14 नवंबर — विश्व मधुमेह दिवस 2026
आज की तेज रफ्तार जिंदगी में मधुमेह एक ऐसी स्वास्थ्य चुनौती बनकर उभरा है, जो केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रही। बदलती जीवनशैली, शारीरिक गतिविधियों की कमी, असंतुलित खानपान और बढ़ते मोटापे के कारण टाइप-2 मधुमेह का जोखिम बढ़ सकता है। चिंताजनक बात यह है कि अनेक लोगों को लंबे समय तक पता ही नहीं चलता कि वे इस बीमारी से प्रभावित हैं। जब तक पहचान होती है, तब तक आंखों, गुर्दों, हृदय या नसों से जुड़ी जटिलताएं विकसित हो चुकी हो सकती हैं। इसी चुनौती के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रतिवर्ष 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत 1991 में अंतरराष्ट्रीय मधुमेह महासंघ और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने की थी। वर्ष 2006 में संयुक्त राष्ट्र ने भी इसे आधिकारिक दिवस के रूप में मान्यता दी। 14 नवंबर इंसुलिन की खोज में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वैज्ञानिक फ्रेडरिक बैंटिंग की जयंती है।
विश्व मधुमेह दिवस 2026–2027 का अभियान “Early Action on Diabetes”, अर्थात मधुमेह के विरुद्ध समय रहते कार्रवाई, पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य बीमारी की शुरुआती पहचान, जोखिम कम करने, समय पर उपचार और निरंतर देखभाल को बढ़ावा देना है।
यह संदेश इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि मधुमेह कई बार धीरे-धीरे विकसित होता है और शुरुआती अवस्था में स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। नियमित स्वास्थ्य जाँच और जोखिम के प्रति सजगता से बीमारी का पता पहले लगाया जा सकता है। समय पर उपचार शुरू होने से गंभीर जटिलताओं को रोकने या उनकी आशंका कम करने में मदद मिल सकती है।
मधुमेह ऐसी दीर्घकालिक बीमारी है, जिसमें शरीर पर्याप्त इंसुलिन नहीं बना पाता या उत्पादित इंसुलिन का प्रभावी उपयोग नहीं कर पाता। इंसुलिन एक हार्मोन है, जो रक्त में मौजूद ग्लूकोज को शरीर की कोशिकाओं तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके प्रभाव में कमी आने पर रक्त में शर्करा का स्तर बढ़ सकता है।
मधुमेह के प्रमुख प्रकार हैं – टाइप-1 मधुमेह: इसमें शरीर इंसुलिन का पर्याप्त उत्पादन नहीं कर पाता। ऐसे मरीजों को इंसुलिन की आवश्यकता होती है।
टाइप-2 मधुमेह: इसमें शरीर इंसुलिन का प्रभावी उपयोग नहीं कर पाता। जीवनशैली, आनुवंशिक प्रवृत्ति और अन्य कारक इसके जोखिम को प्रभावित कर सकते हैं।
गर्भावधि मधुमेह: गर्भावस्था के दौरान पहली बार पहचानी जाने वाली उच्च रक्त शर्करा की स्थिति, जिसके लिए चिकित्सकीय निगरानी आवश्यक है।
मधुमेह किसी भी उम्र में हो सकता है। यह मान लेना गलत है कि केवल अधिक उम्र के लोगों को ही इसका खतरा होता है।
मधुमेह के कुछ सामान्य लक्षण हैं –
– बार-बार प्यास लगना।
– सामान्य से अधिक बार पेशाब आना।
– बिना स्पष्ट कारण थकान महसूस होना।
– बिना प्रयास के वजन कम होना।
– धुंधला दिखाई देना।
