NEW English Version

भजन क्लबिंगः भक्ति की क्लब संस्कृति की नई दस्तक

अध्यात्म अब केवल उम्र के आखिरी पड़ाव की चीज नहीं रहा। वह युवाओं की धड़कनों में शामिल हो रहा है। डिजिटल युग की भागदौड़, अकेलेपन, तनाव और निरंतर स्क्रीन-उपस्थिति के बीच नई पीढ़ी भक्ति के ऐसे रूप तलाश रही है, जो उसके जीवन की गति और उसकी अभिव्यक्ति से जुड़ सकें। इसी बदलते सामाजिक परिदृश्य में ‘भजन क्लबिंग’ एक नई और रोचक सांस्कृतिक प्रवृत्ति के रूप में सामने आई है। भजन क्लबिंग का अर्थ है-भजन, कीर्तन और भक्ति-संगीत को पारंपरिक धार्मिक आयोजन की सीमाओं से बाहर निकालकर ऐसे सामूहिक वातावरण में प्रस्तुत करना, जहाँ युवा गाते हैं, झूमते हैं, नृत्य करते हैं और संगीत की लय में स्वयं को विसर्जित करते हैं। वातावरण में आधुनिक संगीत की ऊर्जा होती है, लेकिन केंद्र में भक्ति रहती है। इसे एक तरह से क्लब की ऊर्जा और सत्संग की आत्मीयता का संगम कहा जा सकता है। यह बदलाव इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि लंबे समय से यह धारणा रही है कि धर्म और अध्यात्म वृद्ध पीढ़ी के विषय हैं। नई पीढ़ी आधुनिकता, तर्क और तकनीक के साथ आगे बढ़ते हुए धार्मिक अनुष्ठानों से दूरी बना रही है। लेकिन भजन क्लबिंग का उभार इस धारणा को चुनौती देता दिखाई दे रहा है। युवा यह कह रहे हैं कि आध्यात्मिकता चाहिए, लेकिन उसकी अभिव्यक्ति उनकी भाषा और उनके समय के अनुरूप भी हो सकती है।

भारत में क्लब संस्कृति का विकास मुख्यतः मनोरंजन, संगीत, नृत्य और सामाजिक मेल-जोल के माध्यम के रूप में हुआ। देर रात तक चलने वाले कार्यक्रमों में तेज संगीत, चमकती रोशनी और आधुनिक जीवनशैली का प्रभाव दिखाई देता रहा। अब उसी सामाजिक ढाँचे में भक्ति का प्रवेश अपने आप में सांस्कृतिक परिवर्तन का संकेत है। भजन क्लबिंग में सामान्यतः शराब, धूम्रपान और नशीले पदार्थों के स्थान पर भक्ति-संगीत, सामूहिक गायन और सकारात्मक ऊर्जा को महत्व दिया जाता है। यह अंतर बहुत महत्वपूर्ण है। युवा यदि रात के समय मनोरंजन के लिए बाहर निकलते हैं तो उन्हें ऐसा विकल्प मिलना, जहाँ आनंद के साथ आत्मिक जुड़ाव भी हो, निश्चित रूप से विचारणीय है। इसमें एक और महत्वपूर्ण पक्ष है-सामूहिकता। सोशल मीडिया ने लोगों को आभासी रूप से जोड़ दिया है, लेकिन वास्तविक जीवन में अकेलापन बढ़ा है। हजारों डिजिटल मित्रों के बावजूद मनुष्य कई बार स्वयं को अकेला पाता है। भजन क्लब में अनजान लोग भी एक स्वर में गाते हैं। कुछ समय के लिए मोबाइल दूर होता है और मनुष्य मनुष्य के निकट आता है। यह अनुभव मानसिक स्तर पर भी राहत दे सकता है।

आज का युवा केवल उपदेश सुनना नहीं चाहता, वह अनुभव करना चाहता है। वह किसी बात को इसलिए स्वीकार नहीं करता कि परंपरा ऐसा कहती है। वह जानना चाहता है-इससे मुझे क्या मिलेगा? भजन क्लबिंग इसी प्रश्न का एक व्यावहारिक उत्तर देती प्रतीत होती है। संगीत मनुष्य की भावनाओं को सीधे प्रभावित करता है। सामूहिक गायन में व्यक्ति अपनी व्यक्तिगत सीमाओं से ऊपर उठकर समूह का हिस्सा बन जाता है। जब सैकड़ों लोग एक साथ ‘राम’, ‘महावीर’, ‘शिव’, ‘कृष्ण’ या किसी अन्य आराध्य का स्मरण करते हैं तो वातावरण में सामूहिक ऊर्जा पैदा होती है। जैन दृष्टि से देखें तो भक्ति का मूल उद्देश्य केवल बाहरी उल्लास नहीं, बल्कि आत्मा की ओर यात्रा है। नवकार मंत्र, स्तवन, भक्तामर, मंगल पाठ या तीर्थंकरों की स्तुति यदि संगीत के माध्यम से युवा मन तक पहुँचती है तो यह स्वागतयोग्य प्रयोग हो सकता है-बशर्ते भक्ति मनोरंजन में विलीन न हो जाए। यहीं इस पूरी प्रवृत्ति की सबसे बड़ी कसौटी है।

भारत के सार्वजनिक जीवन में भी पिछले कुछ वर्षों में आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक चेतना की सार्वजनिक अभिव्यक्ति अधिक दिखाई देने लगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अनेक राष्ट्रीय नेता और सार्वजनिक व्यक्तित्व भारतीय परंपरा, योग, ध्यान, मंदिरों, तीर्थों, भक्ति और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय दिखाई देते हैं। इससे नई पीढ़ी के बीच यह संदेश गया है कि आधुनिकता और आध्यात्मिकता परस्पर विरोधी नहीं हैं। लेकिन यहाँ यह भी समझना होगा कि किसी राजनीतिक या लोकप्रिय व्यक्तित्व की उपस्थिति किसी आध्यात्मिक प्रवृत्ति की सफलता का अंतिम प्रमाण नहीं हो सकती। किसी भी आंदोलन की वास्तविक शक्ति उसके चरित्र-निर्माण और सामाजिक प्रभाव में होती है। यदि भजन क्लबिंग युवाओं को नशे से दूर करती है, मानसिक तनाव कम करती है, परिवार से जोड़ती है, सेवा की प्रेरणा देती है और जीवन में संयम पैदा करती है, तभी इसकी सार्थकता सिद्ध होगी।
हर नई लोकप्रिय प्रवृत्ति के साथ कुछ जोखिम भी जुड़े होते हैं। सबसे बड़ा खतरा यह है कि भक्ति धीरे-धीरे केवल एक फैशनेबल इवेंट बनकर रह जाए। यदि उद्देश्य आत्मिक शांति के बजाय केवल तेज संगीत, रोशनी, नृत्य और मनोरंजन रह गया तो भजन क्लबिंग और सामान्य क्लब संस्कृति के बीच अंतर धीरे-धीरे समाप्त हो सकता है। दूसरा खतरा व्यावसायीकरण का है। यदि भक्ति के नाम पर महंगे टिकट, प्रायोजक, ब्रांडिंग और दिखावे की संस्कृति हावी हो गई तो आध्यात्मिकता बाजार की वस्तु बन सकती है। तीसरा खतरा किसी व्यक्ति, समूह या शैली के प्रति अंधानुकरण का है। समुदाय बनाना अच्छी बात है, लेकिन समुदाय यदि विचार-विमर्श के बजाय अंध-समर्पण पैदा करने लगे तो वह स्वस्थ आध्यात्मिकता नहीं रह जाता। चौथा प्रश्न संगीत की तीव्रता का है। आध्यात्मिकता का अर्थ हमेशा धीमा संगीत नहीं है और तेज संगीत अपने आप में आध्यात्मिकता-विरोधी भी नहीं है। भक्ति परंपरा में नृत्य, कीर्तन और उत्सव का अपना स्थान रहा है। लेकिन यदि ध्वनि इतनी तीव्र हो जाए कि मन भीतर की ओर जाने के बजाय उत्तेजना में उलझ जाए, तो मूल उद्देश्य कमजोर पड़ सकता है।

