8 अक्टूबर 2026 भारतीय वायुसेना दिवस पर विशेष
किसी भी राष्ट्र की संप्रभुता और सीमाओं की सुरक्षा तभी सुनिश्चित रह सकती है, जब उसकी सेनाएं सजग, सक्षम और आधुनिक युद्ध तकनीक से लैस हों। भारतीय सशस्त्र सेनाओं के तीनों अंग- थल सेना, नौसेना और वायुसेना ; अपने-अपने क्षेत्र में राष्ट्र की सुरक्षा का दायित्व निभाते हुए आवश्यकता पड़ने पर संयुक्त रूप से सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करते हैं। इस त्रिशक्ति में भारतीय वायुसेना देश के आकाश की प्रहरी है।
हर वर्ष 8 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना दिवस मनाया जाता है। 8 अक्टूबर 1932 को भारतीय वायुसेना की आधिकारिक स्थापना हुई थी। इसकी पहली परिचालन उड़ान 1 अप्रैल 1933 को कराची के ड्रिघ रोड से छह आरएएफ-प्रशिक्षित अधिकारियों, 19 वायु सैनिकों और चार वेस्टलैंड वापिटी विमानों के साथ हुई थी। तब से लेकर आज तक भारतीय वायुसेना ने एक छोटे से आरंभिक दल से आधुनिक, नेटवर्क-केंद्रित और बहुआयामी वायु शक्ति तक का लंबा सफर तय किया है।
2026 में भारतीय वायुसेना अपना 94वां स्थापना दिवस मना रही है। यह अवसर केवल उसकी गौरवशाली विरासत को याद करने का नहीं, बल्कि बदलते युद्ध परिवेश में उसकी बढ़ती तकनीकी क्षमता, आत्मनिर्भरता और भविष्य की तैयारियों को समझने का भी अवसर है।
आज का युद्ध केवल जमीन पर सैनिकों और टैंकों तक सीमित नहीं है। आधुनिक युद्ध में हवा, अंतरिक्ष, साइबर और इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र का महत्व तेजी से बढ़ा है। लंबी दूरी के हथियार, मानवरहित विमान, ड्रोन, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली, रडार नेटवर्क और वास्तविक समय में सूचना का आदान-प्रदान युद्ध की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भारतीय वायुसेना ने भी इस बदलती युद्ध प्रणाली के अनुरूप स्वयं को लगातार आधुनिक बनाया है। राफेल जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमान, स्वदेशी तेजस, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000 और अन्य प्लेटफॉर्म के साथ वायुसेना के पास विभिन्न प्रकार की वायु एवं मिसाइल रक्षा प्रणालियां हैं। स्वदेशी आकाश जैसी प्रणालियों का उपयोग भारत की बढ़ती रक्षा आत्मनिर्भरता को भी दर्शाता है। 2025 में रक्षा मंत्रालय ने ऑपरेशन सिंदूर के संदर्भ में स्वदेशी आकाश प्रणाली और बहुस्तरीय वायु रक्षा व्यवस्था के प्रभावी उपयोग को रेखांकित किया था।

ऑपरेशन सिंदूर ने नई रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन किया। 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई का संकल्प लिया। इसके परिणामस्वरूप 7 मई 2025 को भारतीय सशस्त्र सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। सरकार के अनुसार पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में स्थित आतंकवादी ढांचे से जुड़े नौ ठिकानों को निशाना बनाया गया। भारत ने प्रारंभिक कार्रवाई को केंद्रित, मापी हुई और गैर-उत्तेजक बताते हुए कहा कि उस चरण में पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों को लक्ष्य नहीं बनाया गया था। ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय वायुसेना की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण रही। सरकारी विवरण के अनुसार वायुसेना ने आतंकवादी ढांचे के विरुद्ध सटीक हवाई कार्रवाई की और बाद में पाकिस्तान की ओर से आए ड्रोन तथा यूएवी हमलों के दौरान भारतीय वायु क्षेत्र की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारतीय वायुसेना की Integrated Air Command and Control System (IACCS) आधारित नेटवर्क-केंद्रित क्षमता ने विभिन्न सेंसर, कमांड केंद्रों और वायु रक्षा संसाधनों के बीच समन्वय में योगदान दिया।
यही आधुनिक युद्ध की वास्तविक तस्वीर है ,सिर्फ लड़ाकू विमान की गति या हथियार की मारक क्षमता नहीं, बल्कि खुफिया जानकारी, लक्ष्य की पहचान, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध, संचार, रडार, वायु रक्षा और तीनों सेनाओं के बीच समन्वय मिलकर सैन्य क्षमता को निर्णायक बनाते हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की ओर से ड्रोन और यूएवी के माध्यम से भारतीय सैन्य एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों को निशाना बनाने के प्रयास किए गए। सरकारी विवरण के अनुसार भारत की बहुस्तरीय वायु रक्षा व्यवस्था ने इन खतरों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसमें स्वदेशी आकाश सहित विभिन्न वायु रक्षा प्रणालियों और काउंटर-यूएएस क्षमताओं का इस्तेमाल किया गया। इस घटनाक्रम ने यह स्पष्ट किया कि भविष्य के युद्धों में केवल लड़ाकू विमानों की संख्या महत्वपूर्ण नहीं होगी। सेंसर से शूटर तक की पूरी नेटवर्क व्यवस्था, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध क्षमता, मिसाइल रक्षा और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता किसी भी देश की वास्तविक वायु शक्ति का निर्धारण करेगी।
