वंदे मातरम्, भारत माता की जय के नारों से गूंजा अलीगढ़ शहर
अलीगढ़ : हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत आज नगर निगम अलीगढ़ एवं अर्बन एनवायरोटेक कंपनी द्वारा एक भव्य तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया गया। कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर से नगर निगम के 250 कूड़ा उठाने वाले वाहनों की तिरंगा रैली को मंडलायुक्त संगीता सिंह, महापौर प्रशांत सिंघल एवं नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली का मार्ग कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर से लाल डिग्गी रोड, घण्टाघर, कलेक्टर रोड, ठंडी सड़क होते हुए पुनः हैबिटेट सेंटर तक रहा। इस दौरान नगर निगम और अर्बन कंपनी के सैकड़ों ड्राइवर एवं कर्मचारी देशभक्ति के जोश में मेरी शान तिरंगा एवं वंदे मातरम् के नारों से वातावरण को गूंजायमान करते रहे।



मंडलायुक्त संगीता सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री एवं ओजस्वी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में *हर घर तिरंगा” अभियान देशवासियों के दिलों में देशभक्ति और संविधान के प्रति वफादारी का भाव जागृत कर रहा है। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ नगर निगम एवं अर्बन एनवायरोटेक द्वारा आयोजित यह रैली जन-जन तक प्रेम एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाने का सराहनीय प्रयास है।