इस पूरी बहस का सबसे महत्वपूर्ण बिंदु यही है कि अध्यात्म बाहरी अभिव्यक्ति से आगे की यात्रा है। भजन क्लब में दो घंटे झूमना अच्छी अनुभूति दे सकता है, लेकिन उसका वास्तविक मूल्य तब होगा जब उस अनुभव का असर अगले दिन के जीवन में दिखाई दे। प्रश्न है कि इस भजन-संस्कृति में डूबने से क्या युवा अधिक संयमी हुआ? क्या उसके व्यवहार में करुणा बढ़ी? क्या वह माता-पिता के प्रति अधिक सम्मानशील हुआ? क्या वह नशे से दूर हुआ? क्या उसके भीतर सेवा की भावना पैदा हुई? क्या क्रोध कम हुआ? क्या वह प्रकृति और समाज के प्रति संवेदनशील हुआ? यदि इन प्रश्नों के उत्तर ‘हाँ’ में हैं, तो भजन क्लबिंग केवल मनोरंजन नहीं, आध्यात्मिक सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बन सकती है। आने वाले वर्षों में भजन क्लबिंग का विस्तार निश्चित रूप से नए रूपों में हो सकता है। मंदिरों, आध्यात्मिक संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और युवा संगठनों द्वारा संगीत, ध्यान, योग, संवाद और सेवा को जोड़कर नए कार्यक्रम विकसित किए जा सकते हैं। लेकिन इसके लिए एक स्पष्ट सूत्र होना चाहिए-“आधुनिक प्रस्तुति हो, लेकिन आध्यात्मिक मूल्यों से समझौता न हो।”

भक्ति को युवा बनाना आवश्यक है, लेकिन भक्ति की आत्मा को युवा बनाने की आवश्यकता नहीं है। वह सनातन है, वह शाश्वत है, वह सार्वकालिक, सार्वभैमिक एवं सार्वदैशिक है, आवश्यकता केवल उसकी भाषा, प्रस्तुति और पहुँच को समयानुकूल बनाने की है। भजन क्लबिंग इसलिए एक अवसर भी है और चुनौती भी। अवसर इस बात का कि आधुनिक युवा को धर्म और अध्यात्म से जोड़ने का एक नया द्वार खुला है। चुनौती इस बात की कि कहीं यह द्वार बाजारवाद, दिखावे, अपसंस्कृति और अति-मनोरंजन का प्रवेशद्वार न बन जाए। अंततः भजन क्लबिंग की सफलता इस बात से तय नहीं होगी कि कितने युवा संगीत पर झूमे, बल्कि इससे होगी कि कितने युवा अपने भीतर झाँकने लगे। यदि क्लब की ऊर्जा आत्मा की शांति तक पहुँचाती है, संगीत मन को निर्मल करता है और भक्ति जीवन को बेहतर बनाने की प्रेरणा देती है, तो यह केवल नई पीढ़ी का नया फैशन नहीं, बल्कि आधुनिक समय में अध्यात्म की नई दस्तक है और यदि भक्ति मंच से उतरकर व्यवहार में आ गई, तो सचमुच कहा जा सकेगा-क्लब में संगीत बदला है, लेकिन उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण यह है कि जीवन का संगीत बदलने लगा है।

ललित गर्ग लेखक, पत्रकार, स्तंभकार
ललित गर्ग
लेखक, पत्रकार, स्तंभकार
Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »