सनत सिंह बने सर्वश्रेष्ठ प्रश्नकर्ता, नितिन कुमार दूबे सर्वश्रेष्ठ वक्ता; गुरुदेव त्रिवेदी की प्रस्तुति को भी मिली सराहना
वाराणसी। प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सिंधिया स्कूल, दुर्ग (ग्वालियर) में महाराज श्री माधवराव सिंधिया की पुण्यस्मृति में आयोजित 25वीं अंतर्विद्यालयी हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोइराजपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी भाषायी दक्षता, तार्किक चिंतन और प्रभावशाली अभिव्यक्ति से निर्णायक मंडल एवं उपस्थित दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के कक्षा 12 के छात्र सनत सिंह को उनके प्रभावशाली प्रश्नों, त्वरित प्रत्युत्तर और तार्किक दृष्टिकोण के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ प्रश्नकर्ता’ के सम्मान से अलंकृत किया गया। वहीं कक्षा 11 के छात्र नितिन कुमार दूबे ने अपने सशक्त तर्क एवं प्रभावी वक्तृत्व से ‘सर्वश्रेष्ठ वक्ता (विपक्ष)’ का सम्मान हासिल किया।

प्रतियोगिता के विशेष खंड ‘बुनो कहानी, कहो जुबानी’ में कक्षा 11 के छात्र गुरुदेव त्रिवेदी ने भी प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उनकी सहभागिता और मंचीय अभिव्यक्ति को निर्णायक मंडल द्वारा विशेष रूप से सराहा गया।
तीनों विद्यार्थियों के प्रदर्शन ने भाषायी अभिव्यक्ति, तार्किक क्षमता, वैचारिक प्रखरता, त्वरित प्रत्युत्तर तथा मंचीय आत्मविश्वास का प्रभावशाली परिचय दिया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
इस अवसर पर संस्था के सचिव श्री राहुल सिंह, निदेशिका डॉ. वंदना सिंह, उपनिदेशक श्री आयुष्मान सिंह एवं प्रधानाचार्या डॉ. नीलम सिंह ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतिष्ठित मंच पर मिली यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, भाषायी दक्षता और वैचारिक प्रखरता यह दर्शाती है कि आज के विद्यार्थी विचार एवं अभिव्यक्ति के क्षेत्र में नई संभावनाओं के संवाहक हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा से विद्यालय और काशी का गौरव बढ़ाते रहेंगे। एवीके न्यूज सर्विस