भारतीय वायुसेना के शौर्य का इतिहास नया नहीं है। 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्धों में उसकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। 1999 के कारगिल युद्ध में भी वायुसेना ने ऑपरेशन सफेद सागर के माध्यम से अत्यंत ऊंचाई वाले कठिन भूभाग में भारतीय थलसेना को महत्वपूर्ण हवाई समर्थन दिया। कारगिल के अनुभव ने उच्च ऊंचाई वाले युद्ध में सटीक हवाई शक्ति और थलसेना-वायुसेना के बेहतर समन्वय का महत्व सामने रखा। कारगिल से लेकर बालाकोट और फिर ऑपरेशन सिंदूर तक भारतीय वायुशक्ति के स्वरूप में लगातार परिवर्तन दिखाई देता है। अब लक्ष्य केवल दुश्मन के विमानों से मुकाबला करना नहीं, बल्कि दूर से सटीक प्रहार, निगरानी, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध, नेटवर्क-केंद्रित संचालन और बहुस्तरीय वायु रक्षा के जरिए पूरे अभियान को प्रभावी बनाना है।
भारतीय वायुसेना की शक्ति का एक महत्वपूर्ण पहलू आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ता रक्षा उद्योग है। स्वदेशी तेजस हल्का लड़ाकू विमान, आकाश वायु रक्षा प्रणाली, विभिन्न रडार, मिसाइल और इलेक्ट्रॉनिक प्रणालियां भारत की तकनीकी क्षमता का प्रमाण हैं। 2024 के वायुसेना दिवस पर भी भारतीय वायुसेना ने अपनी थीम ‘सक्षम, सशक्त, आत्मनिर्भर’ के माध्यम से इसी दिशा को रेखांकित किया था। अत्याधुनिक स्वदेशी प्लेटफॉर्म और तकनीक के साथ विदेशी प्रणालियों का संतुलित उपयोग भारतीय वायुशक्ति को बहुआयामी बनाता है।
आत्मनिर्भरता का अर्थ यह नहीं कि भारत हर सैन्य तकनीक तत्काल स्वयं बना ले, बल्कि यह है कि महत्वपूर्ण प्रणालियों में घरेलू डिजाइन, उत्पादन, रखरखाव और उन्नयन की क्षमता लगातार बढ़े। युद्ध की स्थिति में आपूर्ति शृंखला पर बाहरी निर्भरता जितनी कम होगी, देश की रणनीतिक स्वतंत्रता उतनी ही मजबूत होगी।
भारतीय वायुसेना की भूमिका युद्ध तक सीमित नहीं है। प्राकृतिक आपदाओं, बाढ़, भूकंप, पर्वतीय क्षेत्रों में राहत, मानवीय सहायता और नागरिकों के बचाव अभियानों में भी वायुसेना ने बार-बार अपनी क्षमता साबित की है। आवश्यकता पड़ने पर जहां सड़क और रेल पहुंचना कठिन होता है, वहां वायुसेना के हेलीकॉप्टर और परिवहन विमान जीवनरक्षक साबित होते हैं। इसलिए वायुसेना का अर्थ केवल लड़ाकू विमान और मिसाइल नहीं है। यह देश के नागरिकों के संकट की घड़ी में सहायता का भरोसा भी है।
भारतीय वायुसेना की असली ताकत केवल उसके अत्याधुनिक विमान नहीं, बल्कि उन विमानों को उड़ाने वाले प्रशिक्षित पायलट, तकनीशियन, इंजीनियर, एयर वॉरियर्स और जमीन पर चौबीसों घंटे तैनात हजारों कर्मियों की सामूहिक दक्षता है। आकाश में उड़ता हुआ लड़ाकू विमान कुछ मिनटों का दृश्य होता है, लेकिन उसके पीछे वर्षों की ट्रेनिंग, अनुशासन, तकनीकी तैयारी, खुफिया जानकारी, रखरखाव और अदम्य मानसिक शक्ति काम करती है।
ऑपरेशन सिंदूर ने एक बार फिर दिखाया कि आधुनिक भारत की वायुशक्ति केवल संख्या का खेल नहीं है। सटीकता, गति, तकनीक, नेटवर्क, प्रशिक्षण और संयुक्त सैन्य क्षमता आज उसकी पहचान बन रहे हैं। भारतीय वायुसेना ने अपने 94 वर्षों के सफर में अनेक चुनौतियां देखी हैं और हर चुनौती के साथ स्वयं को अधिक सक्षम बनाया है। आज जब युद्ध की सीमाएं जमीन से उठकर आकाश, अंतरिक्ष, साइबर और इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र तक पहुंच चुकी हैं, तब भारतीय वायुसेना की जिम्मेदारी भी पहले से कहीं अधिक व्यापक हो गई है।
8 अक्टूबर केवल वायुसेना दिवस नहीं, बल्कि उस संकल्प को नमन करने का दिन है जिसमें भारत के आकाश को सुरक्षित रखने के लिए हमारे वायु योद्धा हर पल तैयार रहते हैं। देश चैन की नींद सोता है क्योंकि आकाश की ऊंचाइयों पर हमारे प्रहरी जागते हैं। भारतीय वायुसेना के वीर वायु योद्धाओं, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को वायुसेना दिवस पर शत-शत नमन।
आसमान हमारा प्रहरी है, नभ में तिरंगा शान रहे,
वीर जवानों के पराक्रम से, भारत की पहचान रहे।
गरजे जब रण में वायुयान, दुश्मन का अभिमान ढहे,
मातृभूमि की रक्षा में, हर वीर हृदय बलिदान रहे।।
जय हिंद!

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, एवीके न्यूज सर्विस
