इस विशेष अभियान के तहत 12 लाख से अधिक फील्ड संस्थानों में स्वच्छता संबंधी कार्य किए गए
विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत आयोजित विशेष एक-दिवसीय कार्यक्रम के दौरान 51,090 शिकायतों का निपटान किया गया
महिला और बाल विकास मंत्रालय ने अपने प्रशासनिक नियंत्रण में आने वाले सभी स्वायत्त/वैधानिक निकायों के साथ मिलकर 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक विशेष अभियान 6 के कार्यान्वयन के लिए कार्य योजनाएं और लक्ष्य निर्धारित किए। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को बढ़ावा देना, कामकाज को सुव्यवस्थित करना और मंत्रालय तथा इसके स्वायत्त निकायों में लंबित शिकायतों का समाधान करना था।
विशेष अभियान 6 के कार्यान्वयन चरण में, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने 30 अक्टूबर, 2026 को एक विशेष एक-दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें फील्ड-स्तर के कर्मचारियों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी के साथ बड़े पैमाने पर निम्नलिखित गतिविधियां की गईं:
• फील्ड-स्तरीय संस्थानों में स्वच्छता अभियान।
• जन शिकायतों का प्रभावी निवारण, जिसके तहत पोषण ट्रैकर, पीएमएमवीवाई और सीपीजीआरएमएस पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समाधान करने के लिए शिकायत निवारण चौपाल या ई-चौपाल का आयोजन किया गया।

मंत्रालय और राज्य सरकारों के अधिकारियों के संयुक्त प्रयासों से, मंत्रालय की योजनाओं के अंतर्गत आने वाले आंगनवाड़ी केंद्रों, बाल देखभाल संस्थानों, शक्ति सदनों, सखी निवास, बच्चों के देखभाल केंद्र (क्रेच) आदि जैसे फील्ड संस्थानों में बड़े पैमाने पर स्वच्छता अभियान और जन शिकायत निवारण कार्यक्रम चलाए गए। इस विशेष अभियान के परिणामस्वरूप, पूरे देश में 12,08,313 फील्ड संस्थानों में स्वच्छता कार्य किए गए और इस एक-दिवसीय कार्यक्रम के दौरान 51,090 शिकायतों का निपटान किया गया। इसके अलावा, इन संस्थानों में 5,51,653 अन्य गतिविधियां भी की गईं, जिनमें वृक्षारोपण अभियान और आंगनवाड़ी तथा अन्य फील्ड संस्थानों के लाभार्थियों को हाथ धोने के बारे में जागरूक करना शामिल था।
इसके साथ ही, मंत्रालय ने स्वच्छता कायम रखने में सफाई मित्रों और स्वच्छता कर्मियों के योगदान को स्वीकार करते हुए उनकी सराहना की। परिसर को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाए रखने के लिए पूरे वर्ष काम करने वाले सभी सफाई मित्रों की समर्पित सेवाओं के लिए उन्हें नई वर्दी (यूनिफॉर्म) और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विशेष अभियान 6 के तहत एक दिवसीय कार्यक्रम में मिजोरम में शिकायत निवारण चौपालों का आयोजन किया गया।
साभार : पीआईबी