NEW English Version

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के दो वर्ष पूरे होने का अवसर मनाया


राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त भारत के लिए सामूहिक संकल्प को दोहराया गया

राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और हितधारकों ने विज्ञान भवन में तथा वेबकास्ट के माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के माध्यम से ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के दो वर्ष पूरे होने का अवसर मनाया। इस अवसर पर माननीय केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी, दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता तथा महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों, बाल विवाह निषेध अधिकारियों (सीएमपीओएस), बाल कल्याण समितियों (सीडबल्यूसीएस), विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों, विधिक सेवा संस्थानों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों तथा नागरिक समाज संगठनों ने भाग लिया। देशभर के अधिकारियों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और हितधारकों को राष्ट्रीय कार्यक्रम से जोड़ने के लिए इसका वेबकास्ट भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली और भारत को बाल विवाह से मुक्त बनाने की दिशा में कार्य करने के अपने संकल्प को दोहराया।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने इस अवसर पर कहा, “हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि देश के प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन मिले, प्रत्येक बेटी को शिक्षा का अवसर मिले और वे अपने जीवन के बारे में स्वयं निर्णय लेने में सक्षम बनें—और हमने संकल्प लिया है कि हमारे घर, हमारे पड़ोस या देश में कहीं भी बाल विवाह नहीं होने देंगे।”

उन्होंने दोहराया कि बाल विवाह को समाप्त करने के लिए ‘संपूर्ण सरकार’ और ‘संपूर्ण समाज’ के दृष्टिकोण के तहत निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में शिक्षा, कौशल विकास और बालिकाओं के सशक्तीकरण के महत्व पर भी जोर दिया।

महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने जमीनी स्तर पर भागीदारी और समुदाय-आधारित प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बाल विवाह की रोकथाम में पंचायतों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और सामुदायिक नेताओं की भूमिका पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, “बाल विवाह मुक्त भारत केवल 2030 का लक्ष्य नहीं है; यह माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक आवश्यक कदम है।”

दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने बाल विवाह को समाप्त करने, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार और समुदायों के समन्वित प्रयासों का आह्वान किया।

उन्होंने कहा, “एक बेटी तभी आगे बढ़ेगी जब हम उसे यह आशीर्वाद देंगे कि हम उसके हाथ से किताब नहीं छीनेंगे, उसका कम उम्र में विवाह नहीं करेंगे और उसे सम्मान तथा समान अवसर देंगे ताकि वह आगे बढ़ सके।”

‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान की शुरुआत 27 नवंबर 2024 को भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से की गई थी। अभियान में जागरूकता पैदा करने, सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने, बाल विवाह निषेध अधिकारियों (CMPOs) की भूमिका को मजबूत करने, समय पर सूचना देने एवं हस्तक्षेप करने तथा स्कूल छोड़ चुकी या बाल विवाह के जोखिम में रहने वाली किशोरियों को शिक्षा, कौशल विकास और सशक्तीकरण के माध्यम से सहयोग देने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

पिछले दो वर्षों में यह अभियान देशव्यापी सतत प्रयास के रूप में विकसित हुआ है। जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 12 करोड़ से अधिक नागरिकों तक पहुंच बनाई गई है, जबकि बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल, माए जीओवी और माए भारत प्लेटफॉर्म पर 42 लाख से अधिक शपथ दर्ज की गई हैं। बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 72,000 से अधिक बाल विवाह निषेध अधिकारियों (सीएमपीओएस) के एक केंद्रीकृत भंडार के रूप में भी विकसित हुआ है। यह आयोजन वर्तमान में चल रहे 100-दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता मॉड्यूल 2.0 के दौरान भी आयोजित किया जा रहा है। यह मॉड्यूल 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक चल रहा है और इसका उद्देश्य देशभर में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता, जन-सक्रियता तथा समन्वित कार्रवाई को और तेज करना है।

विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 700 लोगों ने भाग लिया। वेबकास्ट के माध्यम से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के हितधारकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की गई तथा बाल विवाह के विरुद्ध राष्ट्रव्यापी शपथ में लोगों को शामिल किया गया। वेबकास्ट के माध्यम से लगभग 47,000 लोगों ने कार्यक्रम को देखा।

अभियान बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के कार्यान्वयन को मजबूत करने में सहायक है। इसके अंतर्गत बाल विवाह निषेध अधिकारियों (CMPOs) तथा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की क्षमता को मजबूत करने और समय पर सूचना देने तथा हस्तक्षेप को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है। नागरिक बाल विवाह की घटनाओं की सूचना दे सकते हैं, शपथ ले सकते हैं तथा बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल के माध्यम से जानकारी और संसाधनों तक पहुंच प्राप्त कर सकते हैं:

सहायता और समय पर हस्तक्षेप के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली 112 तथा महिला हेल्पलाइन 181 भी उपलब्ध हैं।

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूरे होने पर मंत्रालय ने नागरिकों, समुदायों, संस्थानों और सभी हितधारकों से बाल विवाह की रोकथाम को साझा राष्ट्रीय जिम्मेदारी बनाने तथा यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि प्रत्येक बच्चा अपनी शिक्षा जारी रख सके और अपनी पूरी क्षमता को साकार कर सके। साभार : पीआईबी

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »