भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) 81 ऐतिहासिक स्थलों पर 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का आयोजन करेगा, एएसआई स्मारकों में प्रवेश नि:शुल्क किया गया

21 जून 2025 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, आयुष मंत्रालय के सहयोग से, 81 केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में योग सत्र का आयोजन करेगा। समारोह के हिस्से के रूप में, इस दिन सभी एएसआई स्मारकों में जनता के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

इस वर्ष की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ के अनुरूप इस भव्य योग महोत्सव का उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन स्वास्थ्य प्रथाओं के बीच शाश्वत संबंध को बढ़ावा देना है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मार्च 2025 में अपने कार्यक्रम ‘मन की बात’ में संबोधन के दौरान घोषित इस थीम में न केवल अपने भीतर बल्कि पर्यावरण के साथ भी सामंजस्य बढ़ाने में योग की भूमिका को रेखांकित किया गया।

हजारों प्रतिभागी ऐतिहासिक स्थलों जैसे पुराना किला (दिल्ली), गोल गुम्बज (कर्नाटक), कोणार्क सूर्य मंदिर (ओडिशा), चित्तौड़गढ़ किला (राजस्थान), एलीफेंटा गुफाएं (महाराष्ट्र) और एएसआई के अंतर्गत 76 अन्य ऐतिहासिक स्थलों पर योग का अभ्यास करने के लिए एकत्रित होंगे। ये सत्र समग्र स्वास्थ्य और पर्यावरण चेतना के महत्व को रेखांकित करेंगे, जो योग दर्शन में गहराई से निहित है।

फाइल फोटो

इस समारोह में अहमदाबाद के अडालज वाव में गृह मंत्री श्री अमित शाह, दिल्ली के सफदरजंग मकबरे में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी, मुंबई के कन्हेरी गुफाओं में वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल, पट्टाडकल के मंदिर समूह में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी तथा विभिन्न स्थानों पर अन्य प्रमुख गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

मुख्य कार्यक्रम आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आयोजित किया जाएगा और इसमें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल होंगे। इसका सीधा प्रसारण पूरे भारत में किया जाएगा, जहां भी योग समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।

योग, भारत द्वारा विश्व को दिए गए अनेक उपहारों में से एक है और इसके महत्व को समझते हुए संयुक्त राष्ट्र ने 2014 में महासभा के सत्र के दौरान 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »