नगर निगम का पहला एनीमल बर्थ कंट्रोल एंड डॉग शेल्टर होम का हुआ शुभारंभ

लंबे समय से जूझ रहे अलीगढ़ के नगरीय क्षेत्र को स्ट्रीट डॉग के आतंक से जल्द निजात मिलने की संभावना है। नगर निगम ने काफ़ी समय से चली आ रही इस मांग को पूरा करते हुए वार्ड 70 धौरा माफी क्षेत्र में लगभग 1 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से बने अलीगढ़ नगर निगम के पहले एनीमल बर्थ कंट्रोल एंड डॉग शेल्टर होम का शुभारंभ महापौर प्रशांत सिंघल नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा, अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव पार्षद जीनस अहमद, स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि इमरान अहमद ने संयुक्त रूप से किया। इसके शुरू होने से न केवल शहर में स्ट्रीट डॉग की संख्या को नियंत्रित किया जा सकेगा बल्कि उनके उपचार, देखभाल और सुरक्षा की भी समुचित व्यवस्था हो सकेगी। 

महापौर व नगर आयुक्त ने शुभारंभ करने के बाद एनीमल बर्थ कंट्रोल एंड डॉग शेल्टर होम की व्यवस्थाओ का बड़ी बारीकी से निरीक्षण किया। शहर में लगातार बढ़ रही स्ट्रीट डॉग की संख्या पर नियंत्रण और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा यह एनीमल बर्थ कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि निश्चित रूप से शहर में स्ट्रीट डॉग की संख्या पर नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए नगर निगम ने व्यवस्थाओ को प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है।

उन्होंने बताया कि इस एनीमल बर्थ कंट्रोल एंड डॉग शेल्टर होम में आधुनिक सुविधाओं से लैस मेडिकल रूम ऑपरेशन रूम प्रिपरेशन रूम प्रि-ऑपरेशन रूम वेटनरी मेडिकल स्टोर सर्जन रूम डॉक्टर रूम सहित कुल 165 श्वानों को रखने की क्षमता है। इसके लिए 32 छोटे केनल और 10 बड़े सामुदायिक केनल बनाए गए हैं। प्रत्येक बड़े केनल में 10 तथा छोटे केनल में 2 श्वानों को एक साथ रखा जा सकेगा। 2 वाहन, 03 वेटनरी चिकित्सक 07 डॉग कैचर और 01 सफाई कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहेंगे जिनकी निगरानी के लिए पूरा सेंटर सीसीटीवी कैमरों से लैस रहेगा।

खानपान और पहचान की व्यवस्था

शेल्टर होम में लाए गए स्ट्रीट डॉग को 3 से 4 दिन तक रखने और उनकी देखभाल की व्यवस्था की गई है। मानक के अनुसार प्रति डॉग प्रतिदिन 500–600 ग्राम चावल, दलिया, अंडे और सोयाबीन का भोजन दिया जाएगा। यह भोजन डॉग किचन में प्रतिदिन ताजा तैयार किया जाएगा। उपचार व नसबंदी के बाद प्रत्येक डॉग के कान पर V आकार का कट लगाकर उनकी पहचान सुनिश्चित की जाएगी। इसके बाद 1 एमएल एंटी रैबीज़ टीका लगाकर उन्हें निर्धारित स्थान पर छोड़ा जाएगा।

महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा

शहर की बड़ी समस्याओं में से एक आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या थी। इससे आमजन को कई बार कठिनाइयों और असुरक्षा की स्थिति का सामना करना पड़ता था। इस शेल्टर होम के माध्यम से नगर निगम ने एक बड़ी पहल की है। आने वाले समय में इससे शहर को काफी राहत मिलेगी और स्ट्रीट डॉग को भी सुरक्षित वातावरण मिलेगा।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा

हमारी प्राथमिकता न केवल स्ट्रीट डॉग की संख्या पर नियंत्रण करना है बल्कि उन्हें सुरक्षित और बेहतर उपचार भी उपलब्ध कराना है यहां आने वाले प्रत्येक डॉग का उपचार नसबंदी और एंटी रैबीज़ टीकाकरण किया जाएगा। साथ ही उन्हें स्वस्थ्य होने तक शेल्टर में भोजन व देखभाल प्रदान की जाएगी नगर निगम का यह प्रयास पशु कल्याण और जनहित दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण है

नगर आयुक्त ने बताया कि

नगर निगम ने इस शेल्टर होम को न केवल एनीमल बर्थ कंट्रोल सेंटर के रूप में विकसित किया है बल्कि भविष्य में यहां पेट वैक्सीनेशन, ग्रूमिंग, फीडिंग, नेल ट्रिमिंग एवं पेट एसेसरीज की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके संचालन और मेंटिनेंस हेतु प्रस्ताव आमंत्रित किए जाएंगे ताकि शहर में पालतू पशुपालकों को भी लाभ मिल सके।

शुभारंभ के अवसर पर ये मौजूद रहे:

पार्षद वार्ड 79 उस्मान, पार्षद वार्ड 75 सबा खान, वार्ड 81 जीनस अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव पशु कल्याण अधिकारी डॉ राजेश वर्मा, अधिशासी अभियंता बिजेंद्र पाल सिंह, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामानंद त्यागी, मीडिया सहायक अहसान रब, स्टेनो देश दीपक सतीश, डॉ तरुण शर्मा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »