NEW English Version

सपने में दिखा खजाना, नींव खोदी तो निकलीं मूर्तियां और पुराने सिक्के

बिलासपुर/अकलतरा। सपने में घर की नींव के नीचे सोने की मूर्तियां और पुराने सिक्के दबे होने की बात सामने आने के बाद कराई गई खुदाई में वास्तव में कुछ मूर्तियां और पुराने सिक्के मिलने का मामला सामने आया है।

परसाही बाना में खुदाई के दौरान मिला कथित खजाना

 अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम परसाही बाना में हुई इस घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में कौतूहल और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मिली वस्तुओं को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया है।  एक सिक्के पर ‘ईस्ट इंडिया कंपनी’, ‘एक आना’ और 1818 अंकित होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, सिक्कों और मूर्तियों की वास्तविक प्राचीनता तथा धातु की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुरातत्व विभाग की विशेषज्ञ जांच के बाद ही मामले की असलियत सामने आएगी।

सपने के बाद बैगा को बुलाया, फिर शुरू हुई खुदाई

जानकारी के अनुसार, परसाही बाना निवासी सम्पत कंवर अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। नींव के लिए खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि उन्हें सपना आया था, जिसमें घर की जमीन के नीचे सोने की मूर्तियां और पुराने सिक्के दबे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने गांव के एक बैगा को बुलाया। बताया जा रहा है कि पूजा-पाठ के बाद बैगा की मौजूदगी में संबंधित स्थान पर खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान कुछ मूर्तियां और पुराने सिक्के मिलने की बात सामने आई।

एक सिक्के ने बढ़ाया रहस्य

पुलिस के कब्जे में आए सिक्कों में एक सिक्के पर ‘ईस्ट इंडिया कंपनी’ और ‘एक आना’ लिखे होने की जानकारी सामने आई है। साथ ही उस पर 1818 अंकित होने की बात कही जा रही है। यदि विशेषज्ञ जांच में यह विवरण प्रमाणित होता है, तो सिक्के का संबंध ब्रिटिश शासनकाल के दौर से हो सकता है। हालांकि, अभी इसे लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।

सोना है या कोई दूसरी धातु?

मूर्तियों को लेकर भी गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों के बीच इन्हें सोने की मूर्तियां बताए जाने की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मूर्तियां किस धातु की हैं, उनकी उम्र कितनी है और उनका ऐतिहासिक या पुरातात्विक महत्व क्या है ,इन सभी सवालों का जवाब विशेषज्ञ जांच के बाद ही मिल सकेगा।

पुलिस ने सुरक्षित रखा सामान

सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और मिली सभी वस्तुओं को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित रखा। थाना प्रभारी जय कुमार साहू ने बताया कि मकान की नींव की खुदाई से मिली मूर्तियों और अन्य वस्तुओं को सुरक्षित रखा गया है। इनके परीक्षण और वास्तविकता का पता लगाने के लिए पुरातत्व विभाग को पत्र लिखा गया है।

पुरातत्व विभाग की जांच से खुलेगा सदियों पुराना राज

अब पूरे मामले की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी पुरातत्व विभाग की जांच है। विशेषज्ञ यह जांच करेंगे कि मूर्तियां किस धातु की बनी हैं, उनका निर्माण काल क्या है और सिक्के वास्तव में किस दौर के हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि परसाही में मिला यह सामान सामान्य पुराना धातु-सामान है या इसके पीछे वास्तव में कोई ऐतिहासिक कहानी छिपी है।

सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’ वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, एवीके न्यूज सर्विस
सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’
वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, एवीके न्यूज सर्विस

Book Showcase

Best Selling Books

Ikigai: The Japanese secret to a long and happy life

By Héctor García, Francesc Miralles

₹318

Book 2 Cover

Why I am an Atheist and Other Works

By Bhagat Singh

₹104

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

Until Love Sets Us Apart

By Aditya Nighhot

₹176

Translate »