विकास की अंधी दौड़: बिलासपुर में हरे-भरे पेड़ों पर चली आरी, बिना कार्य शुरू किए उजाड़ी गई छांव
बिलासपुर। एक तरफ जहां देश-दुनिया में ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण की बड़ी-बड़ी बातें की जा रही हैं, वहीं छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में विकास और सड़क चौड़ीकरण के नाम पर प्रकृति के फेफड़ों पर सीधा प्रहार किया जा रहा है। रेलवे क्षेत्र में बने बाक्सिंग ग्राउंड के सामने सालों से छांव दे रहे दर्जनों हरे-भरे पेड़ों को प्रशासन की उदासीनता और अदूरदर्शिता के चलते काट डाला गया है, जिससे पूरे इलाके की हरियाली पर ग्रहण लग गया है।
शुरुआत गलत जगह से, धरातल पर काम नदारद
हैरानी की बात यह है कि सड़क चौड़ीकरण के जिस उद्देश्य के तहत इन पेड़ों की बलि दी गई है, उस निर्धारित स्थल पर अब तक किसी भी ठेकेदार या कर्मचारी का अता-पता नहीं है। काम शुरू करने के लिए उस स्थान को चुना गया जहां बाक्सिंग ग्राउंड में पसीना बहाने के बाद युवा खिलाड़ी और खेल प्रेमी इन पेड़ों की ठंडी छांव में सुस्ताते थे। बिना ठोस योजना और कार्यप्रणाली के अचानक पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाए जाने से खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है।

पर्यावरण संतुलन पर बड़ा संकट
रेलवे क्षेत्र हमेशा से शहर के उन चुनिंदा इलाकों में शुमार रहा है जहां सघन हरियाली के कारण भीषण गर्मी में भी तापमान नियंत्रित रहता था। तारबाहर चौक से रेलवे स्टेशन, जम्कल चौक से जोन मुख्यालय और तितली चौक से रेलवे स्टेशन तक फैले ये हरे-भरे पेड़ प्राकृतिक ऑक्सीजन जोन का काम करते रहे हैं। लेकिन 392 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले स्टेशन रीडेवलपमेंट और सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट के तहत करीब 500 से अधिक पेड़ों को काटने की योजना ने इस पर्यावरण संतुलन को खतरे में डाल दिया है। पुरानी दीवारों और क्वार्टर के दायरे में आने वाले इन पेड़ों के कटने से शहर का यह हरित हिस्सा हमेशा के लिए वीरान हो जाएगा।
अधूरे और सुस्त निर्माण कार्यों के बीच पेड़ों का नरसंहार
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन विकास के नाम पर गेट नंबर चार और तीन के पास पहले ही तोड़फोड़ कर काम को पिछले दो महीनों से बंद छोड़ दिया गया है। चारों तरफ शेड लगने के कारण यात्री पहले से ही परेशान हैं। विकास कार्यों की इस सुस्त रफ्तार और लचर मानिटरिंग के बीच बिना सोचे-समझे पेड़ों की कटाई करना यह साबित करता है कि प्रशासनिक तंत्र को मानवीय संवेदनाओं और पर्यावरण की कोई फिक्र नहीं है।
प्रकृति प्रेमियों की मांग
पर्यावरणविदों और जागरूक नागरिकों का सवाल है कि क्या विकास और हरियाली का सह-अस्तित्व संभव नहीं है? बिना किसी तात्कालिक आवश्यकता के पेड़ों को काट देना न सिर्फ वन्य और क्षेत्रीय पर्यावरण के साथ खिलवाड़ है, बल्कि भविष्य की पीढ़ी के जीवन पर भी बड़ा संकट खड़ा करना है। प्रशासन को चाहिए कि विकास कार्यों के नाम पर हो रहे इस प्राकृतिक हनन पर तुरंत रोक लगाए और शहर की बची-खुची हरियाली को बचाने के लिए कड़े कदम उठाए।
नियमानुसार हो रही पेड़ों की कटाई
स्टेशन रि डेवलपमेंट का कार्य बिलासपुर जोनल रेलवे स्टेशन में किया जा रहा है। जिसके साथ सड़क चौड़ीकरण का काम भी शामिल है। इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए कार्यों को किया जाना है। इस कार्य में पेड़ों की कटाई का भी काम हैं। सभी पेड़ों की कटाई नियमानुसार की जाएगी।
– अनुराग कुमार सिंह, सीनियर
डीसीएम, रेल मंडल,बिलासपुर

वरिष्ठ पत्रकार / साहित्यकार / अधिवक्ता, एवीके न्यूज सर्विस