– घाव भरने में देर लगना या बार-बार संक्रमण होना।

ये लक्षण अन्य स्थितियों में भी हो सकते हैं। कुछ लोगों में विशेषकर टाइप-2 मधुमेह के शुरुआती चरण में कोई स्पष्ट लक्षण नहीं होते। इसलिए केवल लक्षणों की प्रतीक्षा करना पर्याप्त नहीं है। जोखिम होने पर चिकित्सकीय सलाह के अनुसार रक्त शर्करा की जाँच कराना आवश्यक है।
टाइप-2 मधुमेह के जोखिम को कम करने और बीमारी के प्रबंधन में जीवनशैली की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके लिए कुछ व्यावहारिक कदम अपनाए जा सकते हैं –
संतुलित भोजन: भोजन में सब्जियाँ, दालें, साबुत अनाज और उपयुक्त मात्रा में फल शामिल करें। अत्यधिक मीठे पेय, बार-बार मिठाई खाने और अत्यधिक प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखें।
नियमित शारीरिक गतिविधि: अपनी आयु और स्वास्थ्य के अनुसार नियमित पैदल चलना, योग या अन्य व्यायाम अपनाएँ। लंबे समय तक लगातार बैठे रहने की आदत कम करें।
स्वस्थ वजन: यदि वजन अधिक है, तो चिकित्सकीय सलाह और संतुलित जीवनशैली की मदद से उसे स्वस्थ सीमा की ओर लाने का प्रयास करें।
समय पर जाँच: आयु, पारिवारिक इतिहास, वजन और अन्य जोखिमों के अनुसार चिकित्सक से जाँच की उपयुक्त आवृत्ति पूछें।
नियमित उपचार: यदि मधुमेह का निदान हो चुका है, तो निर्धारित दवाएँ लें और चिकित्सक की सलाह के बिना दवाएँ बंद न करें। रक्त शर्करा, रक्तचाप, गुर्दों और आंखों की नियमित निगरानी भी महत्वपूर्ण है। ध्यान रहे, टाइप-1 मधुमेह को सामान्य जीवनशैली बदलावों से रोका नहीं जा सकता। इसके उपचार और इंसुलिन संबंधी आवश्यकताओं के लिए विशेषज्ञ की सलाह अनिवार्य है।
मधुमेह का निदान जीवन की संभावनाओं का अंत नहीं है। उचित उपचार, नियमित जाँच, संतुलित खानपान और स्वास्थ्यकर्मियों के मार्गदर्शन से अनेक लोग सक्रिय और संतोषजनक जीवन जीते हैं। बीमारी को लेकर भय, शर्म या सामाजिक कलंक पैदा करने के बजाय मरीज को सहयोग देना चाहिए। परिवार के सदस्य भोजन, व्यायाम और नियमित जाँच की आदतों में सहयोग कर सकते हैं। समाज और स्वास्थ्य संस्थानों की जिम्मेदारी है कि जांच, दवाओं, इंसुलिन और आवश्यक देखभाल तक सुलभ तथा किफायती पहुंच सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएं। विश्व मधुमेह दिवस हमें यह समझने का अवसर देता है कि जागरूकता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि जीवनभर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है। बीमारी की पहचान में देरी न हो, उपचार बीच में न छूटे और मरीज को सम्मान तथा सहयोग मिले,यही इस दिवस का वास्तविक उद्देश्य है।
मधुमेह के विरुद्ध सबसे प्रभावी कदम है…समय पर जाँच, सही जानकारी, नियमित उपचार और स्वस्थ जीवनशैली। आज की जागरूकता कल की गंभीर जटिलताओं को टालने में सहायक बन सकती है।
समय पर जाँच कराएँ, स्वास्थ्य का ध्यान रखें,
संतुलित भोजन अपनाएँ, सक्रिय जीवन जिएँ।
जागरूकता और उपचार
से आशा का दीप जलाएँ,
मधुमेह से संघर्ष में,
स्वस्थ जीवन अपनाएँ।।

वरिष्ठ पत्रकार / साहित्यकार / अधिवक्ता, एवीके न्यूज सर्विस