उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा के अनुरूप अलीगढ़ शहर को सुव्यवस्थित स्वच्छ सुंदर एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में महापौर प्रशांत सिंघल की अध्यक्षता में मंगलवार को नगर निगम सेवा भवन में नगरीय अवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत प्राप्त धनराशि से विभिन्न विकास परियोजनाओं की स्वीकृति हेतु गठित समिति की महत्वपूर्ण बैठक नगर निगम सेवा भवन में शाम 4 बजे आयोजित की गई।
महापौर, नगर आयुक्त व सदस्यों द्वारा बैठक में प्रस्तुत एजेंडे के विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत सर्वसम्मति से कुल 4661.60 लाख रुपये के विकास व जनहित कार्यो व भुगतान संबंधी प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि नगरीय अवस्थापना विकास निधि अंतर्गत प्राप्त धनराशि से निम्न परियोजनाओं की स्वीकृति माननीय महापौर जी की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा प्रदान की गई है, जिनका विवरण निम्नानुसार है:-

इन विभागों के प्रस्ताव हुए पास
जलकल विभाग के प्रस्ताव 247.68 लाख रुपये।
जलकल विभाग के अंतर्गत शाहजमाल ईदगाह क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पाइपलाइन डालने सहित अन्य कार्यों हेतु 47.68 लाख रुपये तथा जलकल विभाग के विभिन्न आवश्यक कार्यों के लिए 200 लाख रुपये का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।
पथ प्रकाश विभाग के प्रस्ताव 200 लाख रुपये।
महानगर में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पथ प्रकाश विभाग के विभिन्न कार्यों के लिए 200 लाख रुपये की धनराशि का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।
स्वास्थ्य विभाग एवं एसबीएम 200 लाख रुपये
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत विभिन्न आवश्यक कार्यों के लिए 200 लाख रुपये का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।
निर्माण विभाग के प्रस्ताव 4013.92 लाख रुपये
निर्माण विभाग के अंतर्गत महानगर के आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने एवं सौंदर्यीकरण को गति देने के लिए महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि उपरोक्त अनुसार जलकल विभाग पथ प्रकाश विभाग स्वास्थ्य विभाग एवं स्वच्छ भारत मिशन तथा निर्माण विभाग के अंतर्गत कुल 4661.60 लाख रुपये के प्रस्ताव समिति के समक्ष स्वीकृति हेतु प्रस्तुत किए गए जिन्हें बैठक में सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।
इन महत्वपूर्ण कार्यो को मिलेगी गति
रसलगंज रोड के समेकित विकास एवं उन्नयन कार्य के लिए स्वीकृत 800 लाख रुपये के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 250 लाख रुपये का प्रावधान।
आगरा रोड एवं मथुरा रोड फ्लाई ओवर/ प्रवेश द्वार का निर्माण व सौन्दर्यकरण कार्य के लिए कुल 500 लाख रुपये का प्रावधान।
नौरेगाबाद ऊपरीगामी सेतु एवं मीनाक्षी ऊपरीगामी सेतु की दोनों ओर की रेलिंग के सौंदर्यीकरण कार्य, तस्वीर महल पुलिस लाइन के सामने आर्यभट्ट चौराहे के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए कुल 600 लाख रुपये का प्रावधान।
अचल ताल रोड के विकास कार्य के लिए स्वीकृत 384.85 लाख रुपये के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 200 लाख रुपये का प्रावधान।
सेवा भवन के तृतीय तल पर स्टोर रूम के निर्माण के लिए 18.98 लाख रुपये का प्रावधान।
सदन भवन परिसर में बाह्य विकास कार्य के लिए 144.94 लाख रुपये का प्रावधान।
नगर निगम अलीगढ़ द्वारा विभिन्न निधियों के अंतर्गत कराए गए निर्माण कार्यों के भुगतान के लिए 2800 लाख रुपये का प्रावधान।
महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि मा मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में अलीगढ़ शहर का चौमुखी विकास एवं नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है नगरीय अवस्थापना विकास निधि के माध्यम से प्राप्त धनराशि का उपयोग शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने सड़कों के विकास प्रकाश व्यवस्था एवं शहर के सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किया जाएगा।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा माननीय मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से नगरीय अवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत स्वीकृत प्रस्तावों से शहर की आधारभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। संबंधित विभागों को निर्देशित किया जाएगा कि स्वीकृत कार्यों की नियमानुसार औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित कराया जाए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव अपर जिलाधिकारी नगर संगीता देवी, मुख्य अभियंता वीके सिंह, अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, अजय कुमार सक्सेना, राकेश कुमार सिंह, आशीष शुक्ला, लेखाधिकारी भरत कुमार दुबे, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामानंद त्यागी, सीपी सिंह अहसान रब उपस्थित थे।