मोहाली: पंजाब फिल्म एंड मीडिया कमेटी के चेयरमैन Dinesh Auluck ने पंजाबी फिल्मों और वेब सीरीज के लिए नई सब्सिडी और प्रोत्साहन योजना शुरू करने पर पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री का दिल से धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि यह रचनात्मक उद्योग के लिए एक ऐतिहासिक कदम है और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री लंबे समय से ऐसे समर्थन का इंतजार कर रही थी।
दिनेश औलक ने कहा कि उद्योग मंत्री Sanjeev Arora और इन्वेस्ट पंजाब के सीईओ Amit Dhaka की इस घोषणा से फिल्म निर्माताओं, प्रोड्यूसरों और कलाकारों में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि इस पहल से पंजाबी कंटेंट बनाने को बढ़ावा मिलेगा और पंजाब की संस्कृति, भाषा और प्रतिभा को दुनिया भर में पहचान मिलेगी।

नई नीति के तहत सरकार ने फिल्म स्टूडियो और फिल्म सिटी के लिए 10 करोड़ रुपये तक की पूंजी सब्सिडी और फिल्मों व वेब सीरीज के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये तककी वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। दिनेश औलक ने कहा कि इससे फिल्म निर्माता पंजाब में शूटिंग और प्रोडक्शन करने के लिए ज्यादा प्रेरित होंगे।
उन्होंने सरकार की अन्य औद्योगिक योजनाओं की भी सराहना की। इनमें आईटी आईटीईएस और जीसीसी सेक्टर के लिए 125% प्रोत्साहनऔर रेंटल सब्सिडी, स्वास्थ्य क्षेत्र में अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के लिए 50 करोड़ रुपये तककी सहायता, पर्यटन ढांचे केलिए 5 करोड़ रुपये तककी सब्सिडी और उच्चशिक्षा संस्थानों के लिए 50 करोड़ रुपये तक के प्रोत्साहन शामिल हैं।
दिनेश औलक ने कहा कि इन योजनाओं से पंजाब में कई क्षेत्रों को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि फिल्म इंडस्ट्री भी सरकार के इस विजन का समर्थन करेगी और ऐसे सार्थक कंटेंट बनाएगी जो लोगों का मनोरंजन करने के साथ-साथ पंजाब की समृद्ध संस्कृति को भी दुनिया के सामने पेश करेगा।