NEW English Version

डेयरी संचालक द्वारा गंदगी करना पड़ा भारी -नगर आयुक्त के एक्शन पर हुई कार्रवाई

महानगर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा नाले-नालियों में गोबर एवं अन्य गंदगी बहाकर सफाई व्यवस्था बाधित करने वाले अवैध डेयरी संचालकों के विरुद्ध नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के निर्देश पर पशु कल्याण अधिकारी डॉ. राजेश वर्मा के नेतृत्व में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग एवं प्रवर्तन टीम द्वारा किशनपुर क्षेत्र में अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान नालियों में गोबर एवं गंदगी बहाने के मामले में डेयरी संचालक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹33000 का जुर्माना वसूल किया गया। साथ ही संबंधित डेयरी संचालक को भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न करने की कड़ी चेतावनी दी गई।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि नगर निगम द्वारा की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना, नाले-नालियों में गोबर एवं अपशिष्ट बहाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना तथा नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।

नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम के संज्ञान में आया है कि कुछ डेयरी संचालकों द्वारा पशुओं से निकलने वाले गोबर एवं अन्य गंदगी का उचित निस्तारण करने के बजाय उसे सीधे सड़क, नाले और नालियों में बहा दिया जाता है। इससे नालियों में गंदगी जमा होने, जल निकासी बाधित होने तथा आसपास के क्षेत्रों में दुर्गंध और अस्वच्छता की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है। इस प्रकार की गतिविधियां नगर निगम के सफाई कार्यों में बाधा उत्पन्न करने के साथ-साथ शहर की स्वच्छता व्यवस्था को भी प्रभावित करती हैं।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऐसे डेयरी संचालकों को चिह्नित किया जाए, जो बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद स्वच्छता नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मंगलवार को किशनपुर क्षेत्र में चलाए गए अभियान की अगुवाई पशु कल्याण अधिकारी डॉ. राजेश वर्मा ने की। अभियान में स्वच्छता एवं खाद्य निरीक्षक बिशन सिंह तथा नगर निगम की प्रवर्तन टीम शामिल रही। टीम ने क्षेत्र में डेयरी संचालन के दौरान गोबर एवं गंदगी के अनुचित निस्तारण के मामले में कार्रवाई करते हुए संबंधित डेयरी संचालक से ₹33,000 का जुर्माना वसूल किया। इसके अतिरिक्त संचालक को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि भविष्य में गोबर, पशु अपशिष्ट एवं अन्य गंदगी को सड़क, नाले अथवा नालियों में न बहाया जाए तथा इनके निस्तारण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

नगर आयुक्त ने  कहा कि शहर की छवि खराब करने तथा स्वच्छता व्यवस्था को बाधित करने वालों के विरुद्ध नगर निगम सख्त से सख्त कदम उठाएगा। बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद जो लोग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं कर रहे हैं उन्हें चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। शहर की सफाई व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »