, चरकवालान, रामघाट रोड, क्वार्सी बाईपास, क्वार्सी चौराहा, ओजोन सिटी कट, जीवनगढ़, जमालपुर, केला नगर तथा मैरिस रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रामघाट रोड एवं खैर रोड पर जलनिकासी रिकॉर्ड समय में होती हुई मिली जिससे इन क्षेत्रों में पूर्व वर्षों की तुलना में काफी राहत दिखाई दी।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सराय रहमान पंपिंग स्टेशन से सूतमिल नाले तक जल प्रवाह का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि जीटी रोड पर विनीत मोटर्स की ओर स्थित नाले पर कई प्रतिष्ठानों द्वारा अवैध रूप से स्लैब डालकर, अतिक्रमण करके दुकान लगाकर  धकेल आदि खड़ा कर जल प्रवाह बाधित किया गया है। शहंशाह होटल से इनग्राम इंस्टीट्यूट तक मेलरोज होटल, इनग्राम इंस्टीट्यूट, शहंशाह होटल सहित एक दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों द्वारा नाले पर अतिक्रमण कर  जलनिकासी अवरुद्ध की गई है। इसके कारण सराय रहमान, फायर ब्रिगेड क्षेत्र, शंकर विहार कॉलोनी, केवल विहार, मेलरोज बाईपास एवं आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है।

स्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग, जलकल विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम गठित कर सभी अवैध स्लैब एवं अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अगले 24 घंटे में संभावित वर्षा को देखते हुए अभियान चलाकर जलनिकासी में बाधा बनने वाले सभी अवरोध हटाने के आदेश दिए।

नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक (जल) प्रमोद कुमार सिंह को सराय रहमान एवं केवल विहार पंपिंग स्टेशनों की क्षमता वृद्धि के लिए तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले सात दिनों में दोनों पंपिंग स्टेशनों की क्षमता लगभग तीन गुना बढ़ा दी जाएगी, जिससे इनसे जुड़े मोहल्लों में जलनिकासी व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सकेगी।

बढ़ेगी क्षमता

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि सराय रहमान एवं केवल विहार क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं स्थायी बनाने के लिए नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से प्रगति पर है। सराय रहमान में पूर्व में 350 मिमी व्यास की पाइपलाइन संचालित थी, जिसे अब 600 मिमी व्यास की नई पाइपलाइन से प्रतिस्थापित किया जा रहा है। लगभग 1,100 मीटर लंबी इस पाइपलाइन का कार्य मसूदाबाद बस स्टैंड से आगे तक लगभग पूर्ण हो चुका है।

इसी प्रकार केवल विहार पंपिंग स्टेशन से जीटी रोड तक लगभग 615 मीटर लंबाई में 600 मिमी व्यास की नई पाइपलाइन बिछाई जा रही है, जिसका कार्य भी तेजी से चल रहा है।

नगर आयुक्त ने बताया कि दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद सराय रहमान एवं केवल विहार पंपिंग स्टेशनों की जलनिकासी क्षमता लगभग तीन गुना बढ़ जाएगी, जिससे इन क्षेत्रों एवं उनसे जुड़े आसपास के मोहल्लों में वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी और बारिश का पानी अधिक तेजी एवं प्रभावी ढंग से निकाला जा सकेगा।

नए पंप से सुधरेगी शाहजमाल, रामघाट व सराय रहमान की जलनिकासी

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि शहर की जलनिकासी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए शासन द्वारा तीन नए पंपिंग स्टेशनों की स्थापना की स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें शाहजमाल क्षेत्र के चरकवालान, रामघाट रोड स्थित ओज़ोन सिटी कट तथा सराय रहमान क्षेत्र को शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि इन नए पंपिंग स्टेशनों की स्थापना के साथ-साथ सराय रहमान स्थित वर्तमान पंपिंग स्टेशन का आधुनिकीकरण एवं क्षमता विस्तार (कायाकल्प) भी किया जाएगा। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में वर्षा जल की निकासी पहले की अपेक्षा अधिक तेज, सुचारु एवं प्रभावी होगी, जिससे जलभराव की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी और शहर की समग्र ड्रेनेज व्यवस्था और अधिक मजबूत बनेगी।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा नगर निगम का प्रयास केवल जलभराव होने के बाद पानी निकालना नहीं बल्कि जलनिकासी की पूरी व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत करना है। निरीक्षण में जिन स्थानों पर नालों पर अवैध अतिक्रमण कर जल निकासी को रोका गया है उन्हें किसी भी स्थिति में नहीं छोड़ा जाएगा। जलनिकासी में बाधा बनने वाले सभी अवैध निर्माण तत्काल हटाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अगले सात दिनों में सराय रहमान एवं केवल विहार पंपिंग स्टेशनों की क्षमता लगभग तीन गुना बढ़ा दी जाएगी। इसके बाद इन क्षेत्रों से जुड़े मोहल्लों में जलभराव की समस्या में  कमी आएगी। भारी वर्षा के बावजूद नगर निगम की सभी टीमें 24×7 फील्ड में सक्रिय हैं। जहां भी जलभराव की सूचना प्राप्त हो रही है, वहां तत्काल पंपिंग एवं जलनिकासी की कार्रवाई की जा रही है। 

Book Showcase

Best Selling Books

Ikigai: The Japanese secret to a long and happy life

By Héctor García, Francesc Miralles

₹318

Book 2 Cover

Why I am an Atheist and Other Works

By Bhagat Singh

₹104

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

Until Love Sets Us Apart

By Aditya Nighhot

₹176

Translate »