चाचा नेहरू का था सपना
बच्चे सदा महकते रहें
खुशियों की प्यारी बगिया में
पंछी जैसे चहकते रहें
किंतु ये मासूम नन्हें फ़रिश्ते
काम बोझ के तले दब रहे
जिन हाथों में होनी थीं किताबें
वे हाथ ईंट गारों से सन रहे
इनका बचपन कहाँ खो गया
ये मासूम क्या बताएंगे
जीवन सड़क पर गुजर रहा
ये आपबीती क्या ही सुनाएंगे
कभी आँखों में तरस भरे
दो वक्त की रोटी खाते हैं
कभी धिक्कार के धक्के से
ये भूखे ही सो जाते हैं
जब पेट की भूख ही चिंता है
तो ये क्या पढ़ने जाएंगे
जब इनका आज है संकट में
तो ये क्या भविष्य बनाएंगे
इन बच्चों को मुक्त करें
और मानवता का हनन बचाएँ
इनको दें शिक्षा का अवसर
इनको कुशल समर्थ बनाएं
क्योंकि इन्हीं से देश का गौरव
ये ही करेंगे नव निर्माण
ये ही नया इतिहास रचेंगे
इन्हीं से है भारत की शान !!!

