पर्यावरण संरक्षण का संदेश देकर श्रद्धालुओं में बांटे कपड़े के झोले
भक्ति, समर्पण, सामाजिक और राष्ट्रीय एकता और सद्भाव का एक अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत कर रहे श्रावण के पवित्र महीने के अंतिम सोमवार के अवसर पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन करने के लिए पंक्तिबद्ध खड़े श्रद्धालुओं पर फूल बरसाकर नमामि गंगे ने उनका स्वागत किया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में बाबा के भक्तों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनकी आस्था का सम्मान किया। भारत के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं की श्रद्धा को नमन किया गया। नमामि गंगे टीम के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देकर श्रद्धालुओं को सिंगल यूज़ पॉलिथीन का उपयोग न करने का संदेश देकर कपड़े के झोले का वितरण किया। गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने कहा कि शिव भक्त भक्ति, समर्पण, सामाजिक और राष्ट्रीय एकता और सद्भाव का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

जाति, क्षेत्र और राज्य की सीमाओं से ऊपर उठकर, उनकी हर सांस शिव को समर्पित है। वातावरण को भक्ति की पराकाष्ठा बताते हुए कहा कि देवधिदेव महादेव से प्रार्थना है कि शिव भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करें और उन्हें सदा आशीर्वाद दें ताकि देश में सुख, शांति और सद्भाव का वातावरण बना रहे। आयोजन के दौरान प्रमुख रूप से नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला, उमंग अग्रवाल, दीप मेहरोत्रा, राहुल दुबे समर्पित पाण्डेय , अनीश शुक्ला, सक्षम उपाध्याय, आकाश तिवारी उपस्थित रहे ।