NEW English Version

दवाओं का दुरुपयोग, भविष्य के उपचारों के लिए खतरे की घंटी

18 से 24 नवंबर — विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह

2026 की थीम है “एक स्वास्थ्य, एक कार्रवाई: रोगाणुरोधी प्रतिरोध की रोकथाम अभी करें”…!  चिकित्सा विज्ञान ने अनेक ऐसी बीमारियों पर विजय पाने में सहायता की है, जिन्हें कभी जानलेवा माना जाता था। एंटीबायोटिक दवाओं ने संक्रमणों के उपचार में क्रांतिकारी भूमिका निभाई है। लेकिन आज चिकित्सा जगत के सामने एक ऐसी चुनौती उभर रही है, जो भविष्य में सामान्य संक्रमणों का उपचार भी कठिन बना सकती है। यह चुनौती है – प्रतिरोध, जिसे अंग्रेजी में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) कहा जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, जब बैक्टीरिया, वायरस, फफूंद या परजीवी उन दवाओं के प्रति प्रतिरोध विकसित कर लेते हैं, जिनसे उनका उपचार किया जाता है, तो संक्रमण का इलाज कठिन हो सकता है। ऐसी स्थिति में दवांए अपेक्षित प्रभाव नहीं दिखातीं और बीमारी गंभीर होने तथा फैलने का जोखिम बढ़ सकता है। यह समस्या केवल किसी एक देश या अस्पताल तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है।इसी विषय पर जन जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रत्येक वर्ष 18 से 24 नवंबर तक विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह मनाया जाता है। वर्ष 2026 की थीम है—“एक स्वास्थ्य, एक कार्रवाई: रोगाणुरोधी प्रतिरोध की रोकथाम अभी करें।” इसका संदेश स्पष्ट है कि मनुष्य, पशु, पौधों और पर्यावरण के स्वास्थ्य को अलग-अलग नहीं देखा जा सकता।

सर्दी-जुकाम, फ्लू और अनेक वायरल संक्रमणों में एंटीबायोटिक दवाएं सामान्यतः प्रभावी नहीं होतीं, क्योंकि ये दवाएं बैक्टीरिया के विरुद्ध काम करती हैं, वायरस के विरुद्ध नहीं। इसके बावजूद कई लोग बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक लेने लगते हैं। कुछ लोग पुरानी पर्ची पर दवा खरीदते हैं, तो कुछ परिचितों की सलाह पर उपचार शुरू कर देते हैं। यही लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है। एंटीबायोटिक का अनावश्यक या अनुचित उपयोग प्रतिरोधी बैक्टीरिया के उभरने और फैलने की आशंका बढ़ाता है। भविष्य में जब किसी गंभीर संक्रमण के लिए वही दवा आवश्यक होगी, तब उसका असर कम हो सकता है।

यहां एक महत्वपूर्ण बात समझनी चाहिए – “प्रतिरोध व्यक्ति के शरीर में नहीं, बल्कि रोगाणुओं में विकसित होता है। दवाओं के अनुचित इस्तेमाल से ऐसे रोगाणुओं के पनपने और फैलने की संभावना बढ़ती है, जिन पर उपलब्ध उपचार कम प्रभावी रह जाते हैं।

एंटीबायोटिक दवाओं का बिना चिकित्सकीय परामर्श उपयोग, गलत दवा लेना, स्वयं खुराक बदलना और उपचार संबंधी निर्देशों का पालन न करना इस समस्या को बढ़ा सकता है। इसके अतिरिक्त अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण की कमजोर व्यवस्था, स्वच्छ पानी और साफ-सफाई की कमी तथा पशुपालन और कृषि में रोगाणुरोधी दवाओं का अनुचित उपयोग भी चुनौती को गंभीर बना सकते हैं।इसलिए समाधान केवल दवाओं की बिक्री पर नियंत्रण तक सीमित नहीं होना चाहिए। संक्रमणों की रोकथाम, स्वच्छता, टीकाकरण, सही जांच, उचित चिकित्सा और दवाओं के जिम्मेदार उपयोग को एक साथ बढ़ावा देना आवश्यक है। आम नागरिक क्या करें? इस समस्या से निपटने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

  • – एंटीबायोटिक केवल योग्य चिकित्सक की सलाह पर लें। स्वयं दवा शुरू न करें और न ही किसी दूसरे व्यक्ति की बची हुई दवा इस्तेमाल करें।
  • – चिकित्सक द्वारा बताए गए उपचार और खुराक संबंधी निर्देशों का पालन करें। दवा में बदलाव या उसे बंद करने के बारे में चिकित्सक से सलाह लें।
  • – सर्दी-जुकाम या बुखार होने पर स्वयं एंटीबायोटिक लेने के बजाय उचित चिकित्सकीय सलाह प्राप्त करें।
  • – हाथों की नियमित सफाई, सुरक्षित भोजन, स्वच्छ पेयजल और टीकाकरण पर ध्यान दें। संक्रमण की रोकथाम से दवाओं की आवश्यकता कम हो सकती है।
  • – बची हुई दवाओं को नाली या शौचालय में न बहाएं। उनके सुरक्षित निपटान के लिए स्थानीय फार्मेसी या स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करें।
  • चिकित्सकों और स्वास्थ्य संस्थानों को भी उचित जांच, सही दवा का चयन, संक्रमण नियंत्रण और रोगाणुरोधी दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग को प्राथमिकता देनी चाहिए।

मनुष्य का स्वास्थ्य पशुओं, पौधों, भोजन, पानी और पर्यावरण से गहराई से जुड़ा है। यदि रोगाणुरोधी दवाओं का अनुचित उपयोग मनुष्यों के साथ-साथ पशुपालन या कृषि में भी होता है, तो प्रतिरोधी रोगाणुओं के फैलने के रास्ते बढ़ सकते हैं। दूषित पानी, अपशिष्ट और पर्यावरण में दवाओं के अवशेष भी इस समस्या को प्रभावित कर सकते हैं। इसीलिए विश्व स्वास्थ्य संगठन और अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं ‘एक स्वास्थ्य’ दृष्टिकोण पर जोर देती हैं। इसमें स्वास्थ्य विशेषज्ञों, पशु चिकित्सकों, किसानों, पर्यावरणविदों, वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयासों को आवश्यक माना जाता है।विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, वर्ष 2023 में विश्वभर में प्रयोगशाला से पुष्ट सामान्य जीवाणु संक्रमणों में लगभग हर छह में से एक संक्रमण एंटीबायोटिक के प्रति प्रतिरोधी पाया गया। यह आंकड़ा समस्या की गंभीरता और समय रहते कदम उठाने की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

रोगाणुरोधी प्रतिरोध के विरुद्ध लड़ाई केवल चिकित्सकों या सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। सही जानकारी अपनाकर, अनावश्यक दवाओं से बचकर और संक्रमण की रोकथाम करके हम सभी इसमें योगदान दे सकते हैं। इस जागरूकता सप्ताह का संदेश यही है कि आज की छोटी-सी लापरवाही भविष्य के उपचार विकल्पों को सीमित कर सकती है। दवाओं का विवेकपूर्ण उपयोग, वैज्ञानिक सोच और सामूहिक प्रयास ही आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रभावी उपचार सुरक्षित रखने का रास्ता हैं।

दवा का मान रखें,
उपचार का ज्ञान रखें,
बिन सलाह औषधि से
दूरी की पहचान रखें।
स्वस्थ मनुष्य, पशु,
प्रकृति एक सूत्र में जुड़े,
सजग कदमों से भविष्य
के उपचार सुरक्षित रहें।।

सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’ वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, एवीके न्यूज सर्विस
सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’
वरिष्ठ पत्रकार / साहित्यकार / अधिवक्ता, एवीके न्यूज सर्विस
Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »