NEW English Version

टेलीविजन : मनोरंजन के साथ सूचना, शिक्षा एवं शांति का सशक्त माध्यम

विश्व टेलीविजन दिवस

विश्व में शांति, सुरक्षा, सहयोग, समन्वय, संस्कार, सामूहिकता, सहकारिता के उदात्त भावों के संवर्धन तथा संघर्ष, हिंसा, युद्ध, रक्तपात, अराजकता से मुक्त खुशहाल एवं समृद्ध वैश्विक परिवेश का निर्माण करने तथा सभी देशों के मध्य पारस्परिक सामंजस्य स्थापित कर विकास पथ पर बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने हेतु 24 अक्टूबर, 1945 को स्थापित संयुक्त राष्ट्रसंघ वर्ष के बारह महीनों में कुछ महत्वपूर्ण दिवसों का थीम आधारित वैश्विक आयोजन कर जन-जागरूकता का प्रसार करता है, ताकि प्रकृति का संरक्षण हो और यह खूबसूरत दुनिया मानव एवं पशु-पक्षियों के लिए रहने लायक बनी रहे। प्रत्येक वर्ष 21 नवम्बर को मनाया जाने वाला विश्व टेलीविजन दिवस इस शृंखला का एक विशिष्ट जागतिक कार्यक्रम है जो मनोरंजन के साथ ही शिक्षा, सूचना, संस्कृति के प्रसार तथा शांति एवं सौहार्द स्थापना के अपने उद्देश्यों को अपनाने हेतु सामान्य जन को प्रेरित करता है। विश्व टेलीविजन दिवस वास्तव में सामाजिक विकास एवं जागरूकता के प्रति टेलीविजन के सकारात्मक उपयोग को बढ़ावा देने तथा वैश्विक मुद्दों पर जनमत बनाने में उसकी भूमिका को मान्यता प्रदान करता है। उल्लेखनीय है कि 21 एवं 22 नवम्बर, 1996 को अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में विश्व टेलीविजन फोरम का आयोजन किया गया था, जिसमें विभिन्न देशों के टेलीविजन मीडिया कर्मियों, टेलीफिल्म एवं सीरियल तथा वृत्तचित्र निर्माताओं ने सहभागिता कर टेलीविजन संसाधन एवं टेली पत्रकारिता का मानवता के कल्याण एवं पर्यावरण संरक्षण सहित मनोरंजन, राजनीति, शिक्षा, संस्कृति, आर्थिकी, समाज-रचना में योगदान तथा हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में लोक जागरण एवं सामान्य वातावरण के निर्माण में भूमिका विषयक अनुभवों का आदान-प्रदान किया था। इस आयोजन की सफलता से उत्साहित संयुक्त राष्ट्रसंघ ने 17 दिसम्बर, 1996 को एक प्रस्ताव पारित कर प्रत्येक वर्ष पूरी दुनिया में 21 नवम्बर को विश्व टेलीविजन दिवस मनाने की घोषणा की थी, जो अद्यावधि गतिमान है।

विश्व टेलीविजन दिवस संयुक्त राष्ट्रसंघ का एक महत्वपूर्ण दिवस है जो दुनिया में व्यक्तियों एवं राष्ट्रों को पारस्परिक संघर्ष, हिंसा एवं रक्तपात से दूर रहने तथा मेल-जोल बढ़ा कर शांति एवं विश्व बंधुत्व के मानवीय मूल्यों से प्रकाशित पथ पर सतत बढ़ने को प्रेरित एवं उत्साहित करता है। सजीव सूचनाओं के तत्काल सम्प्रेषण में टेलीविजन खरा उतरा है और आम आदमी घटनाओं से जुड़ वास्तविकता का दर्शन कर स्थिति की संवेदनशीलता का अनुभव कर पाने में समर्थ हुआ है। यह समझ उसे बेहतर दुनिया रचने में मदद करती है। विद्यालयों में बच्चे किताबों के साथ-साथ टेलीविजन के माध्यम से अपनी क्षमताओं एवं कौशलों की धार तेज कर रहे हैं। कह सकते हैं कि आज दुनिया के किसी भी दृश्य, घटना और आयोजन से घर बैठे जुड़ना सहज सम्भव हुआ है।

      टेलीविजन की यह रोचक यात्रा अब एक शताब्दी की हो गई है। वर्ष 1924 में स्कॉटलैंड के विज्ञानी जॉन लोगी बेयर्ड ने पहला टेलीविजन बनाया था। अपने इस यांत्रिक टेलीविजन के माध्यम से बेयर्ड ने लंदन में मार्च 1925 तथा जनवरी 1926 में चलती-फिरती चित्रावली का सार्वजनिक प्रदर्शन किया, किंतु स्क्रीन पर चित्र बहुत धुंधले आये थे। इसे बेहतर कर 1927 में  इलेक्ट्रॉनिक टेलीविजन बनाया अमेरिका के फिलो टेलर फांर्सवर्थ ने, जो आधुनिक टेलीविजन तकनीकी का आधार बना। विश्व में पहला टेलीविजन स्टेशन न्यूयॉर्क में स्थापित किया गया। बीबीसी ने 1936 में पहली बार टेलीविजन का नियमित प्रसारण आरंभ किया। निस्संदेह टेलीविजन ने विराट विश्व को मानव के सम्मुख एक निर्जीव मशीन की स्क्रीन पर सजीव उपस्थित कर दिया है।

        भारत में टेलीविजन सेवा का आरंभ यूनेस्को के सहयोग से स्वतंत्रता प्राप्ति के एक दशक बाद हो सका था, जब 15 सितम्बर, 1959 को दिल्ली में पहला प्रसारण आल इंडिया रेडियो अंतर्गत सम्भव हुआ था। आकाशवाणी भवन में ही टेलीविजन आडिटोरियम का निर्माण किया गया, जिसका उद्घाटन भारत के प्रथम राष्ट्रपति महामहिम डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने किया था। इस सेवा को नाम दिया गया ‘टेलीविजन इंडिया’ जिसे 1975 में बदल कर ‘दूरदर्शन’ कर दिया गया। तब सप्ताह में दो बार एक-एक घंटे का कार्यक्रम प्रसारित किया जाता था। कार्यक्रमों में मुख्यतः नागरिकों के कर्तव्य, सड़क यातायात के नियम एवं स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे शामिल होते थे। आगे इस कड़ी में कृषि एवं ग्रामीण विकास, परिवार नियोजन, सामाजिक जागरूकता, विज्ञान,  समाचार तथा सम-सामयिक विषयों पर सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं सामुदायिक शिक्षण जैसे विषयों को जोड़ा गया। वर्ष 1980 तक देश के शहरों एवं कस्बों के बड़े हिस्से तक टेलीविजन की पहुंच अवश्य हो गई किंतु ग्रामीण वनवासी क्षेत्र टेलीविजन की परिधि में न आ सके। देश में 15 अगस्त, 1982 को पहली बार टेलीविजन पर रंगीन प्रसारण का आरंभ हुआ। तब तक टेलीविजन शिक्षा, समाचार एवं मनोरंजन का एक अच्छा साधन बन चुका था। और तभी 7 जुलाई, 1984 को टेलीविजन पर पहला धारावाहिक नाटक ‘हम लोग’ का प्रसारण हुआ जो बहुत लोकप्रिय हुआ और जिसके 156 एपीसोड प्रसारित हुए। आगे ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ धारावाहिक ने टेलीविजन प्रसारण क्षेत्र में सर्वाधिक दर्शकों द्वारा देखे जाने वाले धारावाहिकों के रूप में इतिहास के पन्नों पर दर्ज हो गये। इंटरनेट की सुविधा सुलभ होने से टेलीविजन के एंटीना की भी जरूरत नहीं रही और टेलीविजन प्रसारण नगर, ग्राम, गिरि, कानन, सागर, घाटी तक सुगमता से सम्भव हो सका है।

आज तो पूरी दुनिया में  टेलीविजन पर समाज जीवन के विविध क्षेत्रों के अनेकानेक कार्यक्रम प्रसारित किए जा रहे हैं जो विभिन्न आयु वर्ग के दर्शकों द्वारा रुचिपूर्वक देखे जा रहे हैं। क्रिकेट, फुटबाल, हॉकी आदि के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मैचों, बिम्बलडन, एशियाड, ओलम्पिक खेलों, राकेट प्रक्षेपण, अंतरिक्ष प्रयोगशाला एवं चंद्रयान मिशन, युद्धों, कुम्भ एवं अन्यान्य मेलों, प्राकृतिक आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में बचाव एवं राहत कार्यों, धार्मिक एवं राजनीतिक आयोजनों आदि के सजीव प्रसारण ने पूरी दुनिया को मानो स्क्रीन पर उतार दिया हो। टेलीविजन के कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शकों में पर्यावरण सुरक्षा, लोक चेतना, नागरिक कर्तव्य बोध तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावधारा मानवीय मूल्यों एवं सद्गुणों से समृद्ध हो रही है। टेलीविजन दिलों की दूरियां कम करके स्नेह-प्रेम, करुणा, ममता-समता एवं समरसता का मृदुल प्रसाद बांट रहा है। शांति, सौहार्द एवं सौजन्यता के स्वर आलाप रहा है जो व्यक्ति, समाज एवं देश को हिंसक मनोवृत्ति के त्यागने तथा प्रेम एवं अहिंसा के पथ पर सतत अग्रसर होने का पथ प्रशस्त कर रहा है।

प्रमोद दीक्षित मलय 
शिक्षक एवं शैक्षिक संवाद मंच के संस्थापक
प्रमोद दीक्षित मलय
शिक्षक एवं शैक्षिक संवाद मंच के संस्थापक
Